शहर

टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस में फरार आरोपी अभिषेक पंडित के खिलाफ LOC जारी, विदेश भागने की फिराक में था गैंग का फाइनेंसर

Tiger Shroff Firing Case: एक्टर टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस में फरार चल रहे आरोपी अभिषेक पंडित के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर यानी LOC जारी कर दिया गया है। वह अनिल पंडित का भाई है, जिस पर गैंग के फाइनेंशियल ऑपरेशन का मास्टरमाइंड होने का आरोप है।

Image

टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस (फोटो साभार- X)

Tiger Shroff Firing Case: बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस में मुंबई पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। इस केस में फरार चल रहे आरोपी अभिषेक पंडित के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर यानी LOC जारी कर दिया गया है। पुलिस को शक है कि आरोपी देश छोड़कर भागने की कोशिश कर सकता है, इसीलिए सभी एयरपोर्ट और बॉर्डर पर अलर्ट जारी कर दिया गया है। अभिषेक पंडित इस केस का कोई छोटा-मोटा आरोपी नहीं है। वह अनिल पंडित का भाई है, जिस पर गैंग के फाइनेंशियल ऑपरेशन का मास्टरमाइंड होने का आरोप है। जांच में सामने आया है कि अभिषेक पंडित पर भी गैंग का फाइनेंशियल नेटवर्क संभालने का आरोप है।

विदेश भागने की फिराक में था आरोपी

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, अभिषेक पंडित पर फायरिंग केस के सिलसिले में गिरफ्तार आरोपियों के लिए फंड का इंतजाम करने में मदद करने का शक है। यानी शूटर्स को पैसा पहुंचाना, हथियार और भागने का इंतजाम करना, इन सबमें उसकी भूमिका हो सकती है। मुंबई क्राइम ब्रांच की एक टीम अभिषेक पंडित को गिरफ्तार करने के लिए हरियाणा के करनाल गई थी। लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही वह वहां से भागने में कामयाब हो गया। पुलिस को उसके ठिकाने की जानकारी मिली थी, लेकिन आरोपी पहले ही फरार हो चुका था। इसके बाद से ही पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।

अभिषेक पंडित की पत्नी पहले हो चुकी है गिरफ्तार

इस केस में उसकी पत्नी सुनैहा पंडित को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और अभिषेक के ठिकानों के बारे में जानकारी जुटा रही है। माना जा रहा है कि पत्नी की गिरफ्तारी के बाद से ही अभिषेक लगातार ठिकाने बदल रहा है। सूत्रों का दावा है कि अगर अभिषेक पंडित को गिरफ्तार किया जाता है, तो पुलिस को गैंग के पूरे फाइनेंशियल नेटवर्क के बारे में अहम जानकारी मिल सकती है। पुलिस को यह जानना है कि पैसे कैसे इकट्ठा किए गए, कहां से ट्रांसफर किए गए और क्रिमिनल एक्टिविटीज के लिए कैसे इस्तेमाल किए गए।

टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें- शादी का झांसा देकर 14 महिलाओं का किया शोषण

गैंग के पैसों की रीढ़ है अभिषेक पंडित

जांचकर्ताओं का मानना है कि अभिषेक पंडित इस गैंग की पैसों की रीढ़ है। उसके पकड़े जाते ही गैंग की फंडिंग चेन टूट सकती है। इसीलिए पुलिस उसे किसी भी हाल में पकड़ना चाहती है। फिलहाल मुंबई क्राइम ब्रांच ने LOC जारी करने के साथ-साथ उसकी कॉल डिटेल, बैंक ट्रांजेक्शन और करीबी लोगों की भी जांच शुरू कर दी है। पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही अभिषेक पंडित पुलिस की गिरफ्त में होगा और टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस की कई परतें खुलेंगी।

atul. Singh
अतुल सिंहauthor

मैं अतुल सिंह,मैं 14 वर्षों से अधिक समय से टीवी पत्रकारिता में विभिन्न क्षेत्रों को खबरों को कवर करने वाला अनुभवी पत्रकार हूं। वर्तमान में Times Now नवभारत के लिए principal correspondent हूं। मैंने इंडिया टीवी, ज़ी न्यूज़,IBN 7 (न्यूज़ 18),Lemon न्यूज़ जैसे प्रमुख मीडिया संगठनों के साथ भी काम किया है। मनोरंजन,नागरिक मुद्दे ,इंफ्रा,राजनीति,आम और विधानसभा चुनाव और अपराध जैसे विषयों को बखूबी कवर किया है। वर्तमान में मुम्बई ब्यूरो से जुड़ा हुआ हूं। कई राष्ट्रीय मुद्दों से जुड़े कई विशेष खबरें भी कवर किया है।

और पढ़ें
End of Article