Best Places to Visit in March with Family: मार्च का महीना घूमने-फिरने के लिए परफेक्ट माना जाता है। इस दौरान न ज्यादा ठंड, न चुभती गर्मी होती है, बस हल्की धूप और खुशनुमा मौसम आपकी ट्रिप में चार चांद लगा देता है। इन दिनों बच्चों की परीक्षाएं खत्म होने लगती हैं और गर्मी की छुट्टियों से पहले फैमिली के साथ क्वालिटी टाइम बिताने का यह बेहतरीन मौका होता है। यदि आप काफी दिन से फैमिली ट्रिप प्लान करने के बारे में सोच रहे हैं, तो आपको इस मार्च फैमिली ट्रिप प्लान कर लेनी चाहिए। आज हम आपको कुछ जगहों के बारे में बताने जा रहे हैं, जो आपकी ट्रैवल लिस्ट में जरूर शामिल होनी चाहिए।
जयपुर
तपती गर्मी से पहले मार्च का महीना जयपुर घूमने के लिए बेस्ट रहता है। यहां आप आमेर किला, सिटी पैलेस और हवा महल जैसी ऐतिहासिक इमारतों को देख सकते हैं। इसके अलावा जयपुर का राजस्थानी खानपान और लोक संस्कृति बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को खूब पसंद आती है। मार्च में होली के आसपास जयपुर की रौनक और भी बढ़ जाती है।
दार्जिलिंग
यदि आप गर्मी की शुरुआत पहाड़ों की ठंडक और सुकून भरी हवा के साथ करना चाहते हैं, तो आपको मार्च में दार्जिलिंग घूमने का प्लान बना लेना चाहिए। मार्च में दार्जिलिंग का मौसम एकदम साफ रहता है और कंचनजंगा की बर्फीली चोटियां दिखाई देती हैं। यहां टॉय ट्रेन की सवारी और चाय बागानों की सैर बच्चों के लिए यादगार अनुभव बन सकती है।
ऋषिकेश
योग नगरी के नाम से पहचान रखने वाला ऋषिकेश गंगा किनारे बसा एक खूबसूरत छोटा सा शहर है। फैमिली के साथ घूमने के लिए ऋषिकेश जाना परफेक्ट है। यहां आप नेचर के नजारे देखने के साथ रिवर राफ्टिंग, कैंपिंग और कई तरह की एक्टिविटीज कर सकते हैं। ऋषिकेश में शाम को होने वाली गंगा आरती आपको परिवार सहित सुकून से भर देगी।
उदयपुर
यदि आप अपनी फैमिली ट्रिप में राजस्थान का शाही अंदाज जोड़ना चाहते हैं, तो उदयपुर घूमने जरूर जाएं। पिछोला झील में बोट राइड, सिटी पैलेस के रॉयल नजारे और बाजार की रॉयल सजावट आपकी फैमिली ट्रिप को हमेशा के लिए यादगार बना देते हैं। मार्च में उदयपुर का मौसम काफी सुहावना होता है, जो इसे घूमने के लिए परफेक्ट बनाता है।
