road trips India: ज्यादातर लोग जब नॉर्थ इंडिया में रोड ट्रिप का प्लान करते हैं तो आमतौर पर दिल्ली से आगरा या दिल्ली से देहरादून जैसे मार्गों का जिक्र ही करते हैं। हालांकि, हाल के आंकड़े यह दर्शाते हैं कि लोग अब इन पारंपरिक मार्गों के अलावा भी नई जगहों की तलाश कर रहे हैं। हाल ही में जारी Uber Intercity Travel Index (अप्रैल-जून 2026) के आंकड़ों से पता चलता है कि भारत में कई छोटे शहरों को जोड़ने वाले रोड ट्रिप रूट तेजी से लोकप्रिय हो रहे हैं। खास बात यह है कि इनमें ज्यादातर रास्ते टियर-2 शहरों के बीच हैं, जहां लोग कम समय में आरामदायक सफर कर सकते हैं।
अहमदाबाद से वडोदरा
गुजरात का अहमदाबाद से वडोदरा रोड ट्रिप रूट इन दिनों काफी पसंद किया जा रहा है। करीब दो घंटे का यह सफर उन लोगों के लिए बेहतरीन है, जो कम समय में एक छोटी छुट्टी का मजा लेना चाहते हैं। अहमदाबाद अपनी शानदार स्ट्रीट फूड संस्कृति और पुराने शहर की विरासत के लिए मशहूर है। वहीं वडोदरा में लक्ष्मी विलास पैलेस, म्यूजियम और खूबसूरत गार्डन देखने को मिलते हैं। यही वजह है कि लोग इस रूट को वीकेंड ट्रिप या डे ट्रिप के लिए चुन रहे हैं।
इंदौर से उज्जैन
उज्जैन का नाम सुनते ही सबसे पहले महाकालेश्वर मंदिर याद आता है। लेकिन अब इंदौर से उज्जैन जाने वाले लोगों की संख्या सिर्फ दर्शन तक सीमित नहीं रह गई है। इंदौर से उज्जैन का सफर करीब एक घंटे का है, इसलिए लोग यहां मंदिर दर्शन के साथ-साथ स्थानीय खाना, बाजार और शहर की संस्कृति को भी एक्सप्लोर कर रहे हैं। इंदौर की मशहूर खाने की गलियां और उज्जैन की आध्यात्मिक विरासत मिलकर इसे एक शानदार वीकेंड डेस्टिनेशन बना रही हैं।
तिरुवनंतपुरम से कोच्चि
केरल हमेशा से अपनी प्राकृतिक खूबसूरती के लिए जाना जाता है, लेकिन अब तिरुवनंतपुरम से कोच्चि रोड ट्रिप भी यात्रियों के बीच लोकप्रिय हो रहा है। तिरुवनंतपुरम अपने मंदिरों, त्योहारों और सांस्कृतिक विरासत के लिए मशहूर है। वहीं कोच्चि अपनी पुरानी इमारतों, आर्ट गैलरी, कैफे और समुद्री माहौल के लिए जाना जाता है। इस छोटे से सफर में यात्रियों को केरल के दो अलग-अलग रंग देखने को मिल जाते हैं।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़े: ऊटी या दार्जिलिंग-2026 की गर्मी में कहां जाएं घूमने, कौन सी जगह है असली पहाड़ों की रानी
रांची से जमशेदपुर
झारखंड को आमतौर पर बड़े रोड ट्रिप डेस्टिनेशन के रूप में नहीं देखा जाता, लेकिन अब रांची से जमशेदपुर का रास्ता लोगों को आकर्षित कर रहा है। इस रूट पर हरियाली, शांत वातावरण और खूबसूरत नजारे देखने को मिलते हैं। रांची के झरने और जमशेदपुर के पार्क व झीलें इस सफर को खास बना देते हैं। अगर आप भीड़ से दूर शांत जगह पर घूमना चाहते हैं तो यह एक अच्छा विकल्प हो सकता है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़े: भारत में बढ़ रहा है Second City Tourism का ट्रेंड, जानें क्यों बदल रही है घूमने की सोच
कानपुर से लखनऊ
कानपुर और लखनऊ दोनों ही शहर अपनी अलग पहचान रखते हैं। अब इन दोनों शहरों के बीच का सफर भी तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। यह रोड ट्रिप खाने के शौकीनों और इतिहास पसंद करने वाले लोगों के लिए खास है। लखनऊ के मशहूर कबाब, पुराने बाजार और ऐतिहासिक इमारतें यात्रियों को अपनी ओर आकर्षित करती हैं। कम समय में घूमने के लिए यह रूट एक अच्छा विकल्प बन रहा है।
