पिछले साल पाकिस्तान के खिलाफ हुए “ऑपरेशन सिंदूर” ने आधुनिक युद्ध की दिशा और सोच दोनों को नए सिरे से परिभाषित कर दिया है। इस ऑपरेशन में भारत की स्वदेशी रक्षा तकनीक और पाकिस्तान के पास मौजूद चीन निर्मित हथियारों के बीच अप्रत्यक्ष टकराव देखने को मिला। सरकारी दावों के मुताबिक यह मिशन मात्र 23 मिनट में पूरा कर लिया गया, जो भारतीय सशस्त्र बलों की तकनीकी क्षमता और समन्वय को दर्शाता है।
क्यों करना पड़ा ऑपरेशन सिंदूर?
दरअसल 22 अप्रैल 2025 को पहलगाम में आतंकी हमला हुआ था जिसमें 26 निहत्थे लोगों की हत्या कर दी गी थी। यह आतंकी हमला पाकिस्तान प्रायोजित था। इस हमले के बाद भारत ने 7 मई को एक संयुक्त सैन्य अभियान शुरू किया। इसमें थलसेना, वायुसेना और नौसेना ने मिलकर आतंकी ढांचे को निशाना बनाया। खास बात यह रही कि यह कार्रवाई नियंत्रण रेखा (LoC) या अंतरराष्ट्रीय सीमा पार किए बिना की गई, जिससे इसकी रणनीतिक सटीकता स्पष्ट होती है।
स्वदेशी तकनीक का शानदार प्रदर्शन
इस ऑपरेशन में भारत की स्वदेशी तकनीक ने निर्णायक भूमिका निभाई। निगरानी प्रणाली, मेड इन इंडिया ड्रोन टेक्नोलॉजी, ब्रह्मोस जैसे स्वदेशी गाइडेड मिसाइल और रियल-टाइम डेटा प्रोसेसिंग ने मिशन को बेहद सटीक और तेज बनाया। खासतौर पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित सिस्टम ने निर्णय लेने की प्रक्रिया को और मजबूत किया।
स्वदेशी तकनीक की प्रमुख खूबियां:
- स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार बेहतर अनुकूलन
- तेजी से अपग्रेड और मॉडिफिकेशन की क्षमता
- साइबर और इलेक्ट्रॉनिक वॉरफेयर में बढ़त
- नेटवर्क-सेंट्रिक ऑपरेशन की मजबूती
- चीनी हथियारों की चुनौती और सीमाएं

operation sindoor
दूसरी ओर, पाकिस्तान ने चीन निर्मित एयर डिफेंस सिस्टम, J-10 और JF-17 लड़ाकू विमान, मिसाइल और ड्रोन का इस्तेमाल किया, हालांकि ये तकनीकी रूप से उन्नत माने जाते हैं, लेकिन जटिल भौगोलिक और इलेक्ट्रॉनिक वॉरफेयर स्थितियों में इनकी प्रभावशीलता सीमित नजर आई। सरकार के अनुसार, भारतीय वायुसेना ने इन सिस्टम्स को जाम और बायपास कर दिया, जिससे मिशन में कोई बड़ी बाधा नहीं आई।
एयर डिफेंस सिस्टम: पहली सुरक्षा दीवार
7-8 मई की रात पाकिस्तान ने भारत के कई सैन्य ठिकानों को ड्रोन और मिसाइल से निशाना बनाने की कोशिश की। लेकिन भारत के एयर डिफेंस नेटवर्क ने इन सभी हमलों को नाकाम कर दिया। इस नेटवर्क में इंटीग्रेटेड काउंटर-UAS ग्रिड, रडार और कंट्रोल सेंटर, ग्राउंड और एयर-बेस्ड मिसाइल सिस्टम शामिल थे। स्वदेशी आकाश मिसाइल प्रणाली ने इस दौरान शानदार प्रदर्शन किया। यह एक शॉर्ट-रेंज सतह से हवा में मार करने वाली मिसाइल है, जो एक साथ कई लक्ष्यों को निशाना बना सकती है।
सटीक हमले और आक्रामक रणनीति
भारत ने जवाबी कार्रवाई में पाकिस्तान के नूर खान और रहीमयार खान एयरबेस को निशाना बनाया। इस दौरान “लोइटरिंग म्यूनिशन” यानी आत्मघाती ड्रोन का इस्तेमाल किया गया, जिसने दुश्मन के रडार और मिसाइल सिस्टम को नष्ट कर दिया।
ISRO की अहम भूमिका
इस ऑपरेशन में ISRO की भी बड़ी भूमिका रही। ISRO के चेयरमैन के अनुसार, कम से कम 10 सैटेलाइट 24 घंटे रणनीतिक निगरानी में लगे रहे, जिससे सीमा और तटीय क्षेत्रों की लगातार मॉनिटरिंग संभव हुई। ऑपरेशन के बाद मिले मलबे में चीनी PL-15 मिसाइल, तुर्की UAV और अन्य विदेशी हथियारों के हिस्से मिले। इसके बावजूद, भारत की स्वदेशी तकनीक ने इन सभी खतरों को सफलतापूर्वक निष्क्रिय किया।
बढ़ती आत्मनिर्भरता और रक्षा निर्यात
भारत का रक्षा क्षेत्र तेजी से आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहा है। सरकार के अनुसार FY 2024-25 में रक्षा निर्यात ₹23,600 करोड़ तक पहुंचा है। 2029 तक इसे ₹50,000 करोड़ करने का लक्ष्य है। 2047 तक भारत को दुनिया का सबसे बड़ा रक्षा निर्यातक बनाने की योजना भी है। ड्रोन इंडस्ट्री भी तेजी से बढ़ रही है और 2030 तक इसका बाजार 11 अरब डॉलर तक पहुंच सकता है।
भविष्य की युद्ध रणनीति बदल रही है
ऑपरेशन सिंदूर ने यह साफ कर दिया है कि आधुनिक युद्ध सिर्फ हथियारों की ताकत पर नहीं, बल्कि तकनीकी आत्मनिर्भरता, डेटा नियंत्रण और तेजी से नवाचार की क्षमता पर निर्भर करेगा। इस ऑपरेशन में भारत की स्वदेशी तकनीक ने जो प्रदर्शन किया, उसने “मेक इन इंडिया” और रक्षा आत्मनिर्भरता की नीति को मजबूती दी है। यह सिर्फ एक सैन्य सफलता नहीं, बल्कि भारत की तकनीकी ताकत का वैश्विक संदेश भी है।
