रोहित शर्मा भारतीय क्रिकेट खिलाड़ी और मौजूदा कप्तान हैं। उनका पूरा नाम रोहित गुरुनाथ शर्मा है। उनका जन्म 30 अप्रैल, 1987 को महाराष्ट्र के नागपुर जिले के बांसोड़ में हुआ था। रोहित शर्मा को करियर की शुरुआत से ही बेहद प्रतिभाशाली खिलाड़ी माना जाता था। रोहित ने 23 जून, 2007 को आयरलैंड के खिलाफ भारत के लिए वनडे डेब्यू किया था। इसी साल पहले टी20 विश्व कप के दौरान उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय टी20 डेब्यू किया था। वो साल 2007 में टी20 विश्व कप जीतने वाली भारतीय टीम के सदस्य रहे थे।
रोहित शर्मा को अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाने में लंबा वक्त लगा। साल 2013 में एमएस धोनी ने उन्हें वनडे टीम में बतौर ओपनर आजमाया उसके बाद उनके करियर की तस्वीर पूरी तरह बदल गई। रोहित ने उसके बाद सीमित ओवरों की क्रिकेट में रनों की ऐसी बारिश की जो आज तक जारी है। रोहित शर्मा के नाम वनडे क्रिकेट में तीन दोहरे शतक जड़ने का रिकॉर्ड दर्ज है। उन्होंने 13 नवंबर, 2014 को श्रीलंका के खिलाफ वनडे क्रिकेट में 264 रन की पारी खेली थी। ये वनडे क्रिकेट इतिहास की सबसे बड़ी पारी के रूप में आज भी दर्ज है। रोहित शर्मा ने साल 2019 में इंग्लैंड में आयोजित वनडे विश्व कप के दौरान पांच शतक जड़ने का कारनामा कर दिखाया। ऐसा विश्व कप के इतिहास में और कोई खिलाड़ी उनसे पहले नहीं कर सका था।