गुजरात के गांधीनगर में देर रात निर्माणाधीन साइट पर बड़ा हादसा हो गया। कुडासन इलाके में ‘Bosky The Empire’ निर्माणाधीन कमर्शियल कॉम्प्लेक्स में अचानक एक भारी-भरकम क्रेन और लोहे का स्ट्रक्चर नीचे गिर गया। हादसे के वक्त साइट पर काम कर रहे 12 से 15 मजदूरों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है। वहीं, हादसे के बाद सूबे के डिप्टी सीएम हर्ष संघवी भी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं।
हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव का शुरुआती काम शुरू किया। सूचना मिलते ही इंफोसिटी पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें भी घटनास्थल पर पहुंच गईं।
भारी मलबे में मजदूरों की तलाश
जानकारी के मुताबिक, निर्माणाधीन इमारत में दो यूनिट के बीच लोहे का स्ट्रक्चर तैयार किया जा रहा था। इसी दौरान अचानक पूरा स्ट्रक्चर भरभराकर नीचे आ गिरा। इसके साथ भारी लोहे और कंक्रीट का मलबा नीचे काम कर रहे मजदूरों पर जा गिरा। फायर ब्रिगेड की चार से ज्यादा गाड़ियां मौके पर मौजूद हैं। रेस्क्यू टीमें भारी लोहे के स्ट्रक्चर और कंक्रीट का मलबा हटाकर मजदूरों की तलाश में जुटी हैं। मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।मौके पर एंबुलेंस तैनात
हादसे के बाद मौके पर कई 108 एंबुलेंस भी पहुंच गई हैं। रेस्क्यू के दौरान बाहर निकाले जाने वाले मजदूरों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने की तैयारी की गई है। घायलों को प्राथमिक उपचार देने के लिए मेडिकल टीमों को भी अलर्ट रखा गया है।
हताहतों की आधिकारिक पुष्टि नहीं
फिलहाल पुलिस और फायर ब्रिगेड की ओर से मृतकों या घायलों की संख्या की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। राहत-बचाव दल यह पता लगाने में जुटे हैं कि हादसे के वक्त साइट पर कुल कितने मजदूर मौजूद थे।
