Greater Noida News: यमुना एक्सप्रेसवे पर सोमवार को एक बेहद खौफनाक हादसा सामने आया, जब यात्रियों से भरी एक चलती स्लीपर बस में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के वक्त बस में करीब 40 से 50 यात्री सवार थे। आग लगते ही यात्रियों में चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई, जिसके बाद कई यात्रियों ने बस की खिड़कियों व दरवाजों से कूदकर अपनी जान बचाई। यह हादसा जेवर थाना क्षेत्र के अंतर्गत यमुना एक्सप्रेसवे पर जीरो प्वाइंट से करीब 32 किलोमीटर आगे हुआ।
"चारों तरफ घना धुआं, दम घुट रहा था... मुश्किल से बचे"
बस से सुरक्षित बाहर निकली एक यात्री ने समाचार एजेंसी ANI से बातचीत में बताया कि, मैं सो रही था, तभी अचानक किसी ने दरवाजा खटखटाया। जब मेरी आंख खुली, तो पूरी बस में भगदड़ मची हुई थी। चारों तरफ इतना घना धुआं फैला था कि कुछ भी दिखाई नहीं दे रहा था और लोगों का दम घुट रहा था। मैंने अपने जूते और सामान तक नहीं उठाए, बस फोन हाथ में लिया और बाहर की तरफ भागी। दरवाजे पर इतनी ज्यादा धक्का-मुक्की थी कि लोग एक-दूसरे को गिरा रहे थे। पीछे से किसी ने मुझे धक्का दिया और बाहर खींचा। जो लोग धक्का-मुक्की करके बाहर निकल पाए, वही बच सके। मेरे पीछे काफी लोग थे, जो धुएं और आग के कारण बाहर नहीं आ सके।
कूलिंग ऑपरेशन और तलाशी जारी
हादसे की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां और स्थानीय जेवर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद बस में लगी भीषण आग पर काबू पा लिया। कूलडाउन प्रक्रिया: फिलहाल दमकल विभाग की टीम बस को ठंडा करने का काम कर रही है।आशंका जताई जा रही है कि कुछ यात्री बस के अंदर ही फंस गए थे। पुलिस और दमकल अधिकारियों के अनुसार, कूलिंग प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही बस के अंदर गहन तलाशी ली जाएगी, जिसके बाद ही अंदर फंसे यात्रियों और हताहतों की स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।
