क्रिकेट

दो-तीन सप्ताह में बदल सकती है चीजें, रोहित-विराट के वनडे वर्ल्ड कप भविष्य पर बोले आशीष नेहरा

टीम इंडिया के पूर्व गेंदबाज आशीष नेहरा ने रोहित-विराट के वनडे वर्ल्ड कप भविष्य पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा '13 महीने काफी लंबा समय है लेकिन इन खिलाड़ियों के लिए उम्र सिर्फ एक संख्या है।

Image

रोहित शर्मा और विराट कोहली (साभार-X)

वनडे वर्ल्ड कप 2027 में रोहित शर्मा और विराट कोहली टीम इंडिया का हिस्सा होंगे या नहीं, इस बात की चर्चा आए दिन होते रहती है। अब इस पर पूर्व भारतीय गेंदबाज आशीष नेहरा ने अपनी राय रखी है। नेहरा ने जो कहा है वो शायद विराट और रोहित के फैंस को अच्छी ना लगे। बंगाल क्रिकेट संघ (सीएबी) के वार्षिक पुरस्कार समारोह में विशेष अतिथि के तौर पर शामिल हुए नेहरा ने कहा '2027 का वनडे विश्व कप दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में होना है। उस समय रोहित 40 और कोहली 39 वर्ष के होंगे।

उन्होंने कहा, "हमने देखा है कि सिर्फ भारतीय क्रिकेट में ही नहीं, बल्कि किसी भी खेल में दो-तीन सप्ताह पहले भी चीजें बदल जाती हैं। अगर वे अच्छा खेल रहे हैं, प्रदर्शन कर रहे हैं तो क्यों नहीं? इन खिलाड़ियों के मामले में किसी भी कोच या कप्तान के लिए फैसला आसान नहीं होगा। नेहरा ने कहा, "13 महीने काफी लंबा समय है लेकिन इन खिलाड़ियों के लिए उम्र सिर्फ एक संख्या है। मैं किसी तरह की निश्चितता की बात नहीं कर रहा हूं।"

क्या टीम इंडिया के कोच बनना चाहते हैं नेहरा?

आशीष नेहरा से जब टीम इंडिया के हेड कोच बनने को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने इसका जवाब बेबाकी से दिया। नेहरा ने कहा कि वह भविष्य की भूमिकाओं की योजना नहीं बनाते और फिलहाल गुजरात टाइटंस के साथ अपनी जिम्मेदारी से खुश हैं। उन्होंने कहा, "सबसे पहले तो मैं इसे महत्वाकांक्षा नहीं कहूंगा। मैं कभी चीजों की योजना नहीं बनाता। हां, यह मेरे लिए बहुत बड़ा सम्मान और सौभाग्य होगा, लेकिन मैं इस तरह की चीजों की योजना नहीं बनाता। भविष्य में देखेंगे। कोई महत्वाकांक्षा नहीं है। मैं जहां हूं, वहां बहुत खुश हूं।"

शुभमन गिल कप्तानी सीख रहे हैं

नेहरा ने शुभमन गिल की कप्तानी को लेकर भी अपनी राय रखी। उन्होंने कहा 'भारत के टेस्ट और वनडे कप्तान शुभमन गिल अभी नेतृत्व के मामले में ’सीखने के दौर’ में हैं और अनुभव के साथ उनकी कप्तानी में लगातार सुधार होगा। पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज ने कहा, "आप समय के साथ सीखते हैं और अचानक कोई खिलाड़ी भारत के लिए दो प्रारूपों में कप्तानी कर रहा होता है। वह समय के साथ बेहतर ही होने वाला है।"

हार्दिक और गिल की कप्तानी में अंतर

नेहरा और हार्दिक की जोड़ी ने साल 2022 में गुजरात टाइटंस को आईपीएल चैंपियन बनाया था। इतना ही नहीं 2023 में इस जोड़ी ने जीटी को फाइनल तक पहुंचाया। लेकिन हार्दिक के जाने के बाद गिल को इसकी कमान मिली। गिल की कप्तानी में जीटी पिछले आईपीएल सत्र में रनर-अप रही। आशीष नेहरा ने दोनों की कप्तानी के बारे में तुलना करते हुए कहा, "दोनों एक-दूसरे से बिल्कुल अलग हैं। आप उत्तर और दक्षिण ध्रुव की बात कर रहे हैं। दोनों ही ऐसे खिलाड़ी थे, जिन्होंने बहुत ज्यादा कप्तानी नहीं की थी। यह कुछ ऐसा ही था, जैसे मैंने भी बहुत ज्यादा कोचिंग नहीं की थी।"
Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article