टेक एंड गैजेट्स

जेन्सेन हुआंग ही नहीं, स्टीव जॉब्स से लेकर जैक डॉर्सी तक की हुई कंपनी में वापसी, ये हैं 9 बड़े नाम

Nvidia के जेन्सेन हुआंग 11 दिन बाद CEO पद पर लौट आए, हालांकि कंपनी में वापसी करने वाले ये पहले सीईओ नहीं हैं। इससे पहले सैम ऑल्टमैन, स्टीव जॉब्स और बॉब आइगर समेत 9 CEO भी वापसी कर चुके हैं। आइए जानते हैं इनके बारे में..

Image

जेन्सेन हुआंग से स्टीव जॉब्स तक, इन 9 CEOs ने की अपनी ही कंपनी में वापसी

किसी कंपनी का CEO पद छोड़ना आम बात है, लेकिन उसी कंपनी में कुछ समय बाद दोबारा वापसी करना बेहद खास होता है। कई बार नए नेतृत्व से उम्मीद के मुताबिक नतीजे नहीं मिलते, तो कभी कंपनी किसी बड़े संकट में फंस जाती है। ऐसे में बोर्ड को अपने पुराने और अनुभवी CEO की याद आती है। हाल ही में Nvidia के को-फाउंडर जेन्सेन हुआंग की वापसी ने एक बार फिर इस चर्चा को तेज कर दिया है।

हुआंग ने CEO पद से इस्तीफा देने के महज 11 दिन बाद दोबारा कंपनी की कमान संभाल ली। हालांकि, कॉरपोरेट इतिहास में यह पहला मौका नहीं है। इससे पहले स्टीव जॉब्स, बॉब आइगर और सैम ऑल्टमैन जैसे दिग्गज भी अपनी पुरानी कंपनियों में वापसी कर चुके हैं।

जेन्सेन हुआंग: 11 दिन में Nvidia में वापसी

Nvidia के को-फाउंडर जेन्सेन हुआंग की वापसी इस सूची में सबसे ताजा और असामान्य उदाहरण है। उन्होंने 1993 में कंपनी की स्थापना की थी और लंबे समय तक इसकी कमान संभाली। 12 नवंबर 2026 को उन्होंने कंपनी के प्रेसिडेंट, CEO और बोर्ड डायरेक्टर के पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद CFO कोलेट क्रेस को अंतरिम CEO बनाया गया।

हुआंग के इस्तीफे के पीछे उनके निजी आचरण से जुड़ी चर्चाओं और चीन से कथित संबंध रखने वाली एक कारोबारी महिला के जरिए विदेशी खुफिया अभियान की आशंकाओं से जुड़ी रिपोर्ट सामने आई थीं। 23 नवंबर को Nvidia के बोर्ड ने सर्वसम्मति से उन्हें दोबारा CEO, प्रेसिडेंट और बोर्ड डायरेक्टर नियुक्त कर दिया।

कंपनी के मुताबिक, मामले की स्वतंत्र जांच जारी रहेगी। इसके अलावा राष्ट्रीय सुरक्षा और एक्सपोर्ट कंट्रोल से जुड़े जोखिमों की निगरानी के लिए बोर्ड कमेटी बनाई गई है। कंपनी चीफ कंप्लायंस ऑफिसर भी नियुक्त करने की योजना बना रही है।

सैम ऑल्टमैन: OpenAI

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की दुनिया में सैम ऑल्टमैन की वापसी भी काफी चर्चित रही। 17 नवंबर 2023 को OpenAI के बोर्ड ने उन्हें CEO पद से हटा दिया था। बोर्ड का कहना था कि ऑल्टमैन बातचीत के दौरान डायरेक्टर्स के साथ लगातार पारदर्शी नहीं रहे।

इस फैसले के बाद कंपनी में बड़ा विवाद खड़ा हो गया। OpenAI के को-फाउंडर ग्रेग ब्रॉकमैन ने भी बोर्ड छोड़ दिया और कई कर्मचारियों ने इस्तीफा देने की धमकी दी। इस बीच Microsoft ने ऑल्टमैन और ब्रॉकमैन को अपनी नई AI रिसर्च टीम का नेतृत्व करने का ऑफर दिया।

कर्मचारियों के दबाव और बोर्ड के साथ बातचीत के बाद ऑल्टमैन की वापसी का रास्ता साफ हुआ। 29 नवंबर 2023 को OpenAI ने आधिकारिक तौर पर उन्हें फिर से CEO बनाने का ऐलान किया। इसके साथ ही कंपनी के बोर्ड में भी बदलाव किया गया।

स्टीव जॉब्स: Apple

कॉरपोरेट इतिहास में CEO की वापसी की बात हो और स्टीव जॉब्स का नाम न आए, ऐसा मुश्किल है। Apple के को-फाउंडर जॉब्स को 1985 में कंपनी छोड़नी पड़ी थी। तत्कालीन CEO जॉन स्कली और बोर्ड के साथ मतभेदों के बाद उन्होंने Apple से दूरी बना ली।

इसके बाद जॉब्स ने NeXT नाम की कंप्यूटर कंपनी शुरू की। 1996 में Apple ने NeXT का अधिग्रहण कर लिया, जिसके साथ जॉब्स की कंपनी में वापसी हुई। 1997 में वह अंतरिम CEO बने और 2000 में स्थायी तौर पर CEO की जिम्मेदारी संभाली। उनके नेतृत्व में Apple ने iMac, iPod, iPhone और iPad जैसे प्रोडक्ट पेश किए, जिन्होंने कंपनी की पहचान बदल दी। जॉब्स की वापसी को किसी कंपनी के दोबारा खड़े होने की सबसे बड़ी कहानियों में गिना जाता है।

बॉब आइगर: Disney

Disney के पूर्व CEO बॉब आइगर भी दोबारा कंपनी की कमान संभाल चुके हैं। उन्होंने करीब 15 साल तक कंपनी का नेतृत्व करने के बाद फरवरी 2020 में CEO पद छोड़ दिया था। उनकी जगह बॉब चैपेक को जिम्मेदारी दी गई। आइगर कुछ समय तक एग्जीक्यूटिव चेयरमैन रहे, लेकिन दिसंबर 2021 के बाद वह कंपनी के रोजमर्रा के कामकाज से अलग हो गए।

चैपेक के कार्यकाल में Disney को स्ट्रीमिंग कारोबार में घाटे और मुनाफे से जुड़ी चुनौतियों का सामना करना पड़ा। ऐसे में 20 नवंबर 2022 को कंपनी के बोर्ड ने आइगर को तत्काल प्रभाव से दोबारा CEO नियुक्त कर दिया। कंपनी का मानना था कि बदलते मनोरंजन उद्योग में आइगर उसे बेहतर दिशा दे सकते हैं। उनकी वापसी शुरुआत में दो साल के लिए तय हुई थी, लेकिन बाद में उन्होंने 2026 के अंत तक पद पर बने रहने की सहमति दी।

हॉवर्ड शुल्ट्ज: Starbucks

Starbucks के पूर्व CEO हॉवर्ड शुल्ट्ज उन चुनिंदा कारोबारियों में हैं, जिन्होंने एक ही कंपनी में एक से ज्यादा बार वापसी की। उन्होंने साल 2000 में CEO पद छोड़ दिया था, लेकिन कंपनी से जुड़े रहे। जनवरी 2008 में Starbucks ने उन्हें फिर CEO की जिम्मेदारी सौंपी। उस समय कंपनी अपने ग्राहकों के अनुभव को बेहतर बनाने और कारोबार को नई दिशा देने की कोशिश कर रही थी।

शुल्ट्ज अप्रैल 2017 तक इस पद पर रहे। इसके बाद केविन जॉनसन ने कमान संभाली। मार्च 2022 में जॉनसन के रिटायर होने के बाद शुल्ट्ज एक बार फिर अंतरिम CEO बने। अप्रैल 2022 में उन्होंने जिम्मेदारी संभाली और मार्च 2023 तक इस पद पर रहे। इसके बाद लक्ष्मण नरसिम्हन ने CEO का पद संभाला।

जैक डोर्सी: Twitter

Twitter के को-फाउंडर जैक डोर्सी भी CEO पद से हटने के बाद वापस लौटे थे। उन्होंने 2006 में कंपनी की स्थापना में अहम भूमिका निभाई और इसके पहले CEO बने। हालांकि, अक्टूबर 2008 में उन्हें पद से हटाकर सह-संस्थापक इवान विलियम्स को जिम्मेदारी दे दी गई। डोर्सी कंपनी के चेयरमैन बने रहे।

जुलाई 2015 में डिक कोस्टोलो के पद छोड़ने के बाद डोर्सी अंतरिम CEO के तौर पर वापस आए। सितंबर 2015 में उन्हें स्थायी CEO बना दिया गया। उनके दूसरे कार्यकाल में कंपनी ने विज्ञापन और सब्सक्रिप्शन कारोबार बढ़ाने के साथ कमाई के नए रास्तों पर काम किया। नवंबर 2021 में उन्होंने फिर पद छोड़ दिया और पराग अग्रवाल ने जिम्मेदारी संभाली।

लैरी पेज: Google

Google के को-फाउंडर लैरी पेज ने भी CEO पद छोड़ने के करीब एक दशक बाद वापसी की थी। उन्होंने 2001 में CEO की जिम्मेदारी एरिक श्मिट को सौंप दी थी और खुद प्रोडक्ट्स से जुड़े काम पर ध्यान देने लगे थे। अप्रैल 2011 में पेज दोबारा CEO बने। उस समय Google कंपनी के फैसले लेने की प्रक्रिया को तेज करना और अपने प्रोडक्ट्स पर ज्यादा फोकस करना चाहता था। 2015 में उन्होंने फिर CEO पद छोड़ दिया और सुंदर पिचाई ने कंपनी की कमान संभाली।

सर्जियो एर्मोटी: UBS

बैंकिंग सेक्टर में भी CEO की वापसी का बड़ा उदाहरण UBS के सर्जियो एर्मोटी हैं। उन्होंने 2011 से 2020 तक बैंक का नेतृत्व किया। इसके बाद राल्फ हैमर्स ने उनकी जगह ली, लेकिन 2023 में UBS ने Credit Suisse का अधिग्रहण करने की तैयारी शुरू की। यह बैंकिंग सेक्टर के लिए बड़ा और चुनौतीपूर्ण सौदा था। ऐसे समय में कंपनी ने अप्रैल 2023 में एर्मोटी को फिर CEO बना दिया। उन्हें दोनों बैंकों के एकीकरण और इस बड़े कारोबारी बदलाव को संभालने की जिम्मेदारी दी गई।

एजी लैफली: Procter & Gamble

Procter & Gamble (P&G) के पूर्व CEO एजी लैफली भी इस सूची में शामिल हैं। उन्होंने 2000 से 2009 तक कंपनी का नेतृत्व किया था। इसके बाद बॉब मैकडॉनल्ड को CEO बनाया गया, हालांकि कंपनी के कारोबार और प्रदर्शन को बेहतर बनाने की जरूरत महसूस होने पर मई 2013 में लैफली की वापसी हुई। उन्हें चेयरमैन, प्रेसिडेंट और CEO की जिम्मेदारी सौंपी गई। कंपनी को उम्मीद थी कि उनका अनुभव कारोबार को फिर से मजबूत करने में मदद करेगा।

आखिर कंपनियां पुराने CEO को वापस क्यों बुलाती हैं?

इन सभी उदाहरणों से पता चलता है कि किसी कंपनी में CEO की वापसी सिर्फ पुराने रिश्तों या भावनाओं के कारण नहीं होती। कई बार कंपनी को मुश्किल दौर से निकालने, कमजोर प्रदर्शन सुधारने, बड़े अधिग्रहण को संभालने या नए नेतृत्व की नाकामी के बाद अनुभवी व्यक्ति की जरूरत पड़ती है।

पुराने CEO को कंपनी की रणनीति, कर्मचारियों, कारोबार और बाजार की बेहतर समझ होती है। इसलिए संकट के समय बोर्ड उनके अनुभव पर भरोसा कर सकता है। हालांकि, हर वापसी सफल हो, यह जरूरी नहीं है। कंपनी के सामने असली चुनौती सिर्फ पुराने CEO को वापस लाना नहीं, बल्कि उनके नेतृत्व में भविष्य की मजबूत योजना तैयार करना भी होती है।

Pradeep Pandey
प्रदीप पाण्डेयauthor

प्रदीप पाण्डेय टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट पर कंटेंट तैयार करते हैं। डिजिटल मीडिया में 10 वर्षों के अनुभव के साथ प्रदीप तकनीक की दुनिया को समझने और उसे आम पाठकों तक सरल व उपयोगी रूप में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। प्रदीप अब तक 11,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं। वह गैजेट रिव्यू, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, टेक टिप्स और नवीनतम टेक इनोवेशन पर लगातार काम करते हैं। एआई टूल्स पर एक्सपेरिमेंट करना, नए ऐप्स टेस्ट करना और टेक से जुड़े प्रैक्टिकल सॉल्यूशंस खोजने में उनकी खास रुचि है।

और पढ़ें
End of Article