टेक एंड गैजेट्स

चाइनीज CCTV पर बैन क्यों लगा रही है सरकार? क्या आपका कैमरा भी बैन होगा?

कुछ रिपोर्ट्स के मुताबिक भारत सरकार चाइनीज CCTV कंपनियों को बैन करने की प्लानिंग कर रही है जिसका सबसे बड़ा असर Hikvision और Dahua पर पड़ेगा, लेकिन एक सवाल अभी भी है कि आखिर सरकार इन कंपनियों पर बैन क्यों लगा रही है। आइए समझते हैं...

Image

भारत में चाइनीज CCTV कैमरों पर बैन क्यों लगा रही है सरकार? जानिए असली कहानी

भारत सरकार 1 अप्रैल 2026 से चाइनीज कंपनियों के CCTV कैमरों पर सख्ती करने जा रही है, हालांकि सरकार ने आधिकारिक तौर पर अभी तक कुछ नहीं कहा है लेकिन रिपोर्ट के मुताबिक नए नियमों के तहत बिना सरकारी सर्टिफिकेशन वाले इंटरनेट से जुड़े CCTV कैमरों की बिक्री पर रोक लगाई जाएगी। इसका सीधा असर चीन की बड़ी कंपनियों जैसे Hikvision और Dahua पर पड़ेगा, जो अब भारतीय बाजार से बाहर हो सकती हैं।

राष्ट्रीय सुरक्षा सबसे बड़ी वजह

सरकार का यह फैसला मुख्य रूप से राष्ट्रीय सुरक्षा चिंताओं से जुड़ा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इंटरनेट से जुड़े CCTV कैमरे डेटा इकट्ठा करते हैं और आशंका है कि यह डेटा देश के बाहर सर्वर पर भेजा जा सकता है। इससे संवेदनशील जानकारी लीक होने का खतरा रहता है। इसी वजह से सरकार ऐसे उपकरणों पर कड़ी निगरानी और प्रतिबंध लगा रही है।

साइबर जासूसी और डेटा सुरक्षा का खतरा

सरकार को यह भी डर है कि इन कैमरों के जरिए साइबर जासूसी (Cyber Espionage) हो सकती है। पहले भी भारत ने कई चाइनीज ऐप्स को इसी कारण बैन किया था, क्योंकि वे यूजर्स का डेटा बिना अनुमति विदेश भेज रहे थे। अब CCTV जैसे उपकरण, जो लगातार निगरानी करते हैं, और भी ज्यादा संवेदनशील माने जा रहे हैं।

सर्टिफिकेशन नियमों से बाहर हो रही कंपनियां

सरकार ने CCTV उपकरणों के लिए STQC (Standardisation Testing and Quality Certification) जैसे सख्त नियम लागू किए हैं। जिन कंपनियों के प्रोडक्ट इन सुरक्षा मानकों पर खरे नहीं उतरते, उन्हें भारत में बेचने की अनुमति नहीं मिलेगी। कई चाइनीज कंपनियां इन नियमों का पालन नहीं कर पा रही हैं, जिससे उनका मार्केट एक्सेस खत्म हो रहा है।

विदेशी निर्भरता कम करने की कोशिश

यह कदम सिर्फ सुरक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि विदेशी टेक्नोलॉजी पर निर्भरता कम करने की रणनीति का हिस्सा भी है। सरकार चाहती है कि भारत में ही CCTV और सर्विलांस टेक्नोलॉजी का निर्माण बढ़े, जिससे घरेलू कंपनियों को बढ़ावा मिले और देश आत्मनिर्भर बने।

बाजार पर क्या पड़ेगा असर

इस फैसले के बाद भारतीय CCTV बाजार में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। पहले जहां चाइनीज कंपनियों का बड़ा हिस्सा था, अब घरेलू कंपनियां तेजी से आगे आ रही है, हालांकि शुरुआत में कीमतों में बढ़ोतरी और सप्लाई में कमी भी देखने को मिल सकती है।

सरकार का बड़ा संदेश

कुल मिलाकर, सरकार का यह कदम साफ संकेत देता है कि अब भारत डेटा सुरक्षा, साइबर सुरक्षा और आत्मनिर्भरता को प्राथमिकता दे रहा है। आने वाले समय में ऐसे और भी सख्त नियम देखने को मिल सकते हैं, जो देश की डिजिटल सुरक्षा को मजबूत करेंगे, लेकिन एक सवाल लोगों को बड़ा परेशान कर रहा है जिनलोगों ने चाइनीज कंपनियों के CCTV कैमरे लगवा लिए हैं, उनका क्या होगा?

Pradeep Pandey
प्रदीप पाण्डेयauthor

प्रदीप पाण्डेय टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट पर कंटेंट तैयार करते हैं। डिजिटल मीडिया में 10 वर्षों के अनुभव के साथ प्रदीप तकनीक की दुनिया को समझने और उसे आम पाठकों तक सरल व उपयोगी रूप में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। प्रदीप अब तक 11,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं। वह गैजेट रिव्यू, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, टेक टिप्स और नवीनतम टेक इनोवेशन पर लगातार काम करते हैं। एआई टूल्स पर एक्सपेरिमेंट करना, नए ऐप्स टेस्ट करना और टेक से जुड़े प्रैक्टिकल सॉल्यूशंस खोजने में उनकी खास रुचि है।

और पढ़ें
End of Article