Foreign Tourist In Goa: घरेलू और अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों के आगमन से एक समय जहां गोवा में पर्यटन चरम पर था वो अब गिरावट की ओर बढ़ता दिख रहा है। इस गिरावट के पीछे कई कारकों को इसका जिम्मेदार बताया जा रहा है। सीईआईसी डेटा रिपोर्ट के अनुसार, राज्य में विदेशी पर्यटन के आगमन में काफी कमी देखने को मिली है। 2023 में गोवा में केवल 1.5 मिलियन विदेशी पर्यटक आए जो कि 2019 में 8.5 मिलियन की तुलना में आए पर्यटकों की संख्या में काफी कम है।
रिपोर्ट में इस बात का भी दावा किया गया है कि रूस और यूनाइटेड किंगडम जैसे देशों के पर्यटक, जो कभी गोवा के नियमित आगंतुक थे, अब गोवा के बजाय श्रीलंका जैसे स्थलों को चुन रहे हैं। रिपोर्ट के मद्देनजर, कई सोशल मीडिया यूजर्स ने अपने स्वयं के नकारात्मक अनुभव शेयर किए हैं।
तथाकथित 'गोवा टैक्सी माफिया' इसके पीछे का मुख्य कारण बताया जा रहा है। पर्यटकों ने टैक्सी ड्राइवरों द्वारा परेशान किए जाने और अधिक पैसे वसूलने की शिकायत की, कुछ ऐसे अनुभव भी बताए जहां कई ड्राइवरों ने विदेशियों को सवारी की पेशकश करने के लिए उन्हें धमकाया और डराया।
मालूम हो कि स्थानीय टैक्सी यूनियनों ने लंबे समय से ओला और उबर जैसे राइड-हेलिंग ऐप्स के प्रवेश का विरोध किया था जिन्हें टैक्सी चालकों के विरोध के बाद प्रतिबंधित कर दिया गया है। विदेशी ही नहीं गोवा में घूमने के खर्चों और परेशानियों ने भारतीय पर्यटकों को भी अन्य वैकल्पिक विकल्पों की तलाश करने के लिए मजबूर कर दिया है।
