Rishikesh Road Trip: दिल्ली-एनसीआर से बेहद पास होने की वजह से ऋषिकेश पर्यटकों की सबसे फेवरेट ट्रैवल डेस्टिनेशन में से एक है। रिवर राफ्टिंग से लेकर पहाड़ों का खूबसूरत नजारा यहां पर्यटकों के लिए सबकुछ है। गर्मी के सीजन में तो लोग यहां जाना और भी पसंद करते हैं। ऐसे में अगर आप भी गंगा किनारे सुकून और कैफे कल्चर को करीब से महसूस करने के लिए ऋषिकेश घूमने का प्लान कर रहे हैं तो जान लें कि लंबा ट्रैफिक जाम (Rishikesh Traffic) आपके ट्रिप का पूरा मजा किरकिरा कर सकती है।
मई-जून के महीनों में दिल्ली से ऋषिकेश जाते समय भीड़ की समस्या आम बात है। यहां कई जगह घंटों तक गाड़ियां फंसी रहती हैं। लेकिन, अगर आप सही समय पर निकलें और थोड़ा स्मार्ट प्लान करें, तो जाम से काफी हद तक बच सकते हैं।
सुबह जल्दी निकलने का करें प्लान
अगर आप सड़क मार्ग से दिल्ली से ऋषिकेश जा रहे हैं तो कोशिश करें कि सुबह चार बजे से पहले निकल जाएं। इस समय ट्रैफिक काफी कम रहता है और आप आराम से मेरठ एक्सप्रेसवे पकड़ सकते हैं। लंबे ट्रैफिक जाम में फंसने से तो आप बच ही जाएंगे साथ ही आप दोपहर तक ऋषिकेश पहुंच जाते हैं और पूरा दिन घूमने के लिए मिल जाता है।
शुक्रवार शाम को निकलने से बचें
अगर शुक्रवार को ही निकलना जरूरी हो, तो रात देर से यानी करीब ग्यारह बजे के बाद निकलना बेहतर रहेगा। ज्यादातर लोग ऑफिस खत्म करके शुक्रवार शाम को ऋषिकेश के लिए निकलते हैं। यही वजह है कि गाजियाबाद, मेरठ और मुजफ्फरनगर के आसपास लंबा जाम लग जाता है।
नेविगेशन का इस्तेमाल करें
छुट्टियों और लंबे वीकेंड पर मेरठ, रुड़की और हरिद्वार के आसपास आपको सबसे ज्यादा ट्रैफिक देखने को मिलता है। यहां गाड़ियों की लंबी लाइन लग जाती है। ऐसे में रास्ते में ज्यादा रुकने से बचें और नेविगेशन का इस्तेमाल जरूर करें ताकि जरूरत पड़ने पर दूसरा रास्ता चुना जा सके।
रविवार शाम को मत करना वापसी
ऐसा नहीं है कि आपको सिर्फ ऋषिकेश जाते वक्त जाम की समस्या से जूझना है लौटते वक्त भी आप लंबे ट्रैफिक जाम में फंस सकते हैं। रविवार शाम को ज्यादातर लोग वापस दिल्ली लौटते हैं, जिसकी वजह से हरिद्वार और मेरठ रोड पर काफी जाम लग जाता है। अगर संभव हो तो सोमवार सुबह या रविवार देर रात वापसी करें।
सही टाइमिंग से ट्रिप बनेगा शानदार
अगर आप सही समय पर यात्रा के लिए निकलेंगे तो ऋषिकेश का सफर काफी आरामदायक हो सकता है। ट्रिप प्लान करते समय इन बातों का ध्यान रखें- सुबह जल्दी निकलना, पीक ट्रैफिक टाइम से बचना और स्मार्ट प्लानिंग। अगर आप इन बातों का ध्यान रखते हैं तो इस बात की काफी संभावना है कि आपकी ट्रिप यादगार हो जाए।
