यात्रा

Corbett vs Ranthambore: जंगल सफारी का बना रहे हैं प्लान, पहले जान लें कॉर्बेट और रणथंभौर में 3 फर्क

Corbett vs Ranthambore: जंगल सफारी का अगर आप प्लान कर रहे हैं तो कॉर्बेट जाएं या रणथंभौर ये सवाल आपके मन में भी जरूर आया होगा। तीन बड़े फर्क जानकर आप भी फटाफट से ट्रिप का प्लान कर सकते हैं।

Image

कॉर्बेट vs रणथंभौर

Corbett vs Ranthambore: अगर आप परिवार के साथ या फिर सोलो ट्रिप पर वाइल्डलाइफ सफारी घूमने का प्लान बना रहे हैं तो ये आर्टिकल आपके लिए ही है। ट्रिप प्लान करते समय सबसे बड़ा सवाल यही होता है कि आखिर जिम कॉर्बेट जाएं या रणथंभौर? दोनों ही जगहें टाइगर सफारी (Tiger Safari India) के लिए काफी फेमस हैं, लेकिन अनुभव के मामले में दोनों बिल्कुल अलग हैं। ऐसे में ट्रिप बुक करने से पहले इन 3 बड़े फर्कों को जरूर जान लें जिससे आपकी यात्रा बेस्ट हो जाए।

कहां ज्यादा आसानी से दिखते हैं बाघ

जंगल सफारी का प्लान ज्यादातर लोग बाघ देखने के इरादे से ही करते हैं। ऐसे में अगर आपका सपना कैमरे में शानदार टाइगर की फोटो कैद करना है, तो रणथंभौर जाना आपके लिए ज्यादा बेहतर साबित हो सकता है। यहां का जंगल खुला और सूखा है, इसलिए बाघ दूर से भी आसानी से दिख जाते हैं। कई बार तो टाइगर सड़क पर चलते हुए या झील के किनारे आराम करते दिख जाते हैं। जिम कॉर्बेट का जंगल काफी घना है। यहां जानवर मौजूद तो खूब होते हैं, लेकिन उन्हें स्पॉट करना थोड़ा मुश्किल होता है। कई बार पूरी सफारी निकल जाती है और टाइगर सिर्फ आवाज या हलचल से महसूस होता है।

फोटोग्राफी के लिए बेस्ट जगह

अगर आपको क्लियर और ड्रामेटिक फोटो चाहिए तो रणथंभौर आपके लिए परफेक्ट है। कम रोशनी में भी यहां अच्छी तस्वीरें आ जाती हैं। इसके अलावा यहां पुराने किले, झीलें और खुले मैदान फोटोग्राफी के लिए शानदार माहौल प्रदान करते हैं। लेकिन अगर आपको रोमांच पसंद हैं और आप जंगल का असली मूड कैमरे में कैद करना चाहते हैं तो कॉर्बेट अलग ही लेवल का अनुभव देता है। सुबह की धुंध, नदी किनारे घूमते हाथी और घने जंगल के बीच हिरण यहां का माहौल हर लिहाज से काफी ज्यादा फिल्मी लगता है।

बजट और ट्रैवल में कौन ज्यादा आसान

ट्रैवल के मामले में रणथंभौर की यात्रा करना काफी आसान माना जाता है। होटल, सफारी गेट और बाकी सुविधाएं यहां एक ही एरिया में मिल जाती हैं, इसलिए खर्च और टाइम के हिसाब से आप प्लान कर सकते हैं। वहीं दूसरी तरफ जिम कॉर्बेट में अगर आप प्रीमियम जोन या लग्जरी रिजॉर्ट चुनते हैं, तो बजट थोड़ा बढ़ सकता है। अगर आप सही प्लानिंग करते हैं तो इस बात की काफी संभावना है कि 4-5 दिन की ट्रिप ₹50,000 के अंदर आराम से हो जाए।

आखिर किसे चुनें

अगर आपका फोकस सिर्फ टाइगर देखने पर है तो रणथंभौर बेहतर रहेगा। लेकिन अगर आप सिर्फ टाइगर नहीं, बल्कि पूरा जंगल महसूस करना चाहते हैं तो जिम कॉर्बेट की यात्रा ट्रैवल बकेटलिस्ट में शामिल करें। नदी, पक्षी, हाथी और नेचर का रॉ एक्सपीरियंस आपको जिम कॉर्बेट में देखने को मिल जाएगा।

prabhat sharma
प्रभात शर्मा author

प्रभात शर्मा टाइम्स नाउ हिंदी डिजिटल के फीचर डेस्क में कार्यरत ट्रैवल और लाइफस्टाइल राइटर हैं। यात्राओं के प्रति उनका गहरा जुनून और नई जगहों को समझने–... और देखें

End of Article