क्रिकेट

दलीप ट्रॉफी में शतक से चूकने वाले तिलक वर्मा ने बताया क्या है उनका अगला लक्ष्य

दलीप ट्रॉफी में ईस्ट जोन के खिलाफ शतक से चूकने के बाद भारत के टी20 अंतरराष्ट्रीय उपकप्तान तिलक वर्मा ने अपने लिए नया लक्ष्य निर्धारित कर लिया है।

Image

तिलक वर्मा (फोटो क्रेडिट BCCI Domestic X)

चेन्नई: मौजूदा दलीप ट्रॉफी भले ही दक्षिण क्षेत्र के कप्तान तिलक वर्मा के लिए उम्मीद के मुताबिक नहीं रही हो लेकिन भारत के टी20 अंतरराष्ट्रीय उपकप्तान ने अब अपने लिए नया लक्ष्य तय कर लिया है जो तीन मैच की आगामी टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज में अफगानिस्तान को हराना है। पूर्व क्षेत्र ने यहां घरेलू सत्र के शुरुआती टूर्नामेंट में लगभग जीत पक्की करते हुए कुल 584 रन की बढ़त हासिल कर ली है। हालांकि तिलक ने शानदार बल्लेबाजी की।

अफगानिस्तान के खिलाफ सीरीज जीतना है लक्ष्य

दलीप ट्रॉफी फाइनल के चौथे दिन के खेल के बाद तिलक ने कहा,'हां, व्यक्तिगत तौर पर मेरी फॉर्म काफी अच्छी रही है। लेकिन साथ ही यह अलग प्रारूप (अफगानिस्तान के खिलाफ) है। इसलिए मुझे फिर से अपना खेल बदलना होगा। मैं इसे लेकर काफी आश्वस्त हूं। अब मेरा लक्ष्य अफगानिस्तान के खिलाफ सीरीज जीतना है इसलिए मैं उसी आत्मविश्वास के साथ जाऊंगा और देखते हैं कि चीजें कैसी रहती हैं।'

नई दिल्ली में खेले जाएंगे सीरीज के तीनों मुकाबले

भारत 13 सितंबर को नयी दिल्ली में पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच के साथ अफगानिस्तान के खिलाफ सीरीज का आगाज करेगा। एक महीने से अधिक समय तक लाल गेंद से क्रिकेट खेलने के बाद सफेद गेंद के प्रारूप में बदलाव कितना चुनौतीपूर्ण होगा इस पर तिलक ने कहा,'मैं यह नहीं कहूंगा कि यह इतना आसान है लेकिन हमारे पास अभ्यास के लिए कुछ दिन हैं। हमने घरेलू और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट दोनों में लाल गेंद से सफेद गेंद के प्रारूप में बदलाव किया है इसलिए यह भी वैसा ही है।'

उन्होंने कहा,'मैं पहले भी रणजी ट्रॉफी खेल चुका हूं और उसके बाद अंतरराष्ट्रीय सफेद गेंद की सीरीज में गया। मैं उसके मुताबिक ढल गया था। इसलिए मुझे भरोसा है कि दो दिन का अभ्यास पर्याप्त होगा और उसके बाद हम अफगानिस्तान सीरीज के लिए उतर सकते हैं।'

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article