देश

'क्या इसे लव जिहाद मानें?' आमिर खान की तीसरी शादी पर नितेश राणे का सवाल, हिंदू समाज को दी नसीहत

Nitesh Rane Statement Aamir Khan: महाराष्ट्र के भाजपा विधायक नितेश राणे ने बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान की तीसरी शादी पर विवादित बयान देते हुए इसे 'लव जिहाद' से जोड़ दिया है। शिरडी में मीडिया से बात करते हुए राणे ने पूछा कि क्या आमिर खान इस प्रवृत्ति के 'ब्रांड एंबेसडर' बन रहे हैं?

Image

आमिर खान और गौरी स्प्रैट की शादी पर महाराष्ट्र के नेता का तीखा वार (फाइल फोटो)

Photo : PTI

Nitesh Rane Statement Aamir Khan: बॉलीवुड के 'मिस्टर परफेक्शनिस्ट' कहे जाने वाले अभिनेता आमिर खान इन दिनों अपनी निजी जिंदगी को लेकर सुर्खियों में हैं। हाल ही में उन्होंने तीसरी बार शादी (Aamir Khan third marriage Gauri Spratt) के बंधन में बंधने का फैसला किया, लेकिन अब उनके इस फैसले पर राजनीतिक गलियारों से तीखी प्रतिक्रियाएं आनी शुरू हो गई हैं। महाराष्ट्र से सत्तारूढ़ भाजपा के विधायक नितेश राणे ने आमिर खान की इस तीसरी शादी पर सरेआम सवाल खड़े कर दिए हैं और इसे 'लव जिहाद' के नजरिए से देखने की बात कही है।

अहिल्यानगर जिले के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल शिरडी पहुंचे नितेश राणे ने पत्रकारों से बातचीत में आमिर खान पर सीधा निशाना साधा। राणे ने कहा कि जब देश की इतनी बड़ी और जानी-मानी हस्तियां अपनी निजी जिंदगी में इस तरह के फैसले लेती हैं, तो हिंदू समाज को इस पर गहराई से सोचना चाहिए। उन्होंने आगे सवाल उठाते हुए कहा, "लव जिहाद का ब्रांड एंबेसडर कौन है?

क्या आमिर खान ऐसे व्यक्ति नहीं बनते जा रहे हैं? जो हिंदू युवा उनकी फिल्में थियेटर में जाकर देखते हैं, उन्हें ऐसे अभिनेताओं को बड़ा स्टार बनाने से पहले सौ बार विचार करना चाहिए।" राणे के मुताबिक, अब जनता के बीच यह चर्चा धीरे-धीरे जोर पकड़ रही है कि क्या इस शादी को दूसरे नजरिए से देखा जाना चाहिए।

5 जुलाई को हुई थी शादी

आपको बता दें कि आमिर खान ने इसी महीने की 5 तारीख को मुंबई के बांद्रा स्थित अपने पाली हिल निवास पर एक बेहद निजी और पारिवारिक समारोह में गौरी स्प्रैट के साथ विवाह किया था। यह आमिर खान की तीसरी शादी है। इससे पहले उन्होंने पहली शादी रीना दत्ता से और दूसरी शादी मशहूर फिल्म निर्माता किरण राव से की थी, और दोनों से ही उनका तलाक हो चुका है।

अभी तक आमिर खान का नहीं आया बयान

नितेश राणे की इस तीखी और विवादित टिप्पणी पर अभी तक अभिनेता आमिर खान या उनकी टीम की तरफ से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया या बयान सामने नहीं आया है। बहरहाल, इस बयान ने एक बार फिर बॉलीवुड सितारों की निजी जिंदगी और राजनीति के बीच की बहस को सोशल मीडिया पर गरमा दिया है।

monu jha
मोनू झा author

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कं... और देखें

End of Article