Micro Vacation Trend: भागदौड़ भरी जिंदगी, लगातार बढ़ता स्क्रीन टाइम और काम के दबाव के बीच अब लंबी छुट्टियों का इंतजार करना युवाओं को पसंद नहीं आ रहा है। खासकर Gen Z यानी 18 से 30 साल के युवा अब 'माइक्रो-वेकेशन' की ओर तेजी से आकर्षित हो रहे हैं। माइक्रो-वेकेशन यानी सिर्फ 2 से 3 दिन की छोटी लेकिन रिफ्रेशिंग ट्रिप। जिसमें कम बजट, कम प्लानिंग और ज्यादा रिलैक्सेशन शामिल होता है। यही वजह है कि वीकेंड ट्रैवल का ट्रेंड तेजी से बढ़ रहा है। आइए जानते हैं क्या है ये नए दौर का ट्रैवल ट्रेंड (Gen z Travel) ?
क्या है माइक्रो-वेकेशन
लंबी छुट्टियां और बड़ी ट्रिप की प्लानिंग आसान नहीं होती है। इसलिए माइक्रो-वेकेशन आज काफी पॉपुलर हो रहा है। ये ऐसी छोटी यात्राएं होती हैं जो आमतौर पर वीकेंड या 2-3 दिन की छुट्टियों में पूरी की जाती हैं। इसमें लोग अपने शहर के आसपास किसी हिल स्टेशन, बीच, रिसॉर्ट, कैफे टाउन या एडवेंचर डेस्टिनेशन पर चले जाते हैं। इस नए ट्रेवल ट्रेंड की सबसे खास बात यह है कि इसमें लंबी प्लानिंग, भारी खर्च और कई दिनों की छुट्टी लेने की जरूरत नहीं पड़ती है।
Gen Z को पसंद आया ये ट्रेंड
Gen Z ऐसी पीढ़ी है जो 'वर्क-लाइफ बैलेंस' को बेहद अहम मानती है। वे लंबे समय तक तनाव में रहने के बजाय छोटे-छोटे ब्रेक लेकर खुद को रिचार्ज और रिफ्रेस करना पसंद करते हैं। सोशल मीडिया ने भी इस ट्रेंड को काफी बढ़ावा दिया है। इंस्टाग्राम रील्स और ट्रैवल व्लॉग देखकर युवा नई जगहों को एक्सप्लोर करने के लिए प्रेरित हो रहे हैं।
इसके इसके साथ ही आज के युवाओं को एक्सपीरियंस ज्यादा पसंद हैं। वे महंगी चीजें खरीदने से ज्यादा ट्रैवल, कैफे कल्चर, नेचर स्टे और लोकल फूड का स्वाद चखना चाहते हैं। यही कारण है कि आज माइक्रो-वेकेशन तेजी से पॉपुलर हो रहा है।
कम बजट में शानदार ट्रिप
माइक्रो-वेकेशन की लोकप्रियता की एक बड़ी वजह इसका बजट-फ्रेंडली होना भी है। आज कई युवा ऐसे ट्रिप्स चुन रहे हैं जिनमें ट्रेन, बस या रोड ट्रिप से आसानी से पहुंचा जा सके। ऐसे में 5 से 10 हजार रुपये का बजट बनाकर भी आराम से माइक्रो ट्रिप प्लान कर सकते हैं।
वर्क फ्रॉम होम और हाइब्रिड जॉब कल्चर ने भी इस ट्रैवल ट्रेंड को आसान बना दिया है। आज कई लोग 'वर्केशन' और माइक्रो-वेकशन को मिलाकर ट्रिप प्लान कर रहे हैं, जहां वे काम के साथ घूमने का भी आनंद लेते हैं।
वीकेंड डेस्टिनेशन बने पहली पसंद
दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु और पुणे जैसे बड़े शहरों में रहने वालों युवाओं को इन शहरों के आसपास मौजूद छोटे हिल स्टेशन और नेचर स्पॉट खूब पसंद आ रहे हैं। यही कारण है कि अब वीकेंड पर ऋषिकेश, कसोल, जयपुर, लोनावला, कूर्ग और उदयपुर जैसे स्थानों पर ट्रैवलर्स की भीड़ देखने को मिलती है।
बदल रहा है ट्रैवल का तरीका
माइक्रो-वेकेशन का यह ट्रेंड दिखाता है कि आज की युवा पीढ़ी ट्रैवल को सिर्फ छुट्टी नहीं मानती बल्कि लाइफस्टाइल का हिस्सा मानने लगी है। कम समय में ज्यादा खुशी और मेंटल पीस देने वाली ये छोटी यात्राएं आने वाले समय में और ज्यादा लोकप्रिय हो सकती हैं। Gen Z के लिए अब छोटी ट्रिप - बड़ा रिलैक्सेशन नया ट्रैवल मंत्र बन चुका है।
