क्रिकेट

रोहित शर्मा की खराब फॉर्म ने बढ़ाई ओझा की मुश्किलें, दोस्ती में दरार पड़ने की आ सकती है नौबत!

प्रज्ञान ओझा के सामने अब यह कठिन सवाल है कि क्या केवल रोहित का खेलने का जज्बा ही उन्हें दक्षिण अफ्रीका में होने वाले वनडे वर्ल्ड कप के इस सबसे बड़े आयोजन के लिए भारतीय टीम में जगह दिलाने के लिए पर्याप्त होगा? न्यूजीलैंड की चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में पूर्व भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने चार वनडे पारियों में महज 30 रन बना पाए।

Image

प्रज्ञान ओझा के सामने मुश्किल चुनौती।

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। जूनियर क्रिकेट के दिनों में पनपी दोस्ती इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) और तत्कालीन राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (NCA) के प्रशिक्षण शिविरों के दौरान और गहरी हुई, लेकिन आज रोहित शर्मा और प्रज्ञान ओझा एक ऐसी पेचीदा परिस्थिति में खड़े हैं, जिसका समाधान भारत को अगले साल होने वाले विश्व कप से पहले तलाशना होगा। राष्ट्रीय चयन समिति के प्रमुख ओझा भारतीय टीम के अलावा आईपीएल में डेक्कन चार्जर्स और फिर मुंबई इंडियन्स के लिए रोहित साथ खेल चुके है। ओझा के सामने यह मुश्किल स्थिति रोहित शर्मा का बल्ले से लगातार गिरता प्रदर्शन और इसके बावजूद खेलते रहने का उनका दृढ़ संकल्प है।

ओझा के सामने अब यह कठिन सवाल है कि क्या केवल रोहित का खेलने का जज्बा ही उन्हें दक्षिण अफ्रीका में होने वाले वनडे वर्ल्ड कप के इस सबसे बड़े आयोजन के लिए भारतीय टीम में जगह दिलाने के लिए पर्याप्त होगा? न्यूजीलैंड की चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में पूर्व भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने चार वनडे पारियों में महज 30 रन बना पाए। इस साल की शुरुआत में इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज से पहले तत्कालीन मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर के कहने पर रोहित से मुलाकात करने वाले ओझा ही थे।

संन्यास का प्रस्ताव रास नहीं आया था

इस मुलाकात का मकसद यह जानना था कि क्या रोहित लॉर्ड्स में संन्यास लेने के प्रस्ताव पर विचार करने को तैयार हैं। रोहित को हालांकि, यह प्रस्ताव रास नहीं आया। उन्होंने भारतीय क्रिकेट के शीर्ष अधिकारियों तक अपनी नाराजगी भी पहुंचा दी। इसका नतीजा अगरकर के साथ बेहद तल्ख विदाई के रूप में सामने आया। अगरकर के जाने के बाद अब पूरी जिम्मेदारी ओझा के कंधों पर आ गई है। मुख्य कोच गौतम गंभीर ने बिना किसी खिलाड़ी का नाम लिए हाल ही में न्यूजीलैंड के खिलाफ संपन्न सीरीज में शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों के बार-बार लड़खड़ाने पर चिंता जताई है।

बेअसर रहे न्यूजीलैंड दौरे पर

भारतीय टीम ने हालांकि, अपनी गेंदबाजी के शानदार प्रदर्शन के दम पर बल्लेबाजी की कमजोरियों की भरपाई करते हुए सीरीज 3-1 से अपने नाम की। अगले साल भारत में छह वनडे मुकाबले खेले जाने हैं। टीम 9 अक्टूबर (2027) से शुरू होने वाले विश्व कप की तैयारियों के निर्णायक चरण में प्रवेश करेगी। घरेलू मैदान पर वेस्टइंडीज के खिलाफ बनाए गए उनके रन भी न्यूजीलैंड की बदली हुई परिस्थितियों में बेअसर साबित हुए थे। न्यूजीलैंड के खिलाफ वह केवल रनों के लिए ही संघर्ष करते नहीं दिखे, बल्कि उछाल और गेंद की स्विंग के सामने भी असहज नजर आए।

भविष्य को लेकर खतरा

रोहित के विजय हजारे ट्रॉफी में भी खेलने की संभावना है, लेकिन वहां एक शतक जड़ देना उनकी तकनीकी और मौजूदा फॉर्म से जुड़ी तमाम समस्याओं का समाधान नहीं हो सकता। यह जरूरी नहीं कि हर कठिन बातचीत का नतीजा सुखद ही निकले। यह भी किसी से छिपा नहीं है कि चैंपियंस ट्रॉफी जिताने के बावजूद अगरकर द्वारा रोहित से वनडे टीम की कप्तानी वापस लिए जाने के बाद दोनों की निजी दोस्ती में दरार आ गई थी। न्यूजीलैंड सीरीज के बाद अब ओझा को यह जानना जरूरी है कि रोहित अपने भविष्य को लेकर क्या सोच रहे हैं। दूसरी ओर, रोहित के लिए भी यह स्पष्ट होना चाहिए कि विश्व कप को ध्यान में रखते हुए चयन समिति की आगे की योजना क्या है।

    Umesh Kumar
    उमेश कुमारauthor

    उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 8 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

    और पढ़ें
    End of Article