Apple eyes Perplexity: टेक्नोलॉजी जगत में हलचल मचाने वाली एक बड़ी खबर सामने आ रही है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की दौड़ में पिछड़ रहे एप्पल ने अब इस क्षेत्र में दबदबा कायम करने के लिए एक बड़े कदम की ओर रुख किया है। कंपनी तेजी से उभरते AI स्टार्टअप Perplexity AI को खरीदने की योजना बना रही है। अगर यह डील होती है, तो यह एप्पल के इतिहास का सबसे बड़ा अधिग्रहण बन सकता है। चलिए जानते हैं कि क्या है परप्लेक्सिटी और क्यों एप्पल इस पर दांव लगा रहा है। साथ ही यह भी जाएंगे कि इससे सैमसंग को क्या नुकसान हो सकता है?
एप्पल की AI रणनीति में बड़ा बदलाव
एप्पल अब तक AI क्षेत्र में गूगल, माइक्रोसॉफ्ट और ओपनएआई जैसी कंपनियों से पीछे माना जाता रहा है। लेकिन अब कंपनी इस अंतर को पाटने के लिए तेजी से काम कर रही है। Bloomberg की रिपोर्ट के अनुसार, एप्पल ने तेजी से उभरते AI स्टार्टअप Perplexity AI को खरीदने की योजना बनाई है। अगर ऐसा होता है तो यह डील एप्पल के इतिहास की सबसे बड़ी अधिग्रहण डील हो सकती है।
क्या है Perplexity AI और क्यों है खास?
Perplexity AI एक रियल-टाइम कन्वर्सेशनल सर्च इंजन है, जो यूजर्स को तेज, सटीक और सोर्स-सहित जवाब देता है। इसकी खासियत है कि यह पारंपरिक सर्च इंजन की तुलना में अधिक संवादात्मक और यूजर्स सेंट्रिक अनुभव देता है। इसकी वैल्यूएशन फिलहाल करीब 14 बिलियन डॉलर आंकी गई है।
3. एप्पल और Perplexity के बीच क्या चल रहा है?
एप्पल के M&A हेड एड्रियन पेरिका और सर्विसेज चीफ एडी क्यू ने परप्लेक्सिटी के साथ कई आंतरिक बैठकें की हैं। हालांकि अभी तक कोई औपचारिक प्रस्ताव नहीं दिया गया है। परप्लेक्सिटी ने भी इस डील को लेकर कोई पुष्टि नहीं की है, लेकिन दोनों कंपनियों के बीच बातचीत की पुष्टि कई रिपोर्ट्स में की गई है।
एप्पल को क्या मिलेगा इस डील से?
अगर यह डील पूरी होती है, तो एप्पल को एक पावरफुल AI सर्च इंजन मिल सकता है जिसे वह Safari ब्राउजर और Siri में इंटीग्रेट कर सकता है। इससे एप्पल की गूगल पर निर्भरता कम होगी और वह अपने डिवाइसेज में AI फीचर्स को और बेहतर बना सकेगा।
Meta और अन्य कंपनियों की भी है नजर
परप्लेक्सिटी AI पर सिर्फ एप्पल ही नहीं, बल्कि Meta जैसी कंपनियों की भी नजर है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, Meta ने भी इस स्टार्टअप को खरीदने की कोशिश की थी। इससे यह साफ है कि Perplexity AI आने वाले समय में AI सर्च टेक्नोलॉजी का बड़ा खिलाड़ी बन सकता है।
सैमसंग की क्यों बढ़ी चिंता
सैमसंग अपने गैलेक्सी डिवाइसेज में Perplexity AI को एक स्मार्ट असिस्टेंट के रूप में लाने की तैयारी कर रहा है। अमेरिका में यूजर्स को पहले ही एक साल के लिए Perplexity Pro की फ्री मेंबरशिप दी जा रही है, जिसकी कीमत करीब $200 (करीब 17,320 रुपये) है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, सैमसंग इस AI स्टार्टअप में बड़ा निवेश करने के करीब है। लेकिन अगर Apple इस कंपनी को खरीद लेता है, तो सैमसंग की ये योजनाएं रुक सकती हैं, क्योंकि एप्पल शायद ही अपनी तकनीक को किसी प्रतिद्वंद्वी डिवाइस में इस्तेमाल होने देगा।
