यात्रा

Wellness Tourism: हॉलिडे का नया मतलब, जानें क्यों शांति के लिए हजारों रुपये खर्च करने को तैयार हैं लोग

Wellness Tourism: आज के यात्री सिर्फ लग्जरी कमरे और सुविधाएं नहीं चाहते, बल्कि ऐसा अनुभव चाहते हैं जो उन्हें अंदर से तरोताजा कर सके।

Image

हॉलिडे का नया मतलब साइलेंट टूरिज्म

Wellness Tourism: लगातार काम के दबाव के चलते आज के समय में ज्यादातर लोगों की जिंदगी भागदौड़ भरी हो गई है। शहर की चिल्लम-चिल्ली और भागम-भाग से दूर हर कोई थोड़ा सुकून और शांति चाहता है। यही वजह है कि हश्पिटैलिटी (Hushpitality) ट्रेंड तेजी से बढ़ रहा है। इसका मतलब है ऐसी यात्रा, जहां लोग भीड़भाड़ वाली जगहों के बजाय शांत और आरामदायक जगहों पर समय बिताना पसंद करेंगे। अब बड़ी संख्या में यात्री सिर्फ घूमने-फिरने या ज्यादा से ज्यादा जगहों को कवर करने के लिए यात्रा नहीं करते बल्कि अपनी मानसिक शांति और शरीर को आराम देने के लिए ट्रैवल करना पसंद कर रहे हैं।

शांति अब बन गई है जरूरत

आज शहरों में बढ़ता शोर लोगों की जिंदगी का हिस्सा बन चुका है। ट्रैफिक का शोर, लगातार चल रहे निर्माण कार्य, फोन की घंटियां और सोशल मीडिया की दुनिया ने लोगों के दिमाग को लगातार व्यस्त रखा है। इसका असर हमारी नींद, ध्यान लगाने की क्षमता और मानसिक स्वास्थ्य पर भी पड़ता है। यही वजह है कि अब लोग ऐसी जगहों की तलाश कर रहे हैं, जहां उन्हें प्राकृतिक शांति मिले और कुछ समय के लिए रोजमर्रा के शोर से दूरी बनाई जा सके।

क्या है हश्पिटैलिटी ट्रेंड?

हश्पिटैलिटी का मतलब सिर्फ किसी शांत होटल में कमरा बुक करना नहीं है। यह एक ऐसा पूरा ट्रैवल अनुभव है, जहां शांति और आराम को सबसे ज्यादा महत्व दिया जाता है। इस तरह की जगहों पर लोग प्रकृति के करीब रहना, कम शोर वाले माहौल में समय बिताना और खुद को रिलैक्स करना पसंद करते हैं।

दुनिया में कई जगहों पर अब ऐसे शांत अनुभवों को बढ़ावा दिया जा रहा है। कुछ स्थानों पर मशीनों के शोर को कम किया गया है, ताकि पर्यटक सिर्फ प्रकृति की आवाजों जैसे पक्षियों की चहचहाहट, हवा और पानी की आवाज का आनंद ले सकें।

होटल और रिसॉर्ट भी बदल रहे हैं अपना तरीका

अब सिर्फ प्राकृतिक जगहें ही नहीं, बल्कि होटल और रिसॉर्ट भी इस नए ट्रेंड को अपना रहे हैं। कई जगहों पर शांत कमरों, डिवाइस-फ्री जोन और ऐसे स्पेस बनाए जा रहे हैं, जहां लोग बिना किसी परेशानी के आराम कर सकें। भारत में भी कई रिजॉर्ट और स्टे ऐसे अनुभवों पर ध्यान दे रहे हैं, जहां मेहमानों को कम भीड़, प्राकृतिक माहौल और मानसिक सुकून मिल सके।

शांति बन रही है नई लग्जरी

पहले लग्जरी ट्रैवल का मतलब महंगे होटल, शानदार सुविधाएं और बड़ी-बड़ी चीजें हुआ करता था। लेकिन अब इसका मतलब बदल रहा है। आज लोग ऐसी जगहों पर जाने के लिए पैसे खर्च करने को तैयार हैं, जहां उन्हें कुछ समय के लिए शांति, आराम और तनाव से छुटकारा मिल सके। एक शांत जगह पर बैठकर प्रकृति को महसूस करना, डिजिटल दुनिया से दूरी बनाना और खुद को समय देना अब नई तरह की लग्जरी बनती जा रही है।

prabhat sharma
प्रभात शर्माauthor

प्रभात शर्मा टाइम्स नाउ हिंदी डिजिटल के फीचर डेस्क में कार्यरत ट्रैवल और लाइफस्टाइल राइटर हैं। यात्राओं के प्रति उनका गहरा जुनून और नई जगहों को समझने–परखने की क्षमता उनकी लेखन शैली को बेहद जीवंत और पाठकों से जोड़ने वाली बनाती है। वे ऑफबीट डेस्टिनेशन, लोकल कल्चर, हेरिटेज साइट्स, रोड ट्रिप्स, फूड जर्नी और बजट ट्रैवल जैसे विषयों पर मजबूत पकड़ रखते हैं। प्रभात की स्टोरीज़ सिर्फ जानकारी नहीं देतीं, बल्कि यात्रा के माहौल, भाव और अनुभव को भी महसूस कराती हैं। अब तक 7,000 से अधिक कंटेंट लिख चुके प्रभात अपनी सहज भाषा, प्रामाणिक जानकारी और अनुभव-आधारित दृष्टिकोण के लिए जाने जाते हैं।

और पढ़ें
End of Article