ब्युनेसआयर्स: दुनिया के सबसे महान फुटबॉल खिलाड़ियों में शुमार अर्जेंटीना के लियोनल मेसी के पिता जॉर्ज मेसी का निधन हो गया है। अर्जेंटीना के कई मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक मेसी के पिता कुछ समय से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे थे और उनका निधन हो गया है। वो 68 वर्ष के थे। लियोनल मेसी या उनके परिवार ने हालांकि इस खबर की अबतक पुष्टि नहीं की है।
मेसी के मैनजर, एजेंट की अदा की भूमिका
जॉर्ज मेसी का जन्म अर्जेंटीना के रोसारियो शहर में एक मध्यमवर्गीय परिवार में हुआ था। वहां एक स्टील फैक्ट्री में मैनेजर (सुपरवाइजर) के रूप में काम करते थे। मेसी के पूरे करियर में उन्होंने आधिकारिक फुटबॉल एजेंट, मुख्य सलाहकार और बिजनेस मैनेजर की भूमिका अदा की। बार्सिलोना से लेकर पेरिस सेंट-जर्मेन (PSG) और इंटर मियामी (Inter Miami) क्लबों के साथ मेसी के सभी बड़े कॉन्ट्रैक्ट और वित्तीय समझौतों को जॉर्ज ही संभालते थे।
विश्व कप के दौरान पिता की तबीयत को लेकर मेसी हो गए थे भावुक
जून में फीफा वर्ल्ड कप के दौरान अल्जीरिया के खिलाफ अर्जेंटीना के लिए गोल करने के बाद लियोनेल मेसी भावुक हो गए थे। उन्होंने मैच के बाद इस बारे में जवाब देते हुए कहा, मैं क्यों रो रहा था? इसका फुटबॉल से कोई लेना-देना नहीं था। मेरे कुछ दिन मुश्किल भरे रहे हैं।' उनकी इन बातों से कई तरह की अटकलें लगाई जाने लगीं। कई मीडिया रिपोर्ट्स में कहा गया कि यह उनके पिता की सेहत से जुड़ा मामला था। इसके बाद मेसी परिवार ने उस समय एक बयान जारी किया। बयान की शुरुआत में कहा गया, 'मेसी परिवार आपको बताना चाहता है कि जॉर्ज मेसी अभी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे हैं। वे अभी डॉक्टरों की देखरेख में हैं और उनकी हालत में सुधार हो रहा है।'
विश्व कप फाइनल के बाद पिता से मिलने आए अर्जेंटीना
विश्व कप के बाद जुलाई के आखिर में लियोनेल मेसी मेजर लीग सॉकर (MLS) ऑल-स्टार गेम में भी शामिल नहीं हुए। उन्हें अपने पिता से मिलने जाना था। कुछ दिनों बाद वे MLS के एक मैच में खेलने के लिए वापस लौटे और विश्व कप के बाद पहला गोल करने में सफल रहे।
