यात्रा

World Rhino Day 2026: वाइल्डलाइफ सफारी के हैं शौकीन? भारत में गैंडा देखने के लिए यहां जाएं, दुनिया भर से आते हैं टूरिस्ट्स

World Rhino Day 2026, Wildlife Safari in India: भारत का एक सींग वाला गैंडा वाइल्डलाइफ प्रेमियों के लिए बेहद खास आकर्षण है। असम से लेकर पश्चिम बंगाल तक कुछ जंगलों में इसे प्राकृतिक वातावरण में देखा जा सकता है। जानिए भारत के उन प्रमुख ठिकानों के बारे में।

Image

World Rhino Day भारत में गैंडा कहां देखें

World Rhino Day 2026, Wildlife Safari in India: भारत में वाइल्डलाइफ सफारी का मतलब सिर्फ शेर-चीता देखना नहीं है। अगर आपकी नजर जंगल के उस विशाल जीव को खोजने पर है, जिसके शरीर पर कवच जैसी चमड़ी और चेहरे पर एक सींग होता है, तो गैंडा सफारी आपके लिए अलग अनुभव हो सकती है। 22 सितंबर को मनाया जाने वाला World Rhino Day इसी शानदार वन्यजीव के संरक्षण और उसके सामने मौजूद खतरों के प्रति जागरूकता बढ़ाने का मौका है।

भारत में मिलने वाला ग्रेटर वन-हॉर्न्ड राइनो यानी एक सींग वाला गैंडा मुख्य रूप से पूर्वोत्तर के घास के मैदानों और तराई वाले इलाकों में पाया जाता है। कुछ राष्ट्रीय उद्यानों और वन्यजीव अभयारण्यों में सफारी के दौरान गैंडे को आप उसके नेचुरल हैबिटेट में देख सकते हैं। तो अगर अगली छुट्टी में आपकी योजना जंगल सफारी करने की हो, तो इन जगहों को इन जगहों पर विजिट कर सकते हैं।

काजीरंगा नेशनल पार्क, असम

अगर भारत में गैंडा देखने की बात हो तो काजीरंगा नेशनल पार्क का नाम सबसे पहले आता है। यह असम में स्थित विश्व धरोहर स्थल है और ग्रेटर वन-हॉर्न्ड राइनो की दुनिया की सबसे बड़ी आबादी का घर है।

यहां खुले घास के मैदान, दलदली क्षेत्र और जंगल सफारी को खास बनाते हैं। हाथी सफारी और जीप सफारी के दौरान गैंडे दिखाई दे सकते हैं, हालांकि जंगल में वन्यजीव दिखना हमेशा निश्चित नहीं होता।

दिलचस्प बात यह है कि काजीरंगा केवल पर्यटकों के लिए देखने की जगह नहीं, बल्कि संरक्षण की बड़ी कहानी भी है। जनवरी 2026 में दो पुनर्वासित गैंडों को काजीरंगा में वापस जंगल में छोड़ा गया था।

पोबितोरा वन्यजीव अभयारण्य

असम का पोबितोरा वन्यजीव अभयारण्य आकार में काजीरंगा से छोटा है, लेकिन गैंडों के लिए बेहद महत्वपूर्ण इलाका है। यहां की घासभूमि और आर्द्रभूमि इस विशाल जीव के लिए उपयुक्त वातावरण तैयार करती हैं।

अगर आप गुवाहाटी की यात्रा पर हैं और वन्यजीव अनुभव जोड़ना चाहते हैं, तो पोबितोरा एक विकल्प हो सकता है। यहां सफारी के दौरान गैंडे के साथ अन्य जंगली जीवों को देखने का मौका भी मिल सकता है।

ओरंग नेशनल पार्क, असम

असम का ओरंग नेशनल पार्क भी ग्रेटर वन-हॉर्न्ड राइनो के महत्वपूर्ण इलाकों में शामिल है। संरक्षण से जुड़े स्रोत असम में काजीरंगा के साथ ओरंग और पोबितोरा को इस प्रजाति के मौजूदा आवासों में गिनते हैं। यहां की घासभूमि और ब्रह्मपुत्र से जुड़ा प्राकृतिक परिदृश्य सफारी को खास बना देता है।

जलदापारा नेशनल पार्क, पश्चिम बंगाल

असम के बाहर गैंडा देखना चाहते हैं तो पश्चिम बंगाल का जलदापाड़ा नेशनल पार्क भी जाना-पहचाना ठिकाना है। यहां एक सींग वाले गैंडे के साथ हाथी और कई दूसरे वन्यजीव भी देखे जा सकते हैं।

Avni Bagrola
अवनी बागरोलाauthor

अवनी बागरोला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के लाइफस्टाइल सेक्शन में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। फैशन, ब्यूटी, ट्रेंड्स, पर्सनल स्टाइलिंग और मॉडर्न लाइफस्टाइल से जुड़े कंटेंट पर उनकी मजबूत पकड़ उन्हें जेन Z और स्टाइल-सेवी ऑडियंस के बीच खास पहचान दिलाती है। अवनी की लेखन शैली सरल, ट्रेंडी और यूज़र-फ्रेंडली है, जो पाठकों को तेजी से बदलते फैशन व लाइफस्टाइल ट्रेंड्स को समझने में मदद करती है। अब तक 3000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुकी अवनी क्रिएटिव अप्रोच, अपडेटेड नॉलेज और रियल-टाइम ट्रेंड सेंस के लिए जानी जाती हैं।

और पढ़ें
End of Article