रिलायंस जियो, एयरटेल और वीआई देश की तीन बड़ी टेलीकॉम कंपनी हैं। तीनों ही कंपनियों के बीच में इस समय MNP विवाद जमकर सुर्खियों में बना हुआ है। Jio-Airte और Vi के बीच शुरू हुआ मोबाइल नंबर पोर्टेबिलिटी विवाद अब TRAI के पास जा पहुंचा है। जियो और एयरटेल की तरफ से VI की तरफ से दिए जाने वाले कुछ खास तरह के ऑफर्स को लेकर सवाल उठाए गए हैं। आइए आपको इस पूरे मामले के बारे में डिटेल जानकारी देते हैं।
दरअसल Jio और Airtel की तरफ से Vi पर आरोप लगाया गया है कि कंपनी मोबाइल यूजर्स को दूसरे नंबर से Vi पर पोर्ट कराने पर खास तरह के टैरिफ लाभ देने का वादा करके लोगों को आकर्षित करने की कोशिश कर रही है। अब TRAI की तरफ से इन शिकायतों की जांच की जाएगी।
टेलीकॉम रेगुलेटरी अथॉरिटी ऑफ इंडिया (TRAI) के चेयरमैन ए.के. लाहोटी ने सोमवार को कहा कि अलग-अलग टेलीकॉम कंपनियों की ओर से सामने रखी गई शिकायतों और चिंताओं की जांच की जाएगी।
उन्होंने कहा कि जब भी कोई टेलीकॉम कंपनी किसी मुद्दे को नियामक के सामने उठाती है, तो उस पर गंभीरता से विचार किया जाता है। हालांकि, उन्होंने यह साफ नहीं किया कि इस मामले को लेकर एयरटेल, जियो और वोडाफोन आइडिया के अधिकारियों को एक साथ बुलाकर अलग से बैठक की जाएगी या नहीं।
वोडाफोन आइडिया पर आरोप
यह मामला मोबाइल नंबर पोर्टेबिलिटी यानी MNP से जुड़े प्रमोशनल ऑफर्स को लेकर है। आरोप है कि वोडाफोन आइडिया (VI) ने ऐसे टैरिफ बेनिफिट्स का प्रचार किया, जो खास तौर पर दूसरे नेटवर्क से अपना मोबाइल नंबर पोर्ट कराकर VI में आने वाले नए ग्राहकों के लिए थे।
शिकायत करने वाली टेलीकॉम कंपनी ने TRAI के सामने अपनी चिंता जाहिर की है। कंपनी का कहना है कि दूसरे नेटवर्क से नंबर पोर्ट करके आने वाले ग्राहकों को अलग या अतिरिक्त टैरिफ फायदा देना सिर्फ सामान्य डिस्काउंट नहीं माना जा सकता। इससे ग्राहकों को अपना मौजूदा नेटवर्क छोड़कर दूसरे ऑपरेटर के पास जाने के लिए प्रोत्साहित करने का मामला बन सकता है।
कंपनी ने TRAI के पुराने रुख का भी हवाला दिया है। उसके मुताबिक, TRAI पहले भी केवल नंबर पोर्ट कराने के आधार पर दूसरे ऑपरेटर के ग्राहकों को खास फायदे देने पर आपत्ति जता चुका है।
वीआई ने कही ये बात
वोडाफोन आइडिया ने इन आरोपों को पूरी तरह स्वीकार नहीं किया है। कंपनी ने कहा है कि वह बाजार में निष्पक्ष तरीके से प्रतिस्पर्धा करने में विश्वास रखती है। उसका मुकाबला अपने प्रोडक्ट्स और ग्राहकों को मिलने वाले फायदे के आधार पर होता है। कंपनी ने यह भी स्पष्ट किया कि उसका कारोबार सभी जरूरी कानूनों और नियमों का पालन करते हुए किया जाता है।
VI से जुड़े सूत्र ने बताया कि जिन डिस्काउंट वाले प्लान को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं, वे सिर्फ नंबर पोर्ट कराकर आने वाले ग्राहकों के लिए नहीं हैं। कंपनी के मुताबिक, ये ऑफर सभी नए ग्राहकों के लिए उपलब्ध हैं। साथ ही, इन प्लान्स की जानकारी तय प्रक्रिया के तहत समय-समय पर TRAI के साथ साझा की जाती है।
मोबाइल नंबर पोर्टेबिलिटी क्या है?
मोबाइल नंबर पोर्टेबिलिटी (MNP) ऐसी सुविधा है, जिससे ग्राहक अपना मोबाइल नंबर बदले बिना दूसरी टेलीकॉम कंपनी का नेटवर्क इस्तेमाल कर सकता है। यानी नंबर वही रहता है, लेकिन मोबाइल ऑपरेटर बदल जाता है।
इसी वजह से नंबर पोर्ट कराने वाले ग्राहकों को दिए जाने वाले ऑफर्स टेलीकॉम कंपनियों के बीच मुकाबले में काफी महत्वपूर्ण होते हैं। अब मुख्य सवाल यह है कि VI की ओर से दिए जा रहे ऑफर सभी नए ग्राहकों के लिए सामान्य प्लान हैं या नंबर पोर्ट कराने वाले ग्राहकों को इनमें कोई खास अतिरिक्त फायदा मिल रहा है।
