यात्रा

तारों की दुनिया का दरवाजा, भारत का खास स्टारगेजिंग स्पॉट, एस्ट्रोनॉमी प्रेमियों का हॉटस्पॉट

Astro Tourism India: भारत का पहला डार्क स्काई रिजर्व घूमने का आप प्लान कर सकते हैं। हाल ही में, यहां लाल ऑरोरा का दुर्लभ दृश्य देखने को मिला है। इस जगह का साफ आसमान और उच्च ऊंचाई इसे तारे देखने के लिए एक आदर्श स्थान बनाते हैं। खगोल प्रेमियों को ये जगह काफी आकर्षित करती है। मार्च से अक्टूबर के बीच का समय यहां यात्रा के लिए सबसे अच्छा माना जाता है।

Image

भारत का खास स्टारगेजिंग स्पॉट

Offbeat Ladakh Destinations: यूनीक ट्रैवल डेस्टिनेशन की तलाश में हैं तो ये आर्टिकल आपके बेहद काम आने वाला है। लद्दाख का हानलेगांव आपकी ट्रैवल बकेट लिस्ट में शामिल हो सकता है जिसे लोग दुनिया की छत जैसा मानते हैं, वहां हाल ही में एक गजब का नजारा देखने को मिला है। ये गांव ऊंचे पहाड़ों, पत्थरीली जमीन और सूखे इलाकों के बीच बसा हुआ है। सबसे खास बात ये है कि हानले भारत का पहला डार्क स्काई रिजर्व है। यानी यहां रात में आसमान इतना साफ दिखता है कि तारे मानो हाथ बढ़ाकर छू लो।

इसी वजह से ये जगह खगोल विज्ञान और स्टारगेजिंग के शौकीनों की फेवरेट बन चुकी है। हाल ही में 19 और 20 जनवरी को यहां का आसमान अचानक लाल रोशनी से चमक उठा। ये कोई आम बात नहीं थी। दरअसल, ये सब एक तेज सौर तूफान की वजह से हुआ। सूरज से एक शक्तिशाली X-क्लास सोलर फ्लेयर निकली, जिससे चार्ज कणों का बड़ा गुच्छा पृथ्वी की तरफ आया। जब ये कण पृथ्वी के वातावरण से टकराए, तो हानले के आसमान में लाल ऑरोरा जैसा नजारा दिखा।

भारत में ऑरोरा देखना बहुत ही दुर्लभ माना जाता है, इसलिए ये दृश्य लोगों के लिए किसी जादू से कम नहीं था। हानले एक बार फिर साबित कर गया कि ये सिर्फ एक गांव नहीं, बल्कि आसमान के रहस्यों को देखने की खास जगह है। हालांकि, इस खूबसूरत दृश्य के पीछे कुछ खतरनाक पहलू भी हैं। NASA और ISRO ने चेतावनी दी है कि इस प्रकार के सौर तूफान पृथ्वी के मैग्नेटिक शील्ड को संकुचित कर सकते हैं, जिससे GPS सिग्नल में रुकावट, बैंकों के नेटवर्क में गड़बड़ी, और बिजली ग्रिड में करंट का प्रवाह हो सकता है।

हानले का प्रमुख आकर्षण इसका डार्क स्काई रिजर्व है, जो प्रति वर्ष लगभग 280 साफ आसमान की रातों का अनुभव कराता है। इसकी ऊंचाई लगभग 4500 मीटर और दूरदर्शिता इसे तारे देखने के लिए एक आदर्श स्थान बनाती है। यहां भारतीय खगोल भौतिकी वेधशाला (IAO) भी स्थित है, जो खगोल प्रेमियों को आकर्षित करती है।

हानले गांव, जो कि पिछले एक दशक में पर्यटन मानचित्र पर आया है, अब हर साल विभिन्न प्रकार के यात्रियों का स्वागत करता है। यहां के स्थानीय होमस्टे जैसे पद्मा होमस्टे और हानले हाउस रिसॉर्ट, यात्रा के दौरान ठहरने के लिए सुविधाएं प्रदान करते हैं। हानले यात्रा के लिए सबसे अच्छा समय मार्च से अक्टूबर के बीच होता है, जब आसमान साफ और तापमान सहनीय होता है। हानले तक पहुंचने के लिए, लेह से 270 किलोमीटर की दूरी तय करनी होती है, जिसमें लगभग 10 घंटे लगते हैं। हानले की यात्रा के लिए एक आंतरिक लाइन परमिट की आवश्यकता होती है।

इस प्रकार, हानले का यह अद्भुत अनुभव न केवल खगोल प्रेमियों के लिए, बल्कि उन सभी के लिए एक यादगार यात्रा बन सकता है जो प्रकृति की सुंदरता और आकाशीय अद्भुतताओं का आनंद लेना चाहते हैं।

prabhat sharma
प्रभात शर्माauthor

प्रभात शर्मा टाइम्स नाउ हिंदी डिजिटल के फीचर डेस्क में कार्यरत ट्रैवल और लाइफस्टाइल राइटर हैं। यात्राओं के प्रति उनका गहरा जुनून और नई जगहों को समझने–परखने की क्षमता उनकी लेखन शैली को बेहद जीवंत और पाठकों से जोड़ने वाली बनाती है। वे ऑफबीट डेस्टिनेशन, लोकल कल्चर, हेरिटेज साइट्स, रोड ट्रिप्स, फूड जर्नी और बजट ट्रैवल जैसे विषयों पर मजबूत पकड़ रखते हैं। प्रभात की स्टोरीज़ सिर्फ जानकारी नहीं देतीं, बल्कि यात्रा के माहौल, भाव और अनुभव को भी महसूस कराती हैं। अब तक 7,000 से अधिक कंटेंट लिख चुके प्रभात अपनी सहज भाषा, प्रामाणिक जानकारी और अनुभव-आधारित दृष्टिकोण के लिए जाने जाते हैं।

और पढ़ें
End of Article