यात्रा

जाम से बचकर कैसे पहुंचे लद्दाख, दिल्ली से इस समय निकलेंगे तो सफर रहेगा आसान

Ladakh Road Trip: दिल्ली और आसपास के लोग वीकेंड आते ही घूमने निकल पड़ते हैं। अगर आप वीकेंड पर लद्दाख घूमने का प्लान कर रहे हैं तो जान लें कि दिल्ली से किस समय पर निकलना आपके लिए ठीक होगा।

Image

जाम से बचकर कैसे पहुंचे लद्दाख

Ladakh Road Trip: सफर वही सही है जिसके लिए आपने जगह चुनने से ज्यादा प्लानिंग में ध्यान दिया हो। इस गर्मी अगर आप भी दिल्ली की भागदौड़ से दूर लद्दाख की ठंडी वादियों में जाने का प्लान कर रहे हैं तो ये आर्टिकल आपके बेहद काम आ सकता है। लद्दाख जाने से पहले जान लें कि लंबा ट्रैफिक जाम (ladakh traffic) आपकी पूरी ट्रिप का मजा किरकिरा कर सकता है। गलत समय पर निकलने से आपको हिमाचल और मनाली रूट पर कई घंटों का जाम झेलना पड़ सकता है। ऐसे में अगर आप सही टाइम और सही रूट का चुनाव करते हैं तो इस बात की काफी ज्यादा संभावना है कि आपका रोड ट्रिप काफी आसान और मजेदार हो जाए।

सबसे बेहतर रहेगा सुबह जल्दी निकलना

अगर आप बिना किसी प्लानिंग के सुबह देर से यात्रा के लिए निकलते हैं तो हरियाणा और हिमाचल में भारी जाम मिल सकता है, खासकर वीकेंड और छुट्टियों में तो आपकी हालत बेहद खराब हो सकती है। ऐसे में अगर आप रोड ट्रिप का प्लान कर रहे हैं तो कोशिश करें कि रात 3 बजे से सुबह 5 बजे के बीच सफर शुरू कर दें। इस समय दिल्ली, सोनीपत, पानीपत और चंडीगढ़ हाईवे पर ट्रैफिक काफी कम रहता है।

किस रूट का करें चुनाव

रूट 1: श्रीनगर-लेह राजमार्ग होते हुए दिल्ली से लेह-लद्दाख

दिल्ली से लद्दाख की सड़क यात्रा की योजना बना रहे हैं तो श्रीनगर वाला रूट आपके लिए काफी अच्छा ऑप्शन है। इस मार्ग पर आपको कई खूबसूरत और मनमोहक दृश्य देखने को मिलते हैं। इस रास्ते की खूबी ये भी है कि ऊंचाई धीरे-धीरे बढ़ती है। इससे शरीर को हाई एल्टीट्यूड यानी ज्यादा ऊंचाई वाले इलाकों में खुद को एडजस्ट करने का समय मिल जाता है।

यही कारण है कि इस रूट पर यात्रा करने वाले लोगों को अक्सर कम दिक्कत होती है। कुल दूरी लगभग 980 किलोमीटर के आसपास पड़ती है। पूरा सफर आराम से करने में 3 से 4 दिन लग सकते हैं। ध्यान दें कि मौसम यहां कभी भी बदल सकता है, इसलिए निकलने से पहले रोड और वेदर अपडेट जरूर चेक कर लें।

रूट 2: मनाली-लेह हाईवे से करें सफर

अगर आपको एडवेंचर पसंद है, तो मनाली-लेह हाईवे वाला रूट आपके लिए परफेक्ट है। यह रास्ता थोड़ा चुनौतीभरा जरूर है, लेकिन यहां मिलने वाले नजारे सफर को पूरी तरह यादगार बना देते हैं। इस रूट पर कई जगह दूर-दूर तक आबादी नहीं मिलती और ऊंचाई भी अचानक बढ़ती-घटती रहती है। इसलिए सफर शुरू करने से पहले अच्छी तैयारी करना बहुत जरूरी होता है।

दिल्ली से मनाली होते हुए लद्दाख की जरूरी जानकारी

इस रूट से दिल्ली से लेह की दूरी करीब 1020 किलोमीटर पड़ती है। पूरा सफर आराम से करने में लगभग 4 से 5 दिन लग सकते हैं। मौसम यहां तेजी से बदल सकता है, इसलिए निकलने से पहले रोड और वेदर अपडेट जरूर चेक करें।

वीकेंड पर निकलने से बचें

शुक्रवार शाम से रविवार तक मनाली और हिमाचल की तरफ भारी ट्रैफिक देखने को मिलता है। ऐसे में कोशिश करें कि सोमवार से बुधवार के बीच यात्रा शुरू करें। इससे होटल, कैफे और पेट्रोल पंप पर भी ज्यादा भीड़ नहीं मिलेगी। मई के आखिर से सितंबर तक का समय लद्दाख रोड ट्रिप के लिए सबसे अच्छा माना जाता है।

prabhat sharma
प्रभात शर्माauthor

प्रभात शर्मा टाइम्स नाउ हिंदी डिजिटल के फीचर डेस्क में कार्यरत ट्रैवल और लाइफस्टाइल राइटर हैं। यात्राओं के प्रति उनका गहरा जुनून और नई जगहों को समझने–परखने की क्षमता उनकी लेखन शैली को बेहद जीवंत और पाठकों से जोड़ने वाली बनाती है। वे ऑफबीट डेस्टिनेशन, लोकल कल्चर, हेरिटेज साइट्स, रोड ट्रिप्स, फूड जर्नी और बजट ट्रैवल जैसे विषयों पर मजबूत पकड़ रखते हैं। प्रभात की स्टोरीज़ सिर्फ जानकारी नहीं देतीं, बल्कि यात्रा के माहौल, भाव और अनुभव को भी महसूस कराती हैं। अब तक 7,000 से अधिक कंटेंट लिख चुके प्रभात अपनी सहज भाषा, प्रामाणिक जानकारी और अनुभव-आधारित दृष्टिकोण के लिए जाने जाते हैं।

और पढ़ें
End of Article