क्रिकेट

रोहित के IPL संन्यास का अभी समय नहीं, हार्दिक नहीं रहेंगे MI के साथ; अश्विन ने बड़ा बयान देते हुए नमन धीर को बताया भविष्य का कप्तान

अश्विन का यह भी मानना ​​है कि हार्दिक पांड्या ट्रेड के जरिए मुंबई इंडियंस छोड़ सकते हैं। बशर्ते फ्रेंचाइजी आखिरी समय में उन्हें रिटेन करने का फैसला न ले। उन्होंने सुझाव दिया कि इस संभावित डील के तहत, मुंबई इंडियंस पंजाब किंग्स से किसी लेग-स्पिनर या भारतीय बाएं हाथ के तेज गेंदबाज को अपनी टीम में शामिल करने का लक्ष्य रख सकती है।

Image

अश्विन ने रोहित और हार्दिक पर दिया बड़ा बयान। फाइल फोटो

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। भारत के पूर्व ऑफ-स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने इस बात को खारिज कर दिया है कि मुंबई इंडियंस (MI) के स्टार बल्लेबाज रोहित शर्मा अगले साल अपना आखिरी इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) सीजन खेलेंगे। अश्विन ने कहा कि रोहित शर्मा के संन्यास लेने का समय अभी तय नहीं है। उन्होंने दिग्गज विकेटकीपर-बल्लेबाज एमएस धोनी का उदाहरण देते हुए कहा कि जैसे धोनी लंबे समय तक खेलते रहे, वैसे ही रोहित भी खेल सकते हैं। उन्होंने नमन धीर को मुंबई इंडियंस के भविष्य का कप्तान बताया।

आर अश्विन ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, हमें नहीं पता कि वह (रोहित) सिर्फ एक और साल खेलेंगे या उससे ज्यादा समय तक। धोनी के बारे में भी ऐसा ही कहा जाता था, लेकिन वे कई सालों तक खेलते रहे और संभव है कि अगले सीजन में वे फिर से एक खिलाड़ी के तौर पर वापसी करें। भविष्य में, मैं नमन धीर को भी कप्तानी के एक विकल्प के तौर पर देख सकता हूं, क्योंकि उनमें काफी स्पष्टता है और वे दबाव में भी शांत रहते हैं।

रोहित शर्मा ने IPL के इतिहास में खुद को सबसे बेहतरीन बल्लेबाजों में से एक के रूप में स्थापित किया है। उन्होंने 281 मैचों में 7,329 रन बनाए हैं। इस अनुभवी दाएं हाथ के बल्लेबाज का सर्वोच्च स्कोर नाबाद 109 रन है, उनका औसत 29.91 और स्ट्राइक रेट 132.92 है। उनके IPL रिकॉर्ड में दो शतक और 49 अर्धशतक शामिल हैं। साथ ही उन्होंने 661 चौके और 323 छक्के भी लगाए हैं।

रोहित ने 2008 में डेक्कन चार्जर्स के साथ अपने IPL करियर की शुरुआत की थी और 2011 में वे मुंबई इंडियंस से जुड़ गए। अपने करियर के दौरान उन्होंने छह IPL खिताब जीते हैं। एक 2009 में डेक्कन चार्जर्स के साथ और पांच मुंबई इंडियंस के साथ। उनकी कप्तानी में, मुंबई इंडियंस ने 2013, 2015, 2017, 2019 और 2020 में ट्रॉफी जीती। इससे टूर्नामेंट के इतिहास में वे सबसे सफल कप्तानों में से एक बन गए।

अश्विन का यह भी मानना है कि हार्दिक पांड्या ट्रेड के जरिए मुंबई इंडियंस छोड़ सकते हैं। बशर्ते फ्रेंचाइजी आखिरी समय में उन्हें रिटेन करने का फैसला न ले। उन्होंने सुझाव दिया कि इस संभावित डील के तहत, मुंबई इंडियंस पंजाब किंग्स से किसी लेग-स्पिनर या भारतीय बाएं हाथ के तेज गेंदबाज को अपनी टीम में शामिल करने का लक्ष्य रख सकती है।

अश्विन ने कहा, यह लगभग तय है कि हार्दिक MI के साथ नहीं रहेंगे, जब तक कि वे आखिरी समय में उन्हें रिटेन करने की कोशिश न करें। लेकिन मुझे पूरा यकीन है कि उन्हें ट्रेड कर दिया जाएगा। MI ट्रेड के जरिए एक लेग-स्पिनर की तलाश कर सकती है। यहां तक कि ऐसी भी चर्चा थी कि MI, हार्दिक के बदले PBKS से किसी भारतीय बाएं हाथ के तेज गेंदबाज को लेने की कोशिश कर रही थी।

गुजरात टाइटंस से मुंबई इंडियंस में लौटने के बाद, 2024 में हार्दिक पांड्या ने टीम की कमान संभाली और रोहित शर्मा की जगह ली। उनके कप्तान बनने पर फैंस ने काफी सवाल उठाए। टीम के लिए यह सीजन बहुत मुश्किल रहा और वे 14 मैचों में सिर्फ 4 जीत के साथ पॉइंट्स टेबल में सबसे नीचे रहे। 2025 में हार्दिक की कप्तानी में टीम ने वापसी की। मुंबई इंडियंस लीग स्टेज में चौथे नंबर पर रहकर प्लेऑफ में पहुंची, लेकिन क्वालिफायर-2 में पंजाब किंग्स से हारने के बाद उनका सफर वहीं खत्म हो गया।

हालांकि, 2026 का सीजन निराशाजनक रहा। MI अपने पहले 12 मैचों में केवल 4 जीत ही हासिल कर पाई और अंत में 4 जीत और 10 हार के साथ नौवें स्थान पर रही। हार्दिक की कप्तानी में तीन सीजन के भीतर दूसरी बार टीम का प्लेऑफ में न पहुंच पाना, उनकी कप्तानी पर और भी सवाल खड़े कर गया और कप्तान के तौर पर उनके भविष्य को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई।

Umesh Kumar
उमेश कुमारauthor

उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article