Monsoon 2026: देश के ज्यादातर भागों में मानसून रविवार को कमजोर रहा, हालांकि उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर के राज्यों में भारी बारिश हुई। मौसम विभाग ने रविवार को जारी अपने दैनिक बुलेटिन में अगले 2-3 दिनों के दौरान पूर्वोत्तर भारत, पश्चिम बंगाल और बिहार में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने का पूर्वानुमान व्यक्त किया है। इसके अलावा, अगले 4-5 दिनों में पूर्वी उत्तर प्रदेश में छिटपुट स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है। IMD ने अगले 6-7 दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिम, पश्चिम-मध्य और दक्षिणी प्रायद्वीपीय भारत में मानसून के कमजोर रहने का पूर्वानुमान जताया है। मौसम विभाग ने उत्तराखंड में भारी से बहुत भारी बारिश के पूर्वानुमान को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है। उत्तराखंड में भारी बारिश के कारण जगह-जगह भूस्खलन होने से दो राष्ट्रीय राजमार्ग सहित 126 मार्ग अवरुद्ध हो गए हैं, जबकि देहरादून में एक निर्माणाधीान भवन की दीवार ढहने से एक महिला घायल हो गई।
3 दिन से ऋषिकेश-यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग बंद
राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (एसईओसी) के अनुसार, स्यानाचट्टी में हुए भूस्खलन के कारण पिछले तीन दिन से ऋषिकेश-यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग बंद है। हिमाचल प्रदेश में भी बारिश का दौर जारी रहा और राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। मंडी जिले के जोगिंदरनगर में शनिवार शाम से पिछले 24 घंटे में 60 मिलीमीटर बारिश हुई। मनाली में 45 मिमी, सराहन में 38.5 मिमी, रोहड़ू में 25 मिमी और शिमला में 19 मिमी बारिश दर्ज की गई। शिमला शहर की जीवनरेखा माने जाने वाले कार्ट रोड पर कुछ घंटों के लिए यातायात ठहर गया, जब हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी (एचपीसीसी) मुख्यालय के सामने लिफ्ट के पास सड़क पर मलबा और पेड़ गिर गया।
दिल्ली में ऐसा रहा मौसम का हाल
राजधानी दिल्ली में पिछले 24 घंटे के दौरान अधिकतम तापमान 35-36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26-28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिल्ली के कुछ हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से 1.6 से 3 डिग्री सेल्सियस अधिक जबकि बाकी हिस्सों में यह सामान्य रहा। आईएमडी ने अगले सात दिनों तक दिल्ली में अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होने का अनुमान जताया है। दिल्ली में रविवार को वायु गुणवत्ता खराब श्रेणी में पहुंच गई और एक्यूआई 261 दर्ज किया गया, जो पिछले 85 दिनों में सबसे अधिक है। आईएमडी अनुसार, अधिकतम तापमान 36.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.3 डिग्री सेल्सियस अधिक है, लेकिन शाम साढ़े पांच बजे 45.7 डिग्री सेल्सियस जितनी तपिश महसूस हुई। एक्यूआई (वायु गुणवत्ता सूचकांक) का यह स्तर 17 अप्रैल के बाद सबसे अधिक है। उस दिन एक्यूआई 263 दर्ज किया गया था।
यूपी में बारिश और गरज के साथ छींटे पड़ने का पूर्वानुमान
वहीं उत्तर प्रदेश में रविवार को ज्यादातर जगहों पर बारिश नहीं हुई, जहां अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 36 डिग्री सेल्सियस और 26 डिग्री सेल्सियस रहा। खासतौर से राज्य के पूर्वी जिलों में, जहां बारिश हुई, तापमान सामान्य रहा। स्थानीय मौसम कार्यालय ने अगले 24 घंटे के दौरान पूर्वी उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर और राज्य के पश्चिमी हिस्से में छिटपुट स्थानों पर बारिश और गरज के साथ छींटे पड़ने का पूर्वानुमान किया है। मौसम विभाग के जिलेवार आंकड़ों के अनुसार, बारिश के इस मौसम में अब तक उत्तर प्रदेश में दक्षिण-पश्चिम मानसून सामान्य से कम रहा है। राज्य में 1 जून से 12 जुलाई के बीच कुल 158.8 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि सामान्य बारिश 190.9 मिमी होनी चाहिए थी। इस तरह बारिश में 17 प्रतिशत की कमी देखी गई।
राजस्थान में एक सप्ताह तक मानसून कमजोर
राजस्थान में शुष्क मौसम का दौर जारी रहा, जिससे राज्य के तापमान में बढ़ोतरी हुई। श्रीगंगानगर राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 41.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बीकानेर में 39.3 डिग्री, बाड़मेर और जैसलमेर में 39-39 डिग्री तथा चूरू में 37.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। आईएमडी के अनुसार, राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में अगले एक सप्ताह तक मानसून की गतिविधियां कमजोर रहने की संभावना है। पूर्वी राजस्थान में अगले पांच-छह दिनों तक मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। हालांकि, शेखावाटी क्षेत्र, जयपुर और भरतपुर संभाग के कुछ हिस्सों में 13 से 15 जुलाई के बीच हल्की बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने पश्चिमी राजस्थान में धूल भरी आंधी चलने की चेतावनी भी जारी की है। IMD ने कहा कि अगले दो-तीन दिनों के दौरान जोधपुर और बीकानेर संभाग के कुछ हिस्सों में 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी आंधी चलने की संभावना है।
पश्चिम बंगाल में कई हिस्सों में भारी बारिश का दौर
पश्चिम बंगाल के कई हिस्सों में भारी बारिश हुई है। आईएमडी के अनुसार, सक्रिय मानसून के कारण 14 जुलाई तक राज्य के कुछ जिलों में भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के उप-हिमालयी जिलों में पिछले कुछ दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश के बाद 14 जुलाई तक भारी वर्षा जारी रहने की संभावना है। दक्षिण बंगाल के बांका, बीरभूम, पूर्वी और पश्चिमी बर्धमान, नदिया तथा मुर्शिदाबाद जिलों में भी 14 जुलाई तक भारी बारिश हो सकती है जबकि अन्य जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। आईएमडी के आंकड़ों के अनुसार, रविवार सुबह 8.30 बजे तक के पिछले 24 घंटे में कूचबिहार जिले के पुंडीबाड़ी में राज्य में सबसे अधिक 89 मिमी बारिश दर्ज की गई।
