Whatsapp New Feature: अपने यूजर्स के अनुभव को बेहतर बनाने के मकसद से व्हाट्सऐप लगातार कई नए अपडेट्स और फीचर्स लेकर आता रहता है। अब हाल ही में व्हाट्सऐप एक नया फीचर लेकर आया है जो कामकाजी और व्यस्त रहने वाले लोगों के लिए काफी काम का हो सकता है। कई बार ऐसा होता है कि हम मीटिंग में या किसी जरूरी काम के बीच में होते हैं और अचानक किसी जानने वाले का वॉयस मैसेज आ जाता है। ऐसे में हम वॉयस मैसेज को सुन नहीं सकते हैं। इसीलिए व्हाट्सऐप अब नया ‘वॉयस मैसेज ट्रांसक्रिप्शन’ फीचर लेकर आया है। आइये जानते हैं ये फीचर क्या है और आप इसका इस्तेमाल कैसे कर सकते हैं?
क्या है वॉयस मैसेज ट्रांसक्रिप्शन फीचर
जब भी किसी वॉयस या वीडियो की आवाज को लिखित रूप में ट्रांसफॉर्म किया जाता है तो इसे ही ट्रांसक्रिप्शन कहा जाता है। व्हाट्सऐप पर मौजूद वॉयस मैसेज ट्रांसक्रिप्शन फीचर, आपके मोबाइल पर विभिन्न भाषाओं में काम करता है। व्हाट्सऐप का वॉयस मैसेज ट्रांसक्रिप्शन फीचर, ऐप पर आये मैसेज को लिखित मैसेज के रूप में आपके सामने पेश कर देता है। इस तरह अगर आप वॉयस मैसेज सुन नहीं पा रहे हैं तो भी आप बेहद आसानी से उसे पढ़कर मैसेज में मौजूद जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। आइये जानते हैं कि यह फीचर कैसे काम करता है।
ऐसे करेगा काम
व्हाट्सऐप वॉयस मैसेज ट्रांसक्रिप्शन फीचर को तीन प्रकार से ऑफर करेगा। इसमें से पहला पूरी तरह ऑटोमैटिक होगा यानी आपके व्हाट्सऐप पर आया वॉयस मैसेज अपने आप ही टेक्स्ट में बदल जाएगा। दूसरा तरीका मैन्युअल होगा यानी आप जब चाहें वॉयस मैसेज को टेक्स्ट में बदलने का विकल्प चुन सकते हैं और तीसरा तरीका नॉर्मल होगा जिसमें वॉयस मैसेज टेक्स्ट में नहीं बदलेगा। वॉयस मैसेज ट्रांसक्रिप्शन मैसेज के फीचर का इस्तेमाल करने के लिए आपको नीचे बताये जा रहे स्टेप्स का इस्तेमाल करना होगा।
स्टेप 1: सबसे पहले अपने फोन पर व्हाट्सऐप खोलकर उसमें मौजूद सेटिंग के विकल्प में जाएं।
स्टेप 2: अब चैट्स (Chats) के ऑप्शन पर क्लिक करें जिसके बाद आपके सामने कई ऑप्शंस आयेंगे।
स्टेप 3: फॉन्ट साइज के नीचे आपको वॉयस मैसेज ट्रांसक्रिप्ट्स का ऑप्शन दिखेगा इसे क्लिक करके ऑन कर लें।
स्टेप 4: अब आपसे मैसेज के टेक्स्ट की भाषा के बारे में पूछा जाएगा। यहां से अपनी इच्छा की भाषा का चयन कर लें। अब आप अपने वॉयस मैसेज को टेक्स्ट के रूप में पढ़ सकते हैं।
