यात्रा

Rishikesh Rafting Closed: थम गया ऋषिकेश में राफ्टिंग का रोमांच, जानें कब मिलेगा गंगा की लहरों पर एडवेंचर का मजा

Rishikesh River Rafting Closed: ऋषिकेश में 30 जून की शाम से गंगा रिवर राफ्टिंग बंद हो जाएगी। जुलाई और अगस्त में मानसून के कारण राफ्टिंग पर रोक रहेगी। जानें गंगा की लहरों पर दोबारा रोमांच का मौका कब मिलेगा।

Image

ऋषिकेश में राफ्टिंग बंद, अब कब मिलेगा रोमांच का मौका

Rishikesh River Rafting Closed: अगर आप इन दिनों ऋषिकेश जाकर गंगा में राफ्टिंग करने का प्लान बना रहे हैं, तो थोड़ा रुक जाइए। मंगलवार (30 जून) की शाम से गंगा में राफ्टिंग पूरी तरह बंद हो जाएगी। इसके बाद पूरे जुलाई और अगस्त महीने में पर्यटक इस एडवेंचर एक्टिविटी का लुत्फ नहीं उठा सकेंगे। अगर मौसम ने साथ दिया, तो करीब 15 सितंबर से राफ्टिंग का नया सीजन फिर शुरू होगा।

हर साल क्यों लग जाता है ऋषिकेश राफ्टिंग पर ब्रेक

ऋषिकेश में राफ्टिंग का सीजन मानसून आने के साथ ही खत्म हो जाता है। दरअसल, बरसात में गंगा का जलस्तर तेजी से बढ़ता है और नदी का बहाव काफी उग्र हो जाता है। ऐसे हालात में राफ्टिंग करना जोखिम भरा हो सकता है। इसलिए हर साल जुलाई और अगस्त के दौरान सुरक्षा के लिहाज से इस गतिविधि पर रोक लगा दी जाती है।

दिलचस्प बात यह है कि मानसून जल्दी आए या देर से, नियम यही कहते हैं कि 30 जून के बाद राफ्टिंग बंद कर दी जाएगी। पिछले साल बारिश ज्यादा होने की वजह से यह फैसला 24 जून को ही लेना पड़ा था। हालांकि सरकारी आंकड़े बताते हैं कि बीते कई साल में यह पहली बार हुआ है कि जब राफ्टिंग 30 जून तक जारी रही है। इसकी वजह अभी तक मानसून का जोर ना पकड़ना ही है।

इस बार टूट गया पर्यटकों का रिकॉर्ड

राफ्टिंग बंद होने से पहले इस सीजन ने नया रिकॉर्ड भी बना दिया। इस बार 3.80 लाख से ज्यादा पर्यटकों ने गंगा की लहरों पर राफ्टिंग की है। ये आंकड़े पिछले साल के मुकाबले करीब एक लाख ज्यादा है।

इससे साफ है कि ऋषिकेश आज भी देश के सबसे पसंदीदा एडवेंचर डेस्टिनेशनों में शामिल है। गर्मी की छुट्टियां हों या वीकेंड ट्रिप, बड़ी संख्या में लोग सिर्फ राफ्टिंग का अनुभव लेने यहां पहुंचे।

ऋषिकेश में राफ्टिंग कब शुरू होगी 2026

गंगा नदी राफ्टिंग प्रबंधन समिति के सचिव और जिला साहसिक पर्यटन अधिकारी, टिहरी जसपाल चौहान के मुताबिक, अगर मौसम सामान्य रहा और गंगा का जलस्तर सुरक्षित स्तर पर पहुंच गया, तो करीब 15 सितंबर से राफ्टिंग दोबारा शुरू कर दी जाएगी। हालांकि इसकी अंतिम तारीख मौसम और नदी की स्थिति को देखते हुए तय होगी।

क्या अब ऋषिकेश जाना बेकार रहेगा

अब सवाल ये है कि क्या राफ्टिंग बंद होने से ऋषिकेश का रोमांच खत्म हो जाएगा। तो बता दें कि यहां मानसून की वजह से राफ्टिंग बंद कर दी गई है लेकिन अभी भी बंजी जंपिंग, फ्लाइंग फॉक्स जैसी कई एडवेंचर एक्टिविटीज यहां जारी हैं। हालांकि मानसून के दौरान अगर नदी का जलस्तर ज्यादा बढ़ता है, तो मोहनचट्टी की कुछ एडवेंचर साइट्स को एहतियात के तौर पर जरूर कुछ समय के लिए बंद किया जा सकता है।

अगर मानसून में ऋषिकेश जा रहे हैं...

अगर ऋषिकेश का प्लान आपको राफ्टिंग के लिए ही बनाना था तो बेशक अब सितंबर तक इंतजार करना ही बेहतर रहेगा। लेकिन अगर आप बारिश में धुले पहाड़, गंगा किनारे की सुकून भरी शामें, योग, कैफे और ऋषिकेश का अलग ही मानसूनी रंग देखना चाहते हैं, तो जुलाई और अगस्त भी यहां आने का शानदार समय है। बस निकलने से पहले मौसम और स्थानीय प्रशासन की एडवाइजरी जरूर देख लें।

Medha Chawla
मेधा चावला author

मेधा चावला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर एसोसिएट एडिटर हैं और लाइफस्टाइल सेक्शन की लीड हैं। लाइफस्टाइल पत्रकारिता में 20 वर्षों का अनुभव रखने वा... और देखें

End of Article