Kainchi Dham Traffic Alert And Diversion Plan: वीकेंड आते ही कैंची धाम, नैनीताल, भवाली और भीमताल की सड़कों पर वाहनों का दबाव तेजी से बढ़ जाता है। खासकर मई-जून के पर्यटन सीजन में हालात ऐसे हो जाते हैं कि कई किलोमीटर लंबा जाम लग जाता है। पर्यटन सीजन और वीकेंड की भारी भीड़ को देखते हुए उत्तराखंड पुलिस ने हल्द्वानी-काठगोदाम और कैंची धाम क्षेत्र में खास ट्रैफिक और डायवर्जन (Uttarakhand traffic advisory) प्लान लागू किया है। 9 और 10 मई 2026 को सुबह 9 बजे से रात 10 बजे तक कई रास्तों पर डायवर्जन रहेगा। कुछ जगहों पर भारी वाहनों की एंट्री पूरी तरह बंद रहेगी, जबकि पर्यटक वाहनों को अलग रूट से भेजा जाएगा। पुलिस का कहना है कि अगर लोग तय समय और रूट को ध्यान में रखकर यात्रा करेंगे, तो लंबे जाम से बच सकते हैं और सफर भी आरामदायक रहेगा।
हल्द्वानी-काठगोदाम में रहेगा सबसे ज्यादा ट्रैफिक
पुलिस के मुताबिक इस वीकेंड हल्द्वानी और काठगोदाम इलाके में सबसे ज्यादा ट्रैफिक दबाव देखने को मिल सकता है। इसी वजह से पर्वतीय क्षेत्रों से हल्द्वानी आने वाले भारी वाहनों पर सुबह 6 बजे से रात 11 बजे तक रोक लगाई गई है। इन वाहनों को एचएमटी, सलड़ी चौकी और अमृतपुर मोड़ की तरफ से डायवर्ट किया जाएगा। वहीं मैदानी इलाकों से पहाड़ की तरफ जाने वाले भारी वाहनों को गोलापार पुराने आरटीओ फिटनेस सेंटर और खेड़ा चौकी के पास रोका जाएगा ताकि शहर के अंदर जाम की स्थिति न बने।
बरेली, रुद्रपुर और पंतनगर से आने वालों के लिए बदला रूट
अगर आप बरेली रोड की तरफ से नैनीताल या कैंची धाम जा रहे हैं, तो आपको तीनपानी फ्लाईओवर, गोलापार रोड और नारीमन तिराहा वाले रूट से भेजा जाएगा। रुद्रपुर और पंतनगर की तरफ से आने वाले वाहनों को भी पंतनगर तिराहा, लालकुआं और तीनपानी फ्लाईओवर होकर आगे बढ़ाया जाएगा। पुलिस का कहना है कि लोग तय रूट का पालन करें, क्योंकि पुराने रास्तों पर ज्यादा ट्रैफिक मिलने की संभावना है।
रामनगर और बाजपुर से आने वाले यात्रियों के लिए भी अलर्ट
रामनगर और बाजपुर की तरफ से आने वाले वाहनों को कालाढूंगी-नैनीताल तिराहा से मंगोली मार्ग की तरफ डायवर्ट किया जाएगा। वहीं पहाड़ से वापस मैदानी इलाकों की ओर लौटने वाले पर्यटक वाहनों को नारीमन तिराहा से गोलापार रोड के रास्ते भेजा जाएगा। शाम 4 बजे से रात 9 बजे के बीच भवाली मस्जिद तिराहा और नैनीताल से आने वाले वाहनों के लिए भी अलग डायवर्जन लागू रहेगा। इस दौरान ट्रैफिक को रूसी बाईपास और मंगोली-कालाढूंगी मार्ग की तरफ मोड़ा जाएगा।
कैंची धाम जाने वालों के लिए पार्किंग और शटल सेवा
हर वीकेंड कैंची धाम में भारी भीड़ उमड़ती है। इसी को देखते हुए इस बार प्रशासन ने पार्किंग और शटल सेवा की खास व्यवस्था की है। जो लोग भीमताल की तरफ से अपने निजी वाहन लेकर कैंची धाम पहुंचेंगे, उनके वाहन भीमताल विकास भवन पार्किंग में खड़े कराए जाएंगे। वहां से श्रद्धालुओं को शटल सेवा के जरिए मंदिर तक भेजा जाएगा। वहीं नैनीताल और गेठिया की तरफ से आने वाले लोगों को भवाली सैनेटोरियम पार्किंग में वाहन पार्क करना होगा। यहां से भी शटल सेवा उपलब्ध रहेगी।
वीकेंड पर दोपहिया और टैक्सी वाहनों पर भी सख्ती
प्रशासन ने साफ किया है कि वीकेंड के दौरान कैंची धाम क्षेत्र में टैक्सी और दोपहिया वाहनों की सीधी एंट्री नहीं होगी। ऐसे वाहनों को पार्किंग स्थल पर रोककर यात्रियों को शटल सेवा से भेजा जाएगा। इसके अलावा दोपहर 2 बजे से रात 10 बजे तक सब्जी, दूध और ईंधन जैसे जरूरी सामान ले जाने वाले भारी वाहनों की आवाजाही भी बंद रहेगी। हालांकि एलपीजी वाहनों को इस प्रतिबंध से बाहर रखा गया है।
सफर आसान बनाना है तो समय का रखें ध्यान
अगर आप जाम से बचना चाहते हैं तो कोशिश करें कि सुबह जल्दी यात्रा शुरू करें। शाम के समय ट्रैफिक सबसे ज्यादा बढ़ने की संभावना है। पुलिस ने लोगों से सीट बेल्ट पहनने, ट्रैफिक नियमों का पालन करने और यात्रा के दौरान धैर्य बनाए रखने की अपील की है। सही प्लानिंग के साथ निकलेंगे तो कैंची धाम का सफर आरामदायक और सुरक्षित दोनों रहेगा।
