Solo Travel Destinations India: अकेले यात्रा करना यानि सोलो ट्रैवल आजकल पर्यटकों के बीच खासा लोकप्रिय हो गया है। लोकप्रिय स्थानों को तो सभी लोग जानते हैं, इसीलिए वे अत्यधिक भीड़भाड़ वाले होते हैं। भीड़भाड़ से दूर कुछ बेहतरीन रोमांच उन शहरों में मिलते हैं जो ज्यादा सुर्खियों में नहीं रहते। हम आपको जिन स्थानों के बारे में बताने जा रहे हैं वह स्थान शांत, सुरक्षित और आपको खुलकर सांस लेने का मौका देते हैं। यहां घूमना-फिरना आसान है, लोग मिलनसार हैं और ऐसे छोटे-छोटे, अप्रत्याशित पलों से भरे हुए हैं जो अकेले यात्रा को और भी ज्यादा खास बनाते हैं। यहां भारत के 4 ऐसे शहर हैं जिन्हें उतनी प्रसिद्धि नहीं मिली है जितना की वो हकदार हैं।
ग्वालियर: इतिहास से समृद्ध शहर ग्वालियर को इस लिस्ट में नबंर 1 पर शामिल किया गया है। यह शांत और खुला हुआ शहर है। इसका विशाल किला, प्राचीन मंदिर और समृद्ध संगीत परंपराएं शहर को एक विशिष्ट पहचान देती हैं। खास बात ये है कि इसका आनंद लेने के लिए आपको भीड़-भाड़ से जूझना नहीं पड़ेगा। यदि आप पुरानी इमारतों और कहानियों को जानने के शौकीन हैं, तो यह जगह आपके लिए ही है।
माजुली: असम में स्थित माजुली, दुनिया के सबसे बड़े नदी द्वीपों में से एक है। यह किसी रहस्य की तरह लगता है। बांस की झोपड़ियां, हाथ से मुखौटे बनाने वाले गांव और प्राचीन मठ इसे एक शांत जादू प्रदान करते हैं जो आपको हर दिन देखने को नहीं मिलता। यहां जीवन धीमी गति से चलता है, और सबसे सरल क्षण भी परिपूर्ण महसूस होते हैं।
मैसूरु: मैसूरु शांत और सुव्यवस्थित लगता है, जहां हर तरफ विरासत की झलक दिखाई देती है। महल, चहल-पहल भरे बाजार और योग केंद्र संस्कृति और शांति का अद्भुत संतुलन प्रदान करते हैं। यह एक ऐसा शहर है जहां सुकून से समय बिताना अच्छा लगता है।
पुडुचेरी: पुडुचेरी में एक ऐसा सुकून भरा माहौल है जो कहीं और मिलना मुश्किल है। यहां आपको फ्रांसीसी शैली की गलियां, रंगीन छोटे कैफे और समुद्र की नमकीन हवा हर कदम पर महसूस होगी। यह शहर पैदल घूमने के लिए बना है, जहां के लोग आपसे बात करना पसंद करते हैं। यहां तक कि साइकिल चलाना या समुद्र तट पर किताब पढ़ना भी एक यादगार अनुभव बन जाता है।
