शहर

Jamshedpur: मरीन ड्राइव पर भीषण हादसा, खड़े ट्रक में घुसी तेज रफ्तार कार, मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी समेत 4 की मौत

Jamshedpur News: जमशेदपुर के मरीन ड्राइव पर गुरुवार तड़के करीब 3 बजे एक भीषण सड़क हादसे में कार सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में झारखंड सरकार की मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी इस्तिका सिंह भी शामिल हैं।

Image

हादसे में क्षतिग्रस्त कार

Jamshedpur News: झारखंड की लौहनगरी जमशेदपुर के मरीन ड्राइव रोड पर गुरुवार तड़के एक हृदयविदारक सड़क हादसा सामने आया है। सड़क किनारे पहले से खड़े एक ट्रक में पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार दो युवकों तथा दो युवतियों समेत कुल चार लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में झारखंड सरकार की मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी इस्तिका सिंह भी शामिल हैं।

तड़के 3 बजे हुआ हादसा

स्थानियों के अनुसार, यह दर्दनाक हादसा गुरुवार तड़के करीब 3:00 बजे मरीन ड्राइव मार्ग पर हुआ। एक सफेद रंग की तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी। टक्कर की रफ्तार इतनी तेज थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया और कार में सवार लोग अंदर ही फंस गए। हादसे की आवाज इतनी भीषण थी कि आसपास मौजूद लोग दहल गए और तुरंत राहत-बचाव के लिए घटनास्थल की ओर दौड़े।

मृतकों में दो युवक और दो युवतियां शामिल

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और राहत दल तुरंत मौके पर पहुंचे। कार से शवों को बाहर निकाला गया। शुरुआती जानकारी के अनुसार मृतकों की पहचान इस्तिका सिंह (झारखंड सरकार की मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की पुत्री), वंशिका खंडेलवाल, सार्थक अग्रवाल और नमन गुप्ता के रूप में हुई है। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है और मृतकों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।

पुलिस कर रही है मामले की जांच

हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। मरीन ड्राइव पर सड़क किनारे बिना इंडिकेटर या पार्किंग लाइट के खड़े ट्रक के खिलाफ जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि क्या गाड़ी की रफ्तार सीमा से अधिक थी या कोई अन्य तकनीकी वजह हादसे का कारण बनी।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article