क्रिकेट

किरोन पोलार्ड ने हार्दिक पांड्या के आईपीएल 2026 में बतौर कप्तान प्रदर्शन को लेकर दिया बड़ा बयान

राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ हार के साथ आईपीएल 2026 का अंत करने वाली मुंबई इंडियन्स के बैटिंग कोच किरोन पोलार्ड ने हार्दिक पांड्या की कप्तानी प्रदर्शन पर बड़ा बयान दिया है।

Image

मुंबई इंडियन्स (फोटो क्रेडिट IPL/BCCI)

मुंबई: राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ लीग चरण के आखिरी मुकाबले में मिली शिकस्त के बाद मुंबई इंडियन्स के बल्लेबाजी कोच कीरोन पोलार्ड ने स्वीकार किया कि कप्तान हार्दिक पंड्या का नेतृत्व कार्यकाल वैसा नहीं रहा, जैसी खिलाड़ी और फ्रेंचाइजी दोनों को उम्मीद थी। इस हार के साथ ही पंड्या की अगुवाई वाली मुंबई इंडियन्स का अभियान 10 टीमों की अंक तालिका में नौवें स्थान पर खत्म हुआ।

जैसी चाहते थे वैसी नहीं रही हार्दिक की कप्तानी

पोलार्ड ने मैच के बाद पत्रकारों से बातचीत में कहा,'नेतृत्व के नजरिए से देखें तो हार्दिक के लिए यह वैसा नहीं रहा जैसा वह व्यक्तिगत रूप से चाहते थे। शायद यह वैसा भी नहीं रहा जैसा टीम प्रबंधन चाहता था। लेकिन एक बात निश्चित है कि हमने उन्हें टीम का नेतृत्व करने और सफल होने का हर संभव अवसर देने की कोशिश की।'

खराब प्रदर्शन है सामूहिक विफलता

पोलार्ड ने टीम के खराब प्रदर्शन को सामूहिक विफलता बताया और किसी एक खिलाड़ी को जिम्मेदार ठहराने से इनकार किया। उन्होंने 14 मैचों में टीम की 10वीं हार के बाद कहा,'यहां बैठकर किसी एक पर दोष मढ़ने का सवाल नहीं है। जब आप हारते हैं तो आपको सामूहिक रूप से आत्ममंथन करना पड़ता है। हार्दिक कोशिश कर रहे थे, हम सभी कोशिश कर रहे थे, लेकिन चीजें हमारे पक्ष में नहीं गईं। अब समय सुधार करने का है। हम बैठकर चर्चा करेंगे और देखेंगे कि टीम के लिए सबसे बेहतर क्या हो सकता है। उम्मीद है कि अगले 12 महीनों में हम और मजबूत होकर लौटेंगे।'

कुछ पहलुओं की होगी समीक्षा

टीम में बदलाव की संभावना पर पोलार्ड ने कहा कि फिलहाल भावनात्मक फैसले लेने का समय नहीं है,हालांकि कुछ पहलुओं की समीक्षा जरूरी होगी। उन्होंने कहा,'अभी इस बारे में बात करने का सही समय नहीं है। हर किसी को समय चाहिए ताकि वह शांत दिमाग से मूल्यांकन कर सके कि आखिर हमसे कहां गलती हुई। जल्दबाजी में कोई फैसला लेना प्रबंधन की दृष्टि से गैरजिम्मेदाराना होगा।'

बुमराह को आराम देना था समझदारी भरा कदम

पोलार्ड ने टीम के इस आखिरी लीग मैच में तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को आराम देने के फैसले को 'समझदारी भरा कदम' करार दिया। उन्होंने कहा,'जसप्रीत ऐसा खिलाड़ी है जो पूरे दिल से खेलता है। लेकिन इस मैच में जीतने पर भी हमें सिर्फ दो अंक ही मिलने वाले थे। ऐसे में हमें खिलाड़ी की स्थिति और भविष्य को ध्यान में रखना था। वह भारतीय क्रिकेट की बहुमूल्य संपत्ति हैं, इसलिए समझदारी से फैसला लेना जरूरी था।'

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article