Pearl of the Indian Ocean: श्रीलंका एक हरा-भरा द्वीप देश है, जो अपने सुंदर समुद्र तटों के लिए प्रसिद्ध है। यहां की चाय बागानें, ऊंचे पहाड़ और झरने मन को मोह लेते हैं। ऐतिहासिक मंदिर, बौद्ध स्तूप और प्राचीन किलों में श्रीलंका की सांस्कृतिक विरासत झलकती है। याला और उदवालावे जैसे नेशनल पार्कों में दुर्लभ वन्यजीवों का दर्शन होता है। शांत वातावरण, स्वादिष्ट भोजन और प्राकृतिक सुंदरता इसे पर्यटकों का स्वर्ग बनाते हैं। और सबसे खास बात इस जगह का रामायण से जुड़ा होना भी है जिसके चलते भारतीयों का यहां घूमने की ओर झुकाव रहता है। यहां जानें श्रीलंका में देखने की 10 टॉप जगहें और कब जाना बेस्ट रहेगा।
श्रीलंका की टॉप 10 घूमने लायक जगह
1. सिगिरिया रॉक किला
यह एक विशाल चट्टान पर बना प्राचीन किला है और यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल है। यहां भित्तिचित्र, जल उद्यान और महल के खंडहर देखने लायक है।
2. नाइन आर्च ब्रिज
यह ऐतिहासिक रेलवे पुल एला शहर में स्थित है। यह बिना स्टील के बना है। जब यहां से ट्रेन गुजरती है तो दृश्य बेहद आकर्षक नजर आता है।

नाइन आर्च ब्रिज
3. एला
पहाड़ियों और चाय के बागानों से घिरा यह एक शांत गांव है जो एला रॉक और लिटिल एडम्स पीक ट्रेकिंग के लिए प्रसिद्ध है। यहां आप प्राकृतिक सौंदर्य और ठंडी जलवायु का आनंद ले सकते हैं।
4. कैंडी
यह शहर श्रीलंका का सांस्कृतिक केंद्र माना जाता है। यहां स्थित टूथ रिलिक टेम्पल बौद्ध धर्म का पवित्र स्थल है। यहां आने पर रॉयल बॉटनिकल गार्डन और कैंडी झील जरूर देखें।

टुथ टेंपल
5. याला नेशनल पार्क
यह श्रीलंका का सबसे प्रसिद्ध वन्यजीव अभयारण्य है जहां सफारी का भरपूर मजा लिया जा सकता है।
6. मिरिसा बीच
सुनहरी रेत और नीला समुद्र आपको आराम करने का शांत और आरामदायक वातावरण देते हैं। वहीं व्हेल वॉचिंग, स्नॉर्कलिंग और सर्फिंग जैसी एक्टिविटीज आपकी छु्ट्टियों का मजा दोगुना कर देंगी।
7. उनावातुना
यह एक छोटा सा लेकिन बेहद सुंदर समुद्र तटीय गांव है। यहां सफेद रेत, रंगीन मछलियां और कछुए देखने का मौका आप कतई मिस नहीं कर सकते।
8. गाले किला
यह फोर्ट पुर्तगाली और डच वास्तुकला का अद्भुत उदाहरण है। इसे यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल घोषित किया गया है।
9. उदावलावे नेशनल पार्क
यह जगह नेचर लवर्स के लिए स्वर्ग मानी जाती है। यहां पर्यटक खासतौर पर हाथियों के झुंड देखने के लिए आते हैं।

हाथियों को देखने भी श्रीलंका में बहुत टूरिस्ट आते हैं
10. दांबुला गुफा मंदिर
यह 80 से अधिक गुफाओं वाला बौद्ध मंदिर परिसर है जहां आप प्राचीन मूर्तियां भी देख सकते हैं।
श्रीलंका में और भी हैं छुपे रत्न
इसके अलावा आप श्रीलंका में अरुगम बे जा सकते हैं जो बीच सर्फिंग के लिए दुनिया भर में मशहूर है। रावण फॉल्स को रामायण काल से जुड़ा माना जाता है। मान्यता है कि रावण ने सीता जी को यहीं छिपाया था। यहां श्री पद (Adam’s Peak) भी दर्शनीय है। यह धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण पर्वत है जिसे बौद्ध, हिंदू, मुस्लिम और ईसाई सभी धर्म के लोग पवित्र मानते हैं।
श्रीलंका जाने का बेस्ट टाइम क्या है
श्रीलंका की यात्रा के लिए सबसे अच्छा समय इस बात पर निर्भर करता है कि आप द्वीप के किस हिस्से में जाना चाहते हैं। दरअसल इस देश दो मानसून सीजन होते हैं। दक्षिण और पश्चिमी श्रीलंका (जिसमें कोलंबो, गाले, मिरिसा, याला आदि जगहें आती हैं) में जाने का बेस्ट टाइम दिसंबर से मार्च के बीच होता है। पूर्वी और उत्तरी श्रीलंका (त्रिंकोमाली, अरुगम बे, जाफना आदि) जगहें घूमने जाना हो तो मई से सितंबर के बीच का प्लान बनाएं।
अगर आप पूरे श्रीलंका को एक्सप्लोर करना चाहते हैं, तो फरवरी और मार्च का समय बेस्ट रहेगा। इस समय पूरे देश में अच्छा मौसम रहता है।
