नई दिल्ली: टीम इंडिया के धाकड़ बल्लेबाज रोहित शर्मा वनडे क्रिकेट में भविष्य को लेकर चल रही अटकलों पर बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने शुक्रवार देर रात लगाम लगा दी है। सैकिया ने पीटीआई को दिए बयान में दू टूक कहा कि लॉर्ड्स में रविवार 19 जुलाई, 2026 को भारत और इंग्लैंड के बीच खेला जाने वाला सीरीज का तीसरी और निर्णायक मुकाबला रोहित शर्मा का आखिरी वनडे मैच नहीं होगा।
नहीं हुई है रोहित शर्मा के भविष्य को लेकर कोई चर्चा
बीसीसीआई सचिव ने कहा, मीडिया में रोहित शर्मा के भविष्य को लेकर कई तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं। मैं साफ तौर पर कहना चाहता हूँ कि ऐसी कोई चर्चा नहीं हुई है कि रोहित रविवार को लॉर्ड्स में अपना आखिरी मैच खेलेंगे। रोहित भारतीय वनडे टीम के रेगुलर सदस्य हैं और जब तक वे टीम की योजनाओं का हिस्सा रहेंगे, तब तक देश का प्रतिनिधित्व करते रहेंगे। दूसरे शब्दों में कहें तो, लॉर्ड्स वनडे उनका आखिरी मैच नहीं होगा।'
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: क्या है रोहित- गंभीर और अगरकर के बीच नहीं है सब कुछ ठीक, आपसी अविश्वास की एक अजीब कहानी
रोहित से आगे बढ़ने की आई थी खबर
गुरुवार को दूसरे वनडे में रोहित शर्मा के 26(47) रन बनाकर आउट होने के बाद खबर आई की लॉर्ड्स में खेला जाने वाला सीरीज का तीसरा वनडे मैच रोहित शर्मा के करियर का आखिरी वनडे मैच होगा। भारतीय टीम मैनेजमेंट, मुख्य चयनकर्ता अजीत आगरकर और हेड कोच गौतम गंभीर ने रोहित को बता दिया है कि वो साल 2027 के विश्व कप की योजना का हिस्सा नहीं हैं। संन्यास लेना या नहीं लेना ये उनका निर्णय है, बीसीसीआई ने उनसे आगे बढ़कर यशस्वी जायसवाल जैसे खिलाड़ी को मौका देने का फैसला किया है। इसके बाद सोशल मीडिया पर रोहित के संन्यास को लेकर चर्चा होने लगी।
