Madhya Pradesh Tourist Places: मध्य प्रदेश के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक नगर महेश्वर के बारे में बेहद कम टूरिस्ट जानते हैं। महेश्वर एक ऐसी ट्रैवल डेस्टिनेशन है जो दर्शाती है कि मध्य प्रदेश को अतुल्य भारत का हृदय क्यों कहा जाता है। मंदिरों की नगरी के नाम से फेमस महेश्वर में संस्कृति, इतिहास, विरासत और आतिथ्य एक साथ आपको देखने को मिल जाएगी। परिवार के साथ या फिर सोलो ट्रिप करने के लिए ये एकदम परफेक्ट लोकेशन है। शहर की भीड़भाड़ या भागमभाग भरी लाइफ से आप परेशान हो गए हों तो भी ये जगह परफेक्ट है क्योंकि ये ट्रैवल डेस्टिनेशन आपको अध्यात्म के करीब लेकर जाती है।
अहिल्या किले से लेकर शांत नर्मदा नदी तक, सब कुछ यहां जादुई लगता है। घूमने-फिरने के दौरान आप यहां किले और संग्रहालय की सैर के अलावा नर्मदा बोट राइडिंग, घाटों पर ध्यान और योग के साथ ही स्थानीय बाजारों में खरीदारी का लुत्फ उठा सकते हैं। मध्य प्रदेश की यात्रा हमेशा से ही पर्यटकों को लुभाती रही है।
काशी विश्वनाथ मंदिर, राजराजेश्वर मंदिर, अहिल्येश्वर मंदिर यहां मौजूद हैं जो स्थापत्य कला और भक्ति भावना का अद्भुत संगम प्रस्तुत करते हैं। कई मशहूर बॉलीवुड फिल्मों जैसै- बाजीराव मस्तानी, अशोका, मनमर्जियां फिल्म की शूटिंग यहां हुई है।
बता दें कि मध्य प्रदेश के खरगोन जिले में इंदौर से लगभग 90 किलोमीटर की दूरी पर महेश्वर स्थित है। इसके निकटतम एयरपोर्ट- देवी अहिल्याबाई होल्कर एयरपोर्ट है। इसके निकटतम रेलवे स्टेशन- इंदौर जंक्शन और खंडवा रेलवे स्टेशन है।
