टेक एंड गैजेट्स

ChatGPT से हर महीने 7.5 लाख कमाने का मौका, लॉन्च किया नया प्रोग्राम, करना होगा ये काम

ChatGPT वाली कंपनी OpenAI ने OpenWorks प्रोग्राम लॉन्च किया है जिसमें AI एक्सपर्ट्स को हर महीने 8,000 डॉलर यानी करीब 7.5 लाख रुपये तक मिल सकते हैं। जानिए क्या है काम, कौन कर सकता है आवेदन और क्या भारत में मिलेगा मौका।

Image

क्या है OpenAI का OpenWorks प्रोग्राम

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का इस्तेमाल तेजी से बढ़ रहा है। अब इसी AI की मदद से कमाई करने का भी नया मौका सामने आया है। ChatGPT बनाने वाली कंपनी OpenAI ने एक नया प्रोग्राम शुरू किया है, जिसके तहत लोगों को हर महीने 8,000 डॉलर यानी करीब 7.5 लाख रुपये तक दिए जा सकते हैं। इसके लिए उम्मीदवारों को छोटे कारोबारियों को AI इस्तेमाल करना सिखाना होगा। कंपनी ने इस प्रोग्राम का नाम OpenWorks रखा है। हालांकि, फिलहाल यह मौका सिर्फ अमेरिका में रहने वाले लोगों के लिए है।

OpenAI ने 23 नवंबर 2026 को इस पायलट प्रोग्राम की शुरुआत की है। इसका मकसद छोटे कारोबारियों को AI की ताकत से परिचित कराना और उनके रोजमर्रा के काम को आसान बनाना है। खास बात यह है कि इसके लिए कंपनी ऑनलाइन ट्रेनिंग के बजाय स्थानीय AI एक्सपर्ट्स को कारोबारियों के पास भेजेगी।

क्या है OpenAI का OpenWorks प्रोग्राम?

OpenWorks एक ऐसा प्रोग्राम है, जिसके तहत OpenAI स्थानीय AI एक्सपर्ट्स को अपने साथ जोड़ रही है। इन लोगों को OpenWorks Partners कहा जाएगा। ये पार्टनर छोटे दुकानदारों, रेस्टोरेंट मालिकों, सर्विस प्रोवाइडर्स और मैन्युफैक्चरिंग बिजनेस से जुड़े लोगों को AI का इस्तेमाल करना सिखाएंगे।

इसके लिए किसी बड़ी कंपनी में नौकरी करना जरूरी नहीं है। तकनीकी जानकारी रखने वाले व्यक्तिगत एक्सपर्ट, छोटी टीमें और पहले से AI या सॉफ्टवेयर कंसल्टेंसी चलाने वाले लोग भी आवेदन कर सकते हैं। वे अपने मौजूदा क्लाइंट्स के साथ काम जारी रखते हुए इस प्रोग्राम का हिस्सा बन सकते हैं।

हर महीने मिलेंगे 7.5 लाख रुपये, करना होगा ये काम

OpenAI के मुताबिक, चुने गए OpenWorks Partners को हर महीने अधिकतम 8,000 डॉलर यानी करीब 7.5 लाख रुपये का स्टाइपेंड मिल सकता है। हालांकि, यह रकम अधिकतम सीमा है, हर पार्टनर को इतनी ही राशि मिलेगी, इसकी गारंटी नहीं है।

इसके बदले पार्टनर्स को हर महीने कुछ जिम्मेदारियां निभानी होंगी।

  • हर महीने कम से कम चार पूरे दिन स्थानीय छोटे कारोबारियों के साथ आमने-सामने काम करना होगा।
  • कारोबारियों को उनके बिजनेस में AI का व्यावहारिक इस्तेमाल सिखाना होगा।
  • हर महीने एक कम्युनिटी वर्कशॉप आयोजित करनी होगी।
  • दुकानदारों और कर्मचारियों को ऐसे AI टूल्स इस्तेमाल करना सिखाना होगा, जिन्हें वे आगे खुद भी चला सकें।
  • इसके लिए OpenAI पार्टनर्स को वर्कशॉप से जुड़े टूल्स, जरूरी संसाधन और दूसरे एक्सपर्ट्स के नेटवर्क तक पहुंच भी देगी।

छोटे कारोबारियों को क्या फायदा होगा?

इस प्रोग्राम का दूसरा बड़ा फायदा छोटे कारोबारियों को मिलेगा। उन्हें AI एक्सपर्ट्स से ट्रेनिंग लेने के लिए कोई फीस नहीं देनी होगी। यानी जिन छोटे दुकानदारों के पास महंगे AI कंसल्टेंट रखने का बजट नहीं है, वे भी इसका फायदा उठा सकेंगे।

एक्सपर्ट्स कारोबारियों को कई तरह के कामों में AI का इस्तेमाल करना सिखाएंगे। जैसे नए ग्राहक ढूंढना, विज्ञापन कैंपेन तैयार करना, मार्केटिंग को बेहतर बनाना और बिजनेस के लिए छोटे-छोटे डिजिटल टूल तैयार करना। इसके अलावा, हिस्सा लेने वाले कारोबारियों को तीन महीने के लिए ChatGPT Business का मुफ्त सब्सक्रिप्शन भी मिलेगा। यह OpenAI का पेड प्लान है, जिसे कंपनियां और बिजनेस टीम इस्तेमाल कर सकती हैं।

अमेरिका के 20 शहरों में शुरू हुआ प्रोग्राम

फिलहाल OpenWorks की शुरुआत अमेरिका के 20 समुदायों में की गई है। इनमें न्यूयॉर्क, लॉस एंजिल्स, शिकागो और अटलांटा जैसे बड़े शहर शामिल हैं। कंपनी का इरादा आगे चलकर इस प्रोग्राम को पूरे अमेरिका में फैलाने का है।

हालांकि, हर तरह के बिजनेस को इसमें शामिल होने की अनुमति नहीं है। फिलहाल यह प्रोग्राम पारंपरिक और स्वतंत्र रूप से चलाए जा रहे अमेरिकी छोटे कारोबारों के लिए है। इसमें रेस्टोरेंट, रिटेल दुकानें, सर्विस कंपनियां और मैन्युफैक्चरिंग बिजनेस शामिल हैं। वहीं, सॉफ्टवेयर कंपनियां, SaaS स्टार्टअप, वेंचर कैपिटल से फंडिंग पाने वाली कंपनियां और प्राइवेट इक्विटी के स्वामित्व वाले कारोबार इसके लिए पात्र नहीं हैं।

AI से कारोबारियों को पहले ही मिला फायदा

OpenAI ने इस प्रोग्राम से जुड़े कुछ शुरुआती उदाहरण भी साझा किए हैं। नॉर्थ डकोटा के Fargo में Tiny Things नाम की गिफ्ट शॉप चलाने वाले Jackie और Jordan Maahs ने OpenWorks पार्टनर Jake Ottiger की मदद से ChatGPT के जरिए एक कस्टम इन्वेंट्री डैशबोर्ड तैयार किया। यह डैशबोर्ड उनकी दुकान के 1,000 से ज्यादा प्रोडक्ट्स को ट्रैक करता है। कंपनी के मुताबिक, इससे उन्हें करीब 50,000 डॉलर यानी लगभग 46.5 लाख रुपये की डेवलपमेंट लागत बचाने में मदद मिली।

इसी तरह साउथ कैरोलिना के Charleston में Ghost Grow 843 नाम का माइक्रोग्रीन्स बिजनेस चलाने वाले Garret Fleming ने AI की मदद से स्थानीय रेस्टोरेंट खोजने और उन्हें ईमेल भेजने का काम आसान बनाया। उनके मुताबिक, ग्राहकों से जवाब मिलने की दर 20 फीसदी से बढ़कर 75 फीसदी हो गई। इससे उन्हें चार महीने में 10 नए रेस्टोरेंट क्लाइंट मिले।

क्या भारत में भी मिल सकेगा यह मौका?

फिलहाल भारतीयों के लिए इस प्रोग्राम में शामिल होने का कोई मौका घोषित नहीं किया गया है। OpenAI ने OpenWorks को अमेरिका में पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर शुरू किया है। कंपनी ने अभी भारत में इसकी शुरुआत को ले

Pradeep Pandey
प्रदीप पाण्डेयauthor

प्रदीप पाण्डेय टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट पर कंटेंट तैयार करते हैं। डिजिटल मीडिया में 10 वर्षों के अनुभव के साथ प्रदीप तकनीक की दुनिया को समझने और उसे आम पाठकों तक सरल व उपयोगी रूप में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। प्रदीप अब तक 11,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं। वह गैजेट रिव्यू, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, टेक टिप्स और नवीनतम टेक इनोवेशन पर लगातार काम करते हैं। एआई टूल्स पर एक्सपेरिमेंट करना, नए ऐप्स टेस्ट करना और टेक से जुड़े प्रैक्टिकल सॉल्यूशंस खोजने में उनकी खास रुचि है।

और पढ़ें
End of Article