टेक एंड गैजेट्स

भारत के प्रौद्योगिकी बदलाव के लिए भरोसेमंद और जिम्मेदार एआई का इस्तेमाल जरूरी: गूगल इंडिया प्रमुख

देश की विविधता का जिक्र करते हुए लोबाना ने कहा, ‘भारत की जटिलता दुनिया को यह दिखाएगी कि तकनीक कैसे बड़े पैमाने पर असर डाल सकती है और यहां तक कि सबसे मुश्किल प्रणालीगत मुद्दों को भी हल कर सकती है।’

Image

गूगल इंडिया प्रमुख ने कहा कि एआई एक बदलाव लाने वाली प्रौद्योगिकी है जो इंसानी काबिलियत को सामने लाएगी।

भारत के प्रौद्योगिकी बदलाव के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का जिम्मेदारी तथा भरोसे के साथ इस्तेमाल बहुत जरूरी है और इस काम में शामिल सभी हितधारकों का दायित्व है कि वे सुरक्षा और जवाबदेही सुनिश्चित करें। गूगल इंडिया की देश प्रबंधक प्रीति लोबाना (Preeti Lobana) ने बृहस्पतिवार को यह बात कही।

उन्होंने ‘विकसित भारत’ की ओर देश के कदम का जिक्र करते हुए कहा कि एआई इस सफर में एक जरूरी नींव का काम करेगा, और इसे बड़े पैमाने पर अपनाने के लिए भरोसा और सुरक्षा जरूरी हैं। लोबाना ने यहां गूगल के ‘सेफ एंड ट्रस्टेड एआई’ कार्यक्रम में कहा, ‘एआई को सच में अपनाने और रोजाना इस्तेमाल में लाने के लिए, हम सभी की यह बहुत बड़ी जिम्मेदारी है कि यह सुरक्षित और भरोसेमंद हो।’ उन्होंने कहा कि एआई एक बदलाव लाने वाली प्रौद्योगिकी है जो इंसानी काबिलियत को सामने लाएगी, और भारत पीछे न रहते हुए इस क्रांति की अगुवाई कर रहा है।

देश की विविधता का जिक्र करते हुए लोबाना ने कहा, ‘भारत की जटिलता दुनिया को यह दिखाएगी कि तकनीक कैसे बड़े पैमाने पर असर डाल सकती है और यहां तक कि सबसे मुश्किल प्रणालीगत मुद्दों को भी हल कर सकती है।’ उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि एआई एक बड़ी छलांग का वादा करता है, लेकिन तरक्की भरोसे और सहयोग की नींव पर होनी चाहिए।

Google CEO ने भी दी चेतावनी

आपको बता दें कि हाल ही में गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई की तरफ से एआई को लेकर बड़ी बात कही गई थी। उन्होंने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के इस्तेमाल से मिली हर जानकारी पर आंख मूंदकर भरोसा करने को लेकर लोगों को आगाह किया है। साथ ही पिचाई ने कंपनियों को भी चेतावनी दी कि एआई निवेश का बुलबुला फटने पर कोई भी इससे अछूता नहीं रहेगा।

उन्होंने यह भी कहा कि अगर आप रचनात्मक काम करना चाहते हैं, तो एआई उपकरण मददगार हो सकते हैं, लेकिन लोगों को इन उपकरणों का सही तरीके से उपयोग करना सीखना होगा और हर बात पर आंख मूंदकर भरोसा नहीं करना चाहिए।

(इनपुट-भाषा)

Gaurav Tiwari
गौरव तिवारीauthor

गौरव तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट को कवर करते हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 9 वर्षों के अनुभव के साथ, गौरव तकनीकी दुनिया की तेजी से बदलती जानकारियो को सरल और समझने योग्य भाषा में पेश करने के लिए जाने जाते हैं। वह गैजेट रिव्यू, टेलिकॉम अपडेट्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर क्राइम, टिप्स एंड ट्रिक्स, ई-कॉमर्स और ऑटोमोबाइल सेक्टर की महत्वपूर्ण खबरों पर लगातार काम करते हैं। गौरव अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं। उनकी स्टोरीज न सिर्फ टेक-सेवी पाठकों के लिए उपयोगी होती हैं, बल्कि आम यूजर्स को भी नई तकनीक समझने और अपनाने में मदद करती हैं।

और पढ़ें
End of Article