यात्रा

विदेशियों की रुचि बढ़ी, यह राज्य बना देश का दूसरा सबसे हिट डेस्टिनेशन, जानें क्यों जाएं घूमने

West Bengal Tourism: पश्चिम बंगाल धीरे-धीरे पर्यटकों की बकेट लिस्ट में ऊपर चढ़ रहा है। पश्चिम बंगाल देश का टूरिस्ट हॉटस्पॉट्स कैसे बन गया उसके बारे में यहां डिटेल में बताया गया है। इसके अलावा अगर आप भी पश्चिम बंगाल का ट्रिप प्लान कर रहे हैं, तो कुछ चीजें हैं जो आपको जरूर करनी चाहिए।

Image

पश्चिम बंगाल देश का दूसरा सबसे हिट डेस्टिनेशन

India Travel Trends 2025: पश्चिम बंगाल धीरे-धीरे देश के टूरिस्ट हॉटस्पॉट्स में ऊपर चढ़ रहा है। यूनियन टूरिज्म मिनिस्ट्री के डेटा के अनुसार पश्चिम बंगाल अब महाराष्ट्र के बाद अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों के लिए भारत का दूसरा सबसे ज्यादा देखा जाने वाला राज्य बन गया है। गौर करने वाली बात ये है कि पश्चिम बंगाल ने बड़े-बड़े प्रचार या सीधे अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट्स पर निर्भर नहीं किया।

इसकी बढ़ती लोकप्रियता का कारण लोगों द्वारा पश्चिम बंगाल के अपने अनुभव को शेयर करना, कल्चर और हेरिटेज में दिलचस्पी और यहां के त्योहारों का आकर्षण है। साल 2024 में यहां 31 लाख अंतरराष्ट्रीय पर्यटक आए, जो 2023 के 27 लाख की तुलना में ज्यादा है। जनवरी से जून तक ही 27 लाख से ज्यादा विदेशी पर्यटक यहां आ चुके थे।

ज्यादातर यात्री यूरोप और अमेरिका से यहां आ रहे हैं। अमेरिका से 80,647 रूस से 79,758 ब्रिटेन से 77,792 और इटली से 64,225 लोग यहां आए। मजेदार बात ये है कि पश्चिम बंगाल की इन देशों से कोई डायरेक्ट फ्लाइट नहीं है, फिर भी लोग यहां सिर्फ कल्चर और एक्सपीरियंस के लिए आ रहे हैं।

अगर आप पश्चिम बंगाल का ट्रिप प्लान कर रहे हैं, तो कुछ चीजें हैं जो आपको जरूर करनी चाहिए:

कोलकाता की पुरानी गलियों में घूमना

कोलकाता में पैदल घूमना सबसे मजेदार है। बस कोई एरिया चुन लें जैसे कॉलेज स्ट्रीट, कुमर्तुली या पार्क स्ट्रीट और निकल जाएं। पुरानी इमारतें, किताबों की दुकानें, कैफे और छोटी-छोटी गलियां शहर को अपनी खासियत देती हैं। बीच-बीच में चाय पी सकते हैं, रोल खा सकते हैं।

दार्जिलिंग की पहाड़ियों में जाना

अगर ठंडी हवा और पहाड़ियों का नजारा पसंद है, तो दार्जिलिंग बेस्ट है। यहां शांति से बैठने की जगहें, सुंदर चाय बागान और बढ़िया सूर्योदय स्पॉट हैं। टाइगर हिल क्लासिक है। आप टॉय ट्रेन की सवारी भी कर सकते हैं। धीरे-धीरे चलने वाली ट्रेन से पहाड़ियों का मज़ा दोगुना हो जाता है।

बंगाली खाना ट्राय करना

खाना पश्चिम बंगाल का अहम हिस्सा है। आप शुरुआत कर सकते हैं लुची-आलू दम, माछेर करी, कोषा मांस या बिरयानी से। और मिठाइयां तो जरूर खाएं-मिठी दही, रसमालाई, रसगुल्ला। ज्यादातर जगहों पर खाना किफायती मिलता है, इसलिए कई चीजें ट्राय कर सकते हैं।

सुंदरबन का एक्सप्लोर करना

सुंदरबन हरा-भरा और शांत है, आम टूरिस्ट स्पॉट से बिल्कुल अलग। यहां आप नाव से नहरों के बीच सफर करेंगे और चारों ओर मैन्ग्रोव जंगल देखेंगे। शायद कुछ दुर्लभ पक्षी, मगरमच्छ या अन्य जंगली जीव भी दिख जाएंगे। ये जगह बहुत शांत और रिफ्रेशिंग है।

prabhat sharma
प्रभात शर्माauthor

प्रभात शर्मा टाइम्स नाउ हिंदी डिजिटल के फीचर डेस्क में कार्यरत ट्रैवल और लाइफस्टाइल राइटर हैं। यात्राओं के प्रति उनका गहरा जुनून और नई जगहों को समझने–परखने की क्षमता उनकी लेखन शैली को बेहद जीवंत और पाठकों से जोड़ने वाली बनाती है। वे ऑफबीट डेस्टिनेशन, लोकल कल्चर, हेरिटेज साइट्स, रोड ट्रिप्स, फूड जर्नी और बजट ट्रैवल जैसे विषयों पर मजबूत पकड़ रखते हैं। प्रभात की स्टोरीज़ सिर्फ जानकारी नहीं देतीं, बल्कि यात्रा के माहौल, भाव और अनुभव को भी महसूस कराती हैं। अब तक 7,000 से अधिक कंटेंट लिख चुके प्रभात अपनी सहज भाषा, प्रामाणिक जानकारी और अनुभव-आधारित दृष्टिकोण के लिए जाने जाते हैं।

और पढ़ें
End of Article