IRCTC: भारतीय रेलवे की सहायक कंपनी आईआरसीटीसी ने- 'डैशिंग दार्जिलिंग-गंगटोक एयर टूर पैकेज' नाम से बेहद ही आकर्षक और किफायती टूर पैकेज (IRCTC package) लॉन्च किया है। इस टूर में आपको पहाड़ों की खूबसूरती, ठंडी वादियां, बौद्ध मठ, चाय के बागान और हिमालय के मनमोहक नजारे देखने का मौका मिलेगा। 6 दिन की ये ट्रिप रहने वाली है।
पहला दिन: लखनऊ से बागडोगरा होते हुए कालिम्पोंग
15 जून 2026 को सुबह लखनऊ एयरपोर्ट से फ्लाइट पकड़कर आप बागडोगरा पहुंचेंगे। वहां आईआरसीटीसी टीम आपका स्वागत करेगी और फिर खूबसूरत पहाड़ी रास्तों से होते हुए कालिम्पोंग के लिए रवाना होंगे। करीब 3 घंटे के सफर के बाद होटल पहुंचकर आराम करें। रात का खाना और ठहरने की व्यवस्था होटल में रहेगी।
दूसरा दिन: कालिम्पोंग से गंगटोक
सुबह नाश्ते के बाद होटल से चेकआउट करके कालिम्पोंग की खूबसूरत जगहों की सैर करेंगे। यहां पाइन व्यू फ्लावर नर्सरी, गोल्फ कोर्स और दुर्पिन धारा हिल्स जैसी शानदार जगहें देखने को मिलेंगी। दोपहर में गंगटोक के लिए रवाना होंगे, जो सिक्किम की बेहद खूबसूरत राजधानी है। होटल पहुंचकर आराम करें। रात का खाना और ठहराव गंगटोक में होगा।
तीसरा दिन: त्सोमगो झील और बाबा हरभजन सिंह मेमोरियल
सुबह जल्दी नाश्ता करने के बाद त्सोमगो झील और बाबा हरभजन सिंह मेमोरियल घूमने निकलेंगे। बर्फीली पहाड़ियों के बीच बनी यह झील सर्दियों में पूरी तरह जम जाती है और यहां का नजारा किसी सपने जैसा लगता है। दिनभर घूमने के बाद शाम को वापस गंगटोक लौटेंगे। रात का खाना और होटल में आराम।
चौथा दिन: गंगटोक घूमना और दार्जिलिंग रवाना
सुबह नाश्ते के बाद गंगटोक की मशहूर जगहों की सैर करेंगे। इसमें एंचे मठ, हनुमान टोक, गणेश टोक, ताशी व्यू प्वाइंट और फ्लावर एग्जीबिशन शामिल हैं। इसके बाद दार्जिलिंग के लिए रवाना होंगे, जिसे पहाड़ों की रानी कहा जाता है। शाम को आप चाहें तो दार्जिलिंग मॉल रोड और चौरास्ता घूम सकते हैं। यहां का माहौल, कैफे और पहाड़ों के नजारे आपका दिल जीत लेंगे। रात का खाना और ठहरना दार्जिलिंग में होगा।
पांचवां दिन: दार्जिलिंग लोकल साइटसीइंग
सुबह बहुत जल्दी टाइगर हिल के लिए निकलेंगे, जहां से कंचनजंगा पर पड़ती सूरज की पहली किरणों का अद्भुत नजारा देखने को मिलेगा। लौटते समय घूम मठ और बतासिया लूप भी देखेंगे। होटल में नाश्ते के बाद जापानी मंदिर, हिमालयन माउंटेनियरिंग इंस्टीट्यूट, जूलॉजिकल पार्क, तिब्बती हैंडीक्राफ्ट सेंटर, तेनजिंग रॉक और चाय बागान जैसी जगहों की सैर करेंगे। शाम को होटल लौटकर डिनर और आराम।
छठा दिन: दार्जिलिंग से बागडोगरा और फिर लखनऊ वापसी
सुबह नाश्ते के बाद थोड़ा फ्री टाइम मिलेगा ताकि आप पैकिंग और अपनी बाकी तैयारियां कर सकें। इसके बाद बागडोगरा एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे और वहां से लखनऊ की फ्लाइट पकड़ेंगे। इसी के साथ आपकी यह खूबसूरत यात्रा ढेर सारी यादों के साथ खत्म होगी।
खर्चा और बुकिंग से रिलेटेड अहम जानकारी
सिंगल शेयरिंग में ये ट्रिप करते हैं तो इसके लिए आपको 84750 रुपए खर्च करने होंगे। डबल शेयरिंग में प्रति व्यक्ति किराया 67500 वहीं ट्रिपल शेयरिंग में प्रति व्यक्ति किराया 64700 रुपए रखा गया है। 5 से 11 साल तक के बच्चे के लिए किराया 59300 रुपए तय किया गया है। इस पैकेज का कोड NLA156 है। आईआरसीटीसी की वेबसाइट या फिर मोबाइल एप्प के माध्यम से आप पैकेज की बुकिंग कर सकते हैं। ज्यादा जानकारी के लिए आप इस नंबर- 8287930911 पर संपर्क कर सकते हैं।
