Hiking Vs Trekking (हाइकिंग और ट्रेकिंग में क्या अंतर होता है): अगर आप प्रकृति प्रेमी हैं और पहाड़ों की सैर का शौक रखते हैं, तो आपने हाइकिंग और ट्रेकिंग जैसे शब्द जरूर सुने होंगे। न केवल सुने बल्कि आप हाइकिंग तो ट्रेकिंग पर गए भी होंगे। हालांकि गौरतलब है कि, कई लोग इन दोनों को एक ही समझ लेते हैं, लेकिन बता दें कि यह दोनों एक्टिविटीज काफी अलग होती हैं। ऐसे में अगर आप भी हाइकिंग या ट्रेकिंग के फैन हैं और इन दोनों के बीच का अंतर जानना चाहते हैं, तो ये लेख आपके काम का हो सकता है। यहां देखें कि आखिर दोनों में मुख्य फर्क क्या है और साथ ही साथ आपके लिए कौन सी एक्टिविटी सबसे ज्यादा सही रह सकती है।
हाइकिंग क्या है, What is Hiking
हाइकिंग एक आउटडोर एक्टिविटी है, जिसमें आमतौर पर पहाड़ियों, जंगलों या नदी किनारे बने ट्रैक पर पैदल यात्रा की जाती है। आमतौर पर यह कम दूरी और आसान रास्तों पर की जाती है, जिसमें ज्यादा तैयारी की जरूरत नहीं होती। बता दें कि, हाइकिंग आमतौर पर एक दिन में पूरी हो जाती है और ये शुरुआती लोगों के लिए यानि की बिगिनर्स के लिए बेहतर मानी जाती है।
ट्रेकिंग क्या है, What is Trekking
ट्रेकिंग हाइकिंग से ज्यादा चुनौतीपूर्ण होती है। इसमें लंबी दूरी तय की जाती है और कई बार यह कई दिनों तक चलती है। ट्रेकिंग के दौरान ऊंचे पहाड़ों, कठिन रास्तों और जंगली इलाकों से गुजरना पड़ता है। इसमें अच्छी फिजिकल फिटनेस, प्लानिंग और सही उपकरणों की जरूरत होती है। हिमालय जैसे ऊंचे पर्वतों पर की जाने वाली ट्रेक यात्राएं इसका बेहतरीन उदाहरण हैं।
Difference Between Trekking And Hiking
1. दूरी और समय: हाइकिंग छोटी और आसान होती है, जबकि ट्रेकिंग लंबी और मुश्किल।
2. स्थान: हाइकिंग अक्सर नजदीकी पहाड़ियों या पार्क तो ऊंचे टीलों में होती है, जबकि ट्रेकिंग दूरदराज के पहाड़ों या जंगलों में।
3. तैयारी: हाइकिंग के लिए सिर्फ अच्छे जूते और पानी की बोतल चाहिए, जबकि ट्रेकिंग में टेंट, खाने-पीने का सामान और अन्य जरूरी सामान ले जाना पड़ता है।
4. फिटनेस: ट्रेकिंग के लिए अच्छी फिजिकल और मेंटल स्टैमिना चाहिए, जबकि हाइकिंग कोई भी कर सकता है।
कौन सी एक्टिविटी चुनें?
अगर आप शुरुआत कर रहे हैं या कम समय में एडवेंचर का मजा लेना चाहते हैं, तो हाइकिंग आपके लिए बहुत ही बेहतर ऑप्शन हो सकता है। लेकिन अगर आपको चुनौती पसंद है और आप लंबी यात्रा का अनुभव लेना चाहते हैं, तो ट्रेकिंग आपके लिए सही विकल्प हो सकती है। हालांकि शुरुआती दौर में छोटे ट्रेक्स पर जाने का प्रयास करें, वो भी किसी गाइड के साथ। लेकिन आपको ये दोनों ही जिंदगी में एक न एक बार ट्राई करना ही करना चाहिए।
