Delhi To Jaipur distance: दिल्ली वालों के लिए एक अच्छी खबर है। अगर आपको घूमने का शौक है तो जयपुर की दूरी अब आप बस 3 घंटे में नाप सकते हैं। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर बगराना और बांदीकुई के बीच नया 65-किमी खंड खोल दिया है। इसके बाद से यात्रियों को लंबे और भीड़भाड़ वाले दौसा-आगरा रोड मार्ग को लेने की जरूरत नहीं रहेगी। ड्राइवर अब DND फ्लाईवे के एंट्री पॉइंट तक लगभग 2.5 घंटे में पहुंच सकते हैं। इस तरह पूरी यात्रा लगभग 3 से 3.5 घंटे में पूरी हो सकती है।
जयपुर में घूमने लायक 10 प्रमुख जगहें
- आमेर किला जो पहाड़ी पर बना है। आप यहां शिल्प और इतिहास का सुंदर मेल देखेंगे।
- हवा महल जो कि बेहद प्रसिद्ध है। यह झरोखों से भरी पांच मंजिला इमारत है।
- सिटी पैलेस कभी यहां के राजाओं का निवास स्थान हुआ करता था। उनकी जीवन शैली की झलक आप यहां देख सकते हैं।
- जयपुर का जंतर मंतर एक यूनेस्को वर्ल्ड हेरिटेज साइट है। यह खगोलीय उपकरणों की ऐतिहासिक वेधशाला है।
- मानसागर झील के बीच स्थित है खूबसूरत जल महल। यह फोटो के लिए लोकप्रिय है।
- नाहरगढ़ किला भी दर्शनीय है। यह भी पहाड़ी पर बना है और यहां से शहर का शानदार व्यू दिखाई देता है।
- जयगढ़ किला भी आप जयपुर जाने पर देख सकते हैं। यहां दुनिया की सबसे बड़ी तोप जयवाना रखी हुई है।
- संगमरमर से बना सुंदर बिरला मंदिर भी जयपुर की शान है जो शाम को रोशनी में बेहद आकर्षक लगता है।
- राजस्थान का सबसे पुराना म्यूजियम है अल्बर्ट हॉल म्यूजियम जो कि इंडो-सारासेनिक शैली की इमारत है।
- पारंपरिक राजस्थानी गांव का अनुभव करना हो तो चोखी ढाणी का प्लान बना लें। यहां लोक-संस्कृति को करीब से देख सकेंगे।
जयपुर के प्रसिद्ध मंदिर कौन से हैं
जयपुर की विरासती शान में इसके मंदिर भी शामिल हैं। आप यहां मोती डूंगरी गणेश मंदिर, गलता जी मंदिर (मंकी टेम्पल), शिला देवी मंदिर (आमेर किला परिसर में), खोले के हनुमान जी मंदिर, गोविंद देव जी मंदिर में दर्शन जरूर करें।
जयपुर में शॉपिंग कहां कर सकते हैं
सिर्फ इतिहास और इमारतों के शौकीन ही जयपुर नहीं पहुंचते। बल्कि खरीदारी और खानपान का शौक भी लोगों को यहां खींचकर लाता है। जयपुर में जाने पर कपड़ों, रत्नों, जूतियों, बैग आदि की बढ़िया शॉपिंग हो सकती है। आप बापू बाजार, जौहरी बाजार, त्रिपोलिया बाजार, चांदपोल बाजार, किशनपोल बाजार आदि पर खरीदारी कर सकते हैं।
जयपुर में खाने की क्या चीजें प्रसिद्ध हैं
यहां आप दाल बाटी चूरमा, प्याज की कचौरी, गट्टे की सब्जी, मिर्ची बड़ा, केर-सांगरी की सब्जी जरूर खाएं। मीठे के शौकीन घेवर, मावा कचौरी, मालपुआ और रबड़ी, कुल्हड़ वाली लस्सी आदि का स्वाद लें।
