Summer Retreat Destinations: पहाड़ों में घूमने जाना पर्यटकों को काफी भाता है। यात्रा के दौरान आपने एक चीज नोटिस की होगी कि चाहे वो शिमला हो, मसूरी हो या दार्जिलिंग हर बड़े हिल स्टेशन में एक माल रोड जरूर होता है। माल रोड वहां की जान मानी जाती है। आज यहां कैफे, बेकरी, फोटो स्टूडियो और शॉपिंग की भरमार है, लेकिन पहले इसका मकसद कुछ और ही था। माल रोड का असली इतिहास यहां हम डिटेल में समझने की कोशिश करते हैं।
माल रोड का असली इतिहास: ब्रिटिश जमाने में माल रोड सिर्फ खरीदारी की जगह नहीं थी। उस समय अंग्रेज अफसर और उनके परिवार यहां शाम की सैर करने, मिलने-जुलने और सामाजिक कार्यक्रमों के लिए आते थे। सीधे शब्दों में समझें तो यह एक तरह से उनका सोशल क्लब हुआ करता था। धीरे-धीरे समय बदला और यही जगह आज सबसे व्यस्त बाजार बन गई।
दार्जिलिंग हिमालयन रेलवे की बढ़ती लोकप्रियता: दार्जिलिंग हिमालयन रेलवे जिसे यूनेस्को ने विश्व धरोहर का दर्जा दिया है, आज भी लोगों के आकर्षण का बड़ा केंद्र है। खिलौना ट्रेन से पहाड़ों के बीच सफर करना अपने आप में एक खास अनुभव है। हाल के सालों में इसकी यात्री संख्या और कमाई दोनों बढ़ी हैं। इससे साफ है कि दार्जिलिंग में पर्यटन लगातार बढ़ रहा है और स्थानीय लोगों को भी इसका फायदा मिल रहा है।
मौसम जो दिल जीत ले: हिल स्टेशन की सबसे बड़ी खासियत है यहां का मौसम। गर्मियों में जब मैदानों में गर्मी से हाल बेहाल होता है, तब पहाड़ों की ठंडी हवा राहत देती है। ऊंचाई, हरियाली और साफ हवा मिलकर ऐसा माहौल बनाती है कि मन वहीं रुक जाने का करता है।
संस्कृति और त्योहारों की रंगत: हिल स्टेशन सिर्फ नजारों के लिए ही नहीं जाने जाते, बल्कि यहां की अपनी अलग संस्कृति भी है। उदाहरण के लिए, नैनीताल और मसूरी जैसे स्थानों पर स्थानीय त्योहार और कार्यक्रम पर्यटकों को खास अनुभव देते हैं। मसूरी का “विंटरलाइन फेस्टिवल” संगीत, नृत्य और हस्तशिल्प के जरिए स्थानीय कला को दिखाता है। यहां का खाना भी अलग स्वाद देता है, जो सफर को और यादगार बना देता है।
पर्यटन से बढ़ती अर्थव्यवस्था: हिल स्टेशनों में पर्यटन सिर्फ घूमने-फिरने तक सीमित नहीं है। इससे स्थानीय लोगों को रोजगार मिलता है। होटल, रेस्टोरेंट, टैक्सी, गाइड और छोटे दुकानदार सभी इससे जुड़े हैं। जब पर्यटक आते हैं, तो पूरे इलाके की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलती है।
