बिजनेस

सोना-चांदी धड़ाम: सितंबर 2025 के निचले स्तर तक लुढ़के भाव, जानें क्रैश के बड़े कारण

Gold and Silver Prices Crash: मजबूत अमेरिकी डॉलर, फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरें बढ़ाने की आशंकाओं और शेयर बाजार की बिकवाली से सोना-चांदी सितंबर 2025 के निचले स्तर पर आ गए। खुदरा निवेशकों को फिलहाल दूर रहकर डॉलर और बॉन्ड यील्ड पर नजर रखनी चाहिए।

Image

सोने-चांदी की कीमतों में भारी गिरावट

Photo : iStock

Gold and Silver Prices Crash: अंतरराष्ट्रीय और घरेलू बाजार में कीमती धातुओं की चमक फीकी पड़ती नजर आ रही है। शुक्रवार को सोने की कीमतें गिरकर 3,500 डॉलर प्रति औंस के करीब पहुंच गईं, जो सितंबर 2025 के बाद का सबसे निचला स्तर है। इस सप्ताह सोने में करीब 9 प्रतिशत की बड़ी साप्ताहिक गिरावट दर्ज की जा रही है। दूसरी ओर, चांदी की हालत और भी खराब है। शुक्रवार को चांदी 42 डॉलर प्रति औंस के आसपास आ गई, जो इसका भी सितंबर 2025 के बाद का निचला स्तर है। इस पूरे हफ्ते में चांदी 13 प्रतिशत से ज्यादा टूट चुकी है। इससे एक दिन पहले भी सोने में 3 प्रतिशत और चांदी में 5 प्रतिशत की भारी गिरावट देखी गई थी।

अमेरिकी फेडरल रिजर्व और मजबूत डॉलर ने बढ़ाया दबाव

सोने और चांदी में इस बड़ी गिरावट के पीछे सबसे मुख्य कारण अमेरिकी डॉलर की मजबूती और अमेरिकी केंद्रीय बैंक (फेडरल रिजर्व) द्वारा ब्याज दरों में बढ़ोतरी के संकेत हैं। फेडरल रिजर्व के कई अधिकारियों ने महंगाई को 2 प्रतिशत के लक्ष्य तक लाने के लिए ब्याज दरों को और बढ़ाने का समर्थन किया है। फेड गवर्नर क्रिस्टोफर वालर ने तो दिसंबर में 50 बेसिस पॉइंट (0.50 प्रतिशत) की बड़ी बढ़ोतरी की संभावना से भी इनकार नहीं किया है। बाजार के जानकारों के मुताबिक, दिसंबर में 25 बेसिस पॉइंट की बढ़ोतरी की संभावना 94 से 96.7 प्रतिशत तक मानी जा रही है। जब ब्याज दरें बढ़ती हैं, तो बॉन्ड जैसे निवेश विकल्प ज्यादा आकर्षक हो जाते हैं और सोना-चांदी जैसी धातुएं, जिन पर कोई नियमित ब्याज नहीं मिलता, निवेशकों के लिए कम आकर्षक रह जाती हैं। इसके अलावा, अमेरिकी डॉलर इंडेक्स 103.6 के स्तर पर पहुंच गया है, जो अप्रैल 2025 के बाद सबसे ऊंचा स्तर है। डॉलर के मजबूत होने से अन्य देशों के खरीदारों के लिए सोना-चांदी खरीदना महंगा हो जाता है, जिससे मांग में कमी आती है।

शेयर बाजार की गिरावट और मार्जिन कॉल का असर

कीमती धातुओं पर दबाव बढ़ने का एक बड़ा कारण वैश्विक शेयर बाजारों में आई गिरावट भी है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से जुड़ी कंपनियों के शेयरों में बिकवाली के कारण निवेशकों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है। अमेरिकन गोल्ड एक्सचेंज के बाजार विश्लेषक जिम वायकोफ के अनुसार, शेयर बाजार की कमजोरी के कारण 'मार्जिन कॉल' की स्थिति पैदा हो गई। ऐसे में निवेशकों को दूसरे बाजारों में हुए नुकसान की भरपाई करने और नकदी (लिक्विडिटी) जुटाने के लिए अपने सोने और चांदी के निवेश को मजबूरन बेचना पड़ा।

अपने उच्चतम स्तर से 60 प्रतिशत तक टूट चुकी है चांदी

इस साल की शुरुआत में चांदी ने जो ऐतिहासिक तेजी दिखाई थी, वह अब पूरी तरह गायब होती दिख रही है। 29 जनवरी को अंतरराष्ट्रीय बाजार में चांदी 121 डॉलर प्रति औंस के शिखर पर थी, जो 18 नवंबर तक गिरकर 46 डॉलर के आसपास आ गई और अब 42 डॉलर तक फिसल गई है। यानी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चांदी अपने शिखर से 60 प्रतिशत से ज्यादा टूट चुकी है। भारतीय बाजार की बात करें तो 29 जनवरी को चांदी का भाव 3,84,632 रुपये प्रति किलोग्राम के रिकॉर्ड स्तर पर था, जो 19 नवंबर को घटकर 1,62,000 रुपये प्रति किलोग्राम रह गया। इस तरह घरेलू बाजार में चांदी अपने उच्चतम स्तर से 2,22,600 रुपये यानी 57 प्रतिशत से ज्यादा सस्ती हो चुकी है।

सोने के मुकाबले चांदी को हो रहा ज्यादा नुकसान

मौजूदा गिरावट में सोने के मुकाबले चांदी को ज्यादा नुकसान झेलना पड़ रहा है, जिसकी पुष्टि 'गोल्ड-सिल्वर रेशियो' से होती है। यह अनुपात बताता है कि एक औंस सोना खरीदने के लिए कितने औंस चांदी की जरूरत है। यह रेशियो शुक्रवार के 80 से बढ़कर 82 के पार चला गया है, जो दर्शाता है कि सोने की तुलना में चांदी काफी कमजोर हुई है। आमतौर पर जब ब्याज दरों और डॉलर की मजबूती के कारण बिकवाली होती है, तो चांदी में ज्यादा तेज गिरावट आती है। इसके अलावा, पिछले एक महीने में कच्चे तेल (ब्रेंट क्रूड) की कीमतों में करीब 15 प्रतिशत की गिरावट आई है और यह 93 डॉलर प्रति बैरल से नीचे आ गया है, लेकिन इससे भी चांदी को कोई सहारा नहीं मिल पाया।

भारतीय निवेशक अब भी फायदे में, जानें कैसे

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर डॉलर के हिसाब से देखें तो पिछले एक साल में चांदी ने करीब 10 प्रतिशत का नेगेटिव रिटर्न दिया है, लेकिन भारतीय निवेशक अब भी मुनाफे में हैं। पिछले एक साल में भारतीय निवेशकों को चांदी पर करीब 7 प्रतिशत का सकारात्मक रिटर्न मिला है। इसके पीछे दो मुख्य कारण हैं। पहला, इस दौरान डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपये में आई कमजोरी और दूसरा, इस साल मई में सरकार द्वारा आयात शुल्क (इंपोर्ट ड्यूटी) में की गई 9 प्रतिशत की बढ़ोतरी। गौरतलब है कि चांदी में मौजूदा तेजी का दौर अप्रैल 2025 में शुरू हुआ था, जब अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसका भाव 30 डॉलर और भारत में करीब 1,00,693 रुपये प्रति किलोग्राम था।

खुदरा निवेशकों को अब क्या करना चाहिए?

बाजार एक्सपर्ट्स का मानना है कि एवरबैंक के क्रिस गैफनी के अनुसार सोने-चांदी में टिकाऊ रिकवरी के लिए केंद्रीय बैंकों और आम उपभोक्ताओं की ओर से मजबूत खरीदारी की जरूरत होगी। फिलहाल दोनों धातुएं कमजोर स्थिति में हैं और कीमतों को ऊपर ले जाने वाला कोई बड़ा कारण नजर नहीं आ रहा है। ऐसे में खुदरा निवेशकों को बेहद सावधान रहने की सलाह दी जाती है। जब तक बाजार की स्थिति साफ नहीं हो जाती, तब तक निवेशकों को खरीदारी से बचना चाहिए और स्थिति सामान्य होने का इंतजार करना चाहिए। आने वाले दिनों में निवेशकों को मुख्य रूप से अमेरिकी डॉलर की चाल और बॉन्ड यील्ड पर पैनी नजर रखनी चाहिए, क्योंकि यही दोनों कारक आगे की दिशा तय करेंगे।

Ramanuj Singh
रामानुज सिंहauthor

रामानुज सिंह पत्रकारिता में दो दशकों का व्यापक और समृद्ध अनुभव रखते हैं। उन्होंने टीवी और डिजिटल—दोनों ही प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, शेयर बाजार, इनकम टैक्स, बैंकिंग, बुलियन और कमोडिटी मार्केट जैसे विषयों पर गहरी विशेषज्ञता विकसित की है। जर्नलिज्म में एमए की डिग्री और वर्षों के अनुभव से विकसित विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ, रामानुज जटिल वित्तीय विषयों को सरल, विश्वसनीय और प्रभावी तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। अब तक वे 22,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article