Kartik Purnima 2026 kab hai: कार्तिक पूर्णिमा हिंदू धर्म में बेहद खास मानी जाती है। कार्तिक महीने की पूर्णिमा तिथि पर पवित्र नदियों में स्नान, दीपदान और दान-पुण्य करने की परंपरा है। मान्यता है कि इस दिन श्रद्धा से पूजा-पाठ करने और जरूरतमंदों की मदद करने से पुण्य फल मिलता है। इसी दिन देव दीपावली भी मनाई जाती है। वाराणसी के घाटों पर इस अवसर पर दीपों की अद्भुत छटा देखने को मिलती है।
साल 2026 में कार्तिक पूर्णिमा की तारीख को लेकर लोगों के मन में कई सवाल हैं। पूर्णिमा तिथि कब शुरू होगी, इसका समापन कब होगा और स्नान-दान के लिए कौन सा दिन शुभ रहेगा? आइए जानते हैं कार्तिक पूर्णिमा 2026 से जुड़ी जरूरी बातें।
कार्तिक पूर्णिमा 2026 की तिथि और समय (Kartik Purnima 2026 Start and End Date)
द्रिक पंचांग के अनुसार, साल 2026 में कार्तिक पूर्णिमा की तिथि 23 नवंबर की रात से शुरू होगी और 24 नवंबर की रात तक रहेगी। इस तरह सूर्योदय की तिथि के आधार पर 24 नवंबर को ही कार्तिक पूर्णिमा 2026 की सही तिथि माना जाएगा।

कार्तिक पूर्णिमा कब से कब तक रहेगी (फोटो: AI)
कार्तिक पूर्णिमा 2026 कब से कब तक रहेगी
- कार्तिक पूर्णिमा तिथि आरंभ: 23 नवंबर 2026, सोमवार, रात 11 बजकर 42 मिनट से
- कार्तिक पूर्णिमा तिथि समाप्त: 24 नवंबर 2026, मंगलवार, रात 8 बजकर 23 मिनट तक
- कार्तिक पूर्णिमा का पर्व: 24 नवंबर 2026, मंगलवार
- चंद्रोदय का समय: शाम 5 बजकर 1 मिनट (नई दिल्ली के अनुसार)
पूर्णिमा तिथि 24 नवंबर को सूर्योदय के समय मौजूद रहेगी। इसलिए उदया तिथि के अनुसार कार्तिक पूर्णिमा का व्रत और पर्व 24 नवंबर को मनाया जाएगा।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें: कार्तिक मास के बाद कौन सा महीना आएगा, जानें मार्गशीर्ष मास कब से शुरू होगाा, कौन से आएंगे प्रमुख व्रत त्योहार
कार्तिक पूर्णिमा 2026 पर गंगा स्नान का मुहूर्त
कार्तिक पूर्णिमा पर सुबह स्नान और दान का विशेष महत्व है। इस दिन सूर्योदय से पहले उठकर किसी पवित्र नदी में स्नान करना शुभ माना जाता है। यह स्नान ब्रह्म मुहूर्त में होता है। 24 नवंबर को ब्रह्म मुहूर्त सुबह 5:03 से 5:57 बजे के बीच रहेगा। इस समय का स्नान विशेष शुभ रहेगी।
इसके लिए गंगा, यमुना और अन्य पवित्र नदियों में स्नान के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। अगर नदी में स्नान करना संभव न हो तो घर पर नहाने के पानी में थोड़ा गंगाजल मिलाकर स्नान कर सकते हैं। इसके बाद भगवान विष्णु और भगवान शिव की पूजा करें। अपनी श्रद्धा के अनुसार अन्न, वस्त्र, तिल और जरूरत की दूसरी चीजों का दान करें।
