यात्रा

Airline News: दुनिया की सबसे लंबी नॉन-स्टॉप फ्लाइट, यात्रियों के लिए होगा अनोखा अनुभव

Airline News: दुनिया की सबसे लंबी नॉन-स्टॉप फ्लाइट का सपना सच होने के काफी करीब है। 22 घंटे की यह नॉन-स्टॉप फ्लाइट यात्रा की दुनिया में एक नया इतिहास लिख सकती है।

Image

दुनिया की सबसे लंबी नॉन-स्टॉप फ्लाइट (फोटो: AI)

Airline News: दुनिया की सबसे लंबी हवाई यात्रा का सपना सच होने के काफी करीब पहुंच गया है। सुनने में आपको भले ही ये किसी फिल्म की कहानी जैसा लगे लेकिन ऑस्ट्रेलिया की एयरलाइन Qantas अपने प्रोजेक्ट सनराइज के जरिए दुनिया की सबसे लंबी नॉन-स्टॉप फ्लाइट शुरू करने की तैयारी कर रही है। हाल ही में इस प्रोजेक्ट के लिए खास तौर पर तैयार किए गए Airbus A350-1000ULR ने फ्रांस के टूलूज शहर में अपनी पहली टेस्ट उड़ान भरी। यह विमान इतना दमदार है कि बिना ईंधन भरे करीब 10,000 नॉटिकल मील तक उड़ सकता है।

अगर सब कुछ योजना के मुताबिक रहा तो आने वाले समय में यात्री सिडनी से सीधे लंदन या न्यूयॉर्क तक उड़ान भर सकेंगे। सबसे बड़ी बात यह है कि बीच में किसी एयरपोर्ट पर रुकने या फ्लाइट बदलने की जरूरत नहीं होगी। इससे यात्रियों का कई घंटों का समय भी बचेगा।

क्या है इस विमान की खासियत?

इस विमान को लंबी दूरी की उड़ानों के लिए खास तरीके से डिजाइन किया गया है। इसमें एक अतिरिक्त 20,000 लीटर का फ्यूल टैंक लगाया गया है, जिससे इसकी उड़ान क्षमता और बढ़ जाती है। एयरलाइन का लक्ष्य है कि यह विमान करीब 22 घंटे तक लगातार उड़ान भर सके।

यात्रियों को मिलेगा ज्यादा आराम

22 घंटे की फ्लाइट सुनकर थकान महसूस हो सकती है, लेकिन एयरलाइन ने यात्रियों के आराम का भी पूरा ध्यान रखा है। विमान में सिर्फ 238 यात्रियों के बैठने की व्यवस्था होगी, जिससे ज्यादा जगह मिलेगी। इसके अलावा बड़े केबिन, आरामदायक सीटें और खास वेलनेस जोन बनाए जाएंगे, जहां यात्री टहल सकेंगे, स्ट्रेचिंग कर सकेंगे और लंबे सफर के दौरान खुद को तरोताजा रख सकेंगे।

Qantas को उम्मीद है कि उसे पहला विमान अप्रैल 2027 तक मिल जाएगा और तभी से यात्रा भी शायद शुरू हो सके। फिलहाल यात्रियों को इस फ्लाइट के लिए थोड़ा इंतजार करना होगा, लेकिन इतना तय है कि बिना रुके आधी दुनिया पार करने का सपना अब दूर नहीं है। ऐसे में हो ना हो हर यात्री का सपना कम से कम इस फ्लाइट से सफर करने का जरूर होगा जो अपने आप में किसी रोमांच से कम नहीं रहने वाला।

prabhat sharma
प्रभात शर्माauthor

प्रभात शर्मा टाइम्स नाउ हिंदी डिजिटल के फीचर डेस्क में कार्यरत ट्रैवल और लाइफस्टाइल राइटर हैं। यात्राओं के प्रति उनका गहरा जुनून और नई जगहों को समझने–परखने की क्षमता उनकी लेखन शैली को बेहद जीवंत और पाठकों से जोड़ने वाली बनाती है। वे ऑफबीट डेस्टिनेशन, लोकल कल्चर, हेरिटेज साइट्स, रोड ट्रिप्स, फूड जर्नी और बजट ट्रैवल जैसे विषयों पर मजबूत पकड़ रखते हैं। प्रभात की स्टोरीज़ सिर्फ जानकारी नहीं देतीं, बल्कि यात्रा के माहौल, भाव और अनुभव को भी महसूस कराती हैं। अब तक 7,000 से अधिक कंटेंट लिख चुके प्रभात अपनी सहज भाषा, प्रामाणिक जानकारी और अनुभव-आधारित दृष्टिकोण के लिए जाने जाते हैं।

और पढ़ें
End of Article