Wildlife Tourism Uttar Pradesh: वाइल्डलाइफ के शौकीन पर्यटकों के लिए खुशखबरी है। कतर्नियाघाट वन्यजीव अभयारण्य (Katarniaghat Wildlife Sanctuary) इस वर्ष पर्यटकों के लिए 1 नवंबर से खोला जा रहा है। परिवार के साथ या फिर दोस्तों के साथ आपको जंगल सफारी का आनंद लेना है तो आप यहां जाने का प्लान कर सकते हैं। वैसे तो भारत में जंगल सफारी के लिए एक से बढ़कर एक ट्रैवल डेस्टिनेशन हैं लेकिन, कतर्नियाघाट के बारे में आज भी बेहद कम लोग जानते हैं ऐसे में आप भीड़भाड़ से दूर दो पल सुकून से पाने के लिए आप कतर्नियाघाट वन्यजीव अभयारण्य जाने का प्लाने कर सकते हैं।
प्राकृतिक सौंदर्य का अनुभव करने के लिए ये जगह किसी जन्नत से कम नहीं है। पक्षी प्रेमियों को यहां कई दुर्लभ और प्रवासी पक्षी देखने को मिल जाएंगे। इसके अलावा बंगाल टाइगर से लेकर घड़ियाल तक के जानवर आपको उनके प्राकृतिक आवास में देखने को मिलेंगे।
जान लें कि शुरुआती दौर में पर्यटकों को बोटिंग की सुविधा नहीं मिल पाएगी। यहां घूमने का सबसे अच्छा समय नवंबर से जून के बीच होता है। इस दौरान यहां का मौसम काफी सुहावना होता है। दिसंबर से मार्च के बीच यहां काफी ठंडा मौसम हो सकता है ऐसे में नवंबर के महीने आप यहां जाने का प्लान कर सकते हैं।
अगर आप यहां जाने का प्लान कर रहे हैं तो जान लें कि लखनऊ से तकरीबन 205 किलोमीटर यह दूर है। यहां आने के लिए सबसे पहले आपको लखनऊ से बहराइच आना होगा। बहराइच से नानपारा तहसील में बड़े क्षेत्र में ये वन्यजीव अभयारण्य फैला हुआ है।
