हार्दिक पांड्या भारतीय क्रिकेटर हैं। हार्दिक एक ऑलराउंडर हैं जो दाहिने हाथ से बल्लेबाजी और तेज गेंदबाजी करते हैं। हार्दिक पांड्या का जन्म 11 अक्टूबर, 1993 को गुजरात के चोरयासी में हुआ था। वो घरेलू क्रिकेट में बड़ौदा की ओर से खेलते हैं। हार्दिक पांड्या के अंतरराष्ट्रीय करियर की शुरुआत साल 2016 में हुई थी। 26 जनवरी, 2016 को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एडिलेड में उन्होंने करियर का पहला अंतरराष्ट्रीय टी20 मुकाबला खेला था। उसके बाद इसी साल धर्मशाला में न्यूजीलैंड के खिलाफ उन्हें वनडे डेब्यू का मौका भी मिल गया। 26 जुलाई, 2017 को हार्दिक ने श्रीलंका के खिलाफ गॉल में टेस्ट डेब्यू किया था। हार्दिक को बतौर ऑलराउंडर पहचान इंडियन प्रीमियर लीग में मुंबई इंडियन्स की ओर से खेलते हुए मिली थी। उसके बाद उन्होंने पीछे मुड़कर कभी नहीं देखा। उन्होंने साल 2022 में गुजरात टाइटन्स की कप्तानी करते हुए उसे पहले ही सीजन में खिताब दिला दिया। हार्दिक पांड्या का करियर चोटों से प्रभावित रहा है।