Himachal Pardesh Hill Station: शिमला-मसूरी और नैनीताल तो आप कई बार घूमने गए होंगे। इस बार मार्च-अप्रैल के महीने में आप भारत में रहकर स्विट्जरलैंड वाली वाइब ले सकते हैं और इसके लिए आपको ज्यादा दूर जाने की भी जरूरत नहीं है। हम बात कर रहे हैं मिनी स्विट्जरलैंड के नाम से फेमस खज्जियार की जो चम्बा में स्थित एक छोटा और खूबसूरत पर्यटन स्थल है। प्राकृतिक सुंदरता और हरियाली से भरपूर ये जगह आपको स्विट्जरलैंड की याद दिला देगी।
चारों तरफ से देवदार के पेड़ों से घिरी खज्जियार झील यहां का प्रमुख आकर्षण है। खज्जी नाग देवता को समर्पित खज्जी नागा मंदिर, कालाटोप वन्यजीव अभयारण्य की यात्रा की जा सकती है। सुकून पाने के लिए शायद ही आपको इससे बेहतर कोई जगह मिले। गौर करने वाली बात ये है कि ये एक यूनीक ट्रैवल डेस्टिनेशन है जिसके बारे में बेहद कम लोग जानते हैं।
एडवेंचर के शौकीन लोगों के लिए खज्जियार की यात्रा रोमांच से भरपूर होती है। पैराग्लाइडिंग, घुड़सवारी, ट्रैकिंग, जोरबिंग जैसी कई साहसिक गतिविधियां यहां की जा सकती है। ऐसे में अगर आप इंस्टाग्राम फ्रैंडली ट्रैवल डेस्टिनेशन की तलाश में हैं तो फिर भी खज्जियार की यात्रा आपके बकेटलिस्ट में शामिल हो सकती है।
गर्मियों में खज्जियार घूमने के लिए सबसे अच्छा समय होता है। मार्च से जून तक यहां का मौसम सुखद रहता है। गर्मियों से बचने के लिए आप यहां जा सकते हैं क्योंकि इस दौरान यहां ना तो ज्यादा गर्मी होती है और ना ज्यादा सर्दी जो इसे घूमने के लिए बिल्कुल परफेक्ट टाइम बनाता है।
खज्जियार का सबसे नजदीकी रेलवे स्टेशन पठानकोट है। डलहौजी से लगभग 24 किलोमीटर की दूरी पर स्थित खज्जियार के लिए बस आपको रेलवे स्टेशन से आराम से मिल जाएंगी। दैनिकुंड पीक (यहां से हिमालय की चोटियों का शानदार नजारा दिखता है), कालाटोप वन्यजीव अभयारण्य (घने देवदार के जंगलों से घिरा यह स्थान ट्रैकिंग और प्रकृति प्रेमियों के लिए स्वर्ग), खज्जी नाग मंदिर (यह 12वीं शताब्दी का एक प्राचीन मंदिर है जो नाग देवता को समर्पित है। इसकी लकड़ी की नक्काशी और सुनहरा गुंबद देखने लायक है) यहां के प्रमुख आकर्षण हैं।
