शहर

MP के खरगोन में कच्चे तेल से भरे टैंकर में जोरदार धमाका, 500 मीटर दूर गिरे परखच्चे; एक ने तोड़ा दम, दो की हालत गंभीर

Khargone Tanker Blast: मध्य प्रदेश के खरगोन जिले में रविवार को कच्चे तेल से भरे एक टैंकर में विस्फोट हो जाने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि टैंकर चालक और वेल्डिंग मैकेनिक गंभीर रूप से घायल हो गए।

Image

खरगोन में जोरदार धमाका (प्रतीकात्मक तस्वीर)

Khargone Tanker Blast: मध्य प्रदेश के खरगोन जिले में रविवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, कच्चे तेल से भरे टैंकर में विस्फोट हो जाने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि टैंकर चालक और वेल्डिंग मैकेनिक गंभीर रूप से घायल हो गए। धमाका इतना जबरदस्त था कि टैंकर के परखच्चे 500 मीटर दूर तक जा गिरे और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

500 मीटर दूर जा गिरे परखच्चे

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि जिले के कसरावद क्षेत्र के मगरखेड़ी गांव में वेल्डिंग के दौरान यह हादसा हुआ। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि टैंकर के लोहे के टुकड़े करीब 500 मीटर दूर तक जा गिरे। बताया जा रहा है कि धमाका इतना जोरदार था कि दूर-दूर तक इसकी आवाज सुनाई दी।

क्या है पूरा मामला?

खलटांका चौकी प्रभारी मिथुन चौहान ने बताया कि मुंबई-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे स्थित एक वेल्डिंग वर्कशॉप में टैंकर के पिछले हिस्से की मरम्मत का काम किया जा रहा था। इसी दौरान अचानक जोरदार विस्फोट हो गया। उन्होंने कहा कि धमाके की आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए।

हादसे में एक की मौत

मिथुन चौहान ने बताया कि हादसे के समय पास में बकरियां चरा रहे मगरखेड़ी निवासी 45 वर्षीय भीम रोकड़े भी घायल हो गए। उन्हें तत्काल ठिकरी स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि हादसे में टैंकर चालक और वेल्डिंग मैकेनिक भी गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया गया है।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ता author

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स ... और देखें

End of Article