टेक एंड गैजेट्स

SMS के पीछे लिखे ' P, S, T, G' का क्या है मतलब? हर एक अक्षर देता है बड़ा संकेत

फोन में आने वाले SMS के पीछे 4 अक्षर लिखे होते हैं। बता दें कि मैसेज के पीछे लिखे हर एक लेटर का बहुत बड़ा मतलब होता है। आपकी एक गलती बड़ा नुकसान करा सकती है। आइए आपको इनका मतलब बताते हैं।

Image

मैसेज के पीछे लिखे हर एक अक्षर का बहुत बड़ा मतलब होता है।

मोबाइल फोन्स हमारी बेसिक जरूरत बन चुके हैं। डेली रूटीन के कई सारे काम अब फोन पर ही निर्भर हो चुके हैं। मोबाइल ही एक ऐसा गजट है जो अब हमारे साथ दिन-रात रहता है। हर दिन फोन में न जाने कितने ही मैसेज आते हैं। लेकिन क्या आपने कभी इस बात पर गौर किया है कि मैसेज के पीछे 'P', 'S', 'T' या 'G' के तौर पर कुछ लेटर लिखे होते हैं। बहुत से लोग इन्हें सिर्फ एक अक्षर समझकर नजरअंदाज कर देते हैं लेकिन ऐसा नहीं है। मैसेज के पीछे लिखे ये अक्षर बहुत बड़ा संकेत देते हैं।

अगर आपको नहीं मालूम है तो बता दें कि मैसेज के पीछे लिके ये अक्षर आपके मोबाइल की सुरक्षा और टेलीकॉम रेगुलेटरी अथॉरिटी ऑफ इंडिया (TRAI) के कड़े नियमों से जुड़े हैं। आइए जानते हैं कि आखिर इन चार अक्षरों का असली मतलब क्या है और ये आपके पास आने वाले मैसेजेस के बारे में क्या बताते हैं।

TRAI का 'हेडर' और 'प्रिफिक्स' नियम क्या है?

भारत में स्पैम कॉल्स और फर्जी मैसेजेस (Fradulent SMS) पर लगाम लगाने के लिए TRAI ने DLT (Distributed Ledger Technology) प्लेटफॉर्म को अनिवार्य किया है। इस नियम के तहत, किसी भी कंपनी या सरकारी संस्था को जनता को मैसेज भेजने से पहले खुद को रजिस्टर कराना होता है।

मैसेज भेजने वाली कंपनियों को एक 'Header' (सेंडर आईडी) दी जाती है। इसी हेडर के साथ 'P', 'S', 'T', या 'G' जैसे कोड जोड़े जाते हैं, जिन्हें प्रिफिक्स (Prefix) या सफिक्स (Suffix) कहा जाता है। ये कोड मैसेज की कैटेगरी और उसे भेजने वाले के वेरिफिकेशन स्टेटस को दर्शाते हैं।

'P, S, T, G' का पूरा मतलब

'P' का मतलब : मैसेज के अंत में अगर P लिखा हुआ है तो इसका मतलब है कि वह मैसेज कोई Promotional मैसेज है। इसका सीधा मतलब है कि वह एक विज्ञापन या मार्केटिंग मैसेज है। इसमें किसी प्रोडक्ट की सेल, डिस्काउंट ऑफर्स या नए लॉन्च की जानकारी हो सकती है। TRAI के नियमों के मुताबिक, 'P' कैटेगरी वाले मैसेजेस केवल सुबह 9 बजे से रात 9 बजे के बीच ही भेजे जा सकते हैं।

'S' का मतलब : अगर फोन में आए मैसेज के अंत में 'S' लिखा हुआ है तो इसका मतलब है कि वह मैसेज किसी सर्विस से संबंधित है। इसमें आपके बैंक अकाउंट का बैलेंस अलर्ट, एटीएम से पैसे निकालने का मैसेज, ओटीपी (OTP), या किसी ट्रेन/फ्लाइट की टिकट बुकिंग का कन्फर्मेशन शामिल होता है।

'T' का मतलब : अगर मैसेज के अंत में 'T' लिखा हुआ है तो इसका मतलब है कि वह किसी तरह के Transactional जानकारी से संबंधित मैसेज है। इस तरह के मैसेज सामान्य तौर पर जब आप कोई ऑनलाइन पेमेंट या फिर बैंक से कोई पेमेंट कटती है तो उससे संबंधि मैसेज होते हैं। इसके अलावा, अगर आपने किसी कंपनी की सर्विस के लिए विशेष रूप से सहमति (Consent) दी है, तो वह 'Service Explicit' यानी 'T' के तहत आपको अपडेट भेज सकती है।

'G' का मतलब : फोन में आने वाले मैसेज के लास्ट में अगर 'G' लिखा हुआ है तो इसका मतलब है कि वह एक सरकारी मैसेज है। इसमें किसी तरह की सरकारी सूचना हो सकती है इसलिए इन्हें कभी भी इग्नोर नहीं करना चाहिए। केंद्र सरकार, राज्य सरकार या फिर किसी सरकारी एजेंसी की तरफ जब मैसेज भेजा जाता है तो उसमें G लिखा होता है।

Gaurav Tiwari
गौरव तिवारीauthor

गौरव तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट को कवर करते हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 9 वर्षों के अनुभव के साथ, गौरव तकनीकी दुनिया की तेजी से बदलती जानकारियो को सरल और समझने योग्य भाषा में पेश करने के लिए जाने जाते हैं। वह गैजेट रिव्यू, टेलिकॉम अपडेट्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर क्राइम, टिप्स एंड ट्रिक्स, ई-कॉमर्स और ऑटोमोबाइल सेक्टर की महत्वपूर्ण खबरों पर लगातार काम करते हैं। गौरव अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं। उनकी स्टोरीज न सिर्फ टेक-सेवी पाठकों के लिए उपयोगी होती हैं, बल्कि आम यूजर्स को भी नई तकनीक समझने और अपनाने में मदद करती हैं।

और पढ़ें
End of Article